इंडिया गठबंधन की दिल्ली के रामलीला मैदान में रैली के जवाब में भाजपा ने दिल्ली और हरियाणा समेत देश के कई राज्यों में ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजिकता हटाओ’ मार्च किया। रोहतक में इस मार्च की अगुवाई भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने की। उनके साथ राष्ट्रीय लोकदल के मुखिया और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी, पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी समेत कई भाजपा के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि इस पदयात्रा में आपने जो एक-एक पग बढ़ाया है, वह देश के लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए बढ़ाया है। आज हम लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए, जनादेश के सम्मान के साथ पदयात्रा निकाल रहे हैं। लोग पूछते हैं कि दिल्ली से लेकर ज्यादातर राज्यों में आपकी सरकार है, तो लोकतंत्र बचाने की जरूरत क्यों पड़ी? जब ऐसा विपक्ष हो, जो जनादेश का अपमान करता हो, तब जनता के साथ सड़कों पर लोकतंत्र की आवाज बनकर उन्हें चुनौती देने का काम एनडीए का कार्यकर्ता करता है।

कांग्रेस पार्टी पर हमलावर होते हुए नितिन नवीन ने कहा कि 1 नवंबर 1984 में हमारे सिख भाइयों के साथ जो गंदा खेल खेला गया, जो कत्लेआम हुआ, कांग्रेस को उसका प्रायश्चित करना चाहिए था, माफी मांगनी चाहिए थी। लेकिन आज ये रैली करने निकले हैं। मैं पूछता हूं कि राहुल जी, जब सिख भाइयों का कत्लेआम हुआ था, तब आपके पिताजी ने कहा था कि जब बड़ा पेड़ गिरता है, तो धरती कांपती है। धरती के कांपने से हमारे कितने सिख भाइयों का जीवन समाप्त हो गया, उसका पछतावा आपको होना चाहिए था, माफी मांगनी चाहिए थी, लेकिन आप तो प्रदर्शन करने निकले हैं।

राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए नितिन नवीन ने कहा कि आज संविधान की प्रति लेकर घूमते हो, लेकिन संविधान को तार-तार भी इसी कांग्रेस पार्टी ने किया है। इंदिरा गांधी ने सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग करके गलत तरीके से चुनाव जीता, तब इलाहाबाद हाईकोर्ट ने इंदिरा गांधी के चुनाव को निरस्त करके उन्हें 6 साल के लिए चुनाव न लड़ने का आदेश दिया था। सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग करके चुनाव कौन जीता था? यह पूरी तरह से कांग्रेस की विरासत है, जो वोट चोरी भी करती है और जनता के मत का भी अपमान करती है।

नितिन नवीन ने कहा कि उनको (राहुल गांधी) देश की 140 करोड़ जनता पर विश्वास नहीं है, उन्हें 3 करोड़ घुसपैठियों पर विश्वास है। राहुल गांधी जी, आपकी मंशा क्या है? लोकतंत्र में सबसे बड़ा मत होता है, जनता का मत। और जनता ने जब-जब मत दिया है, आप हारे हैं।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि विदेशी ताकतों के इशारे पर, विदेशी ताकतों की टूलकिट बनकर काम कर रहे हैं राहुल गांधी। वे विदेशी ताकतों के इशारे पर देश के लोकतंत्र को चुनौती देना चाहते हैं। देश की 140 करोड़ जनता देख रही है, उसे मालूम है कि ये कौन लोग हैं। ये वही लोग हैं जिन्होंने विदेशों में अराजकता फैलाई। कांग्रेस के लोग कहते हैं कि रिजीम बदल देंगे। अरे, ये जनता के मत से बनी हुई सरकार है, इसका कोई बाल भी बांका नहीं कर सकता।

वहीं, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने 1984 के सिख विरोधी दंगों के पीड़ितों के परिवारों के समर्थन में हरि नगर बस डिपो से तिलक नगर मेट्रो स्टेशन तक मार्च में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की दुहाई देने वालों(कांग्रेस) से आज सिख समाज पूछ रहा है कि जो 1984 में हुआ था क्या वो लोकतंत्र की हत्या नहीं थी? आज देश में अराजकता फैलाने का काम वो कर रहे हैं। इस मार्च में जो हजारों सिख भाई-बहन शामिल हुए हैं वो कांग्रेस से जवाब मांग रहे हैं कि उन्हें न्याय कब मिलेगा।

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने शिमला में कहा, “SIR प्रक्रिया में घुसपैठियों का नाम जो काटा गया है इसलिए राहुल गांधी रो रहे हैं। घुसपैठियों को बचाने के लिए वो ड्रामा कर रहे हैं लेकिन देश की जनता घुसपैठियों को कभी मतदाता सूची में नहीं आने देगी और हम पूरी ताकत से चुनाव आयोग और देश की जनता के साथ खड़े हैं…”

केंद्रीय मंत्री जे.पी. नड्डा ने कहा कि आज रामलीला मैदान में जो कुछ हो रहा है, वह लोकतंत्र का सम्मान नहीं बल्कि प्रजातंत्र, लोकतंत्र के नाम पर अराजकता के हवाले करने की एक सोची समझी साजिश है। यह हारे हुए और जनता द्वारा बार-बार नकारे हुए लोगों का एक मूर्खतापूर्ण डिजाइन ड्रामा है। राहुल गांधी की राजनीति का मॉडल क्या है?

नड्डा ने कहा कि यह मैं आज देश की जनता को बताना चाहता हूं। इसका पहला चरण झूठ बोलना और अफवाह फैलाना, दूसरा चरण सड़कों पर अराजकता और उपद्रव मचाना, तीसरा चरण देश की अर्थव्यवस्था को चोट पहुंचाना और चौथा चरण विदेशी ताकतों के इशारे पर चुनी हुई सरकार को अस्थिर करने का प्रयास करना है। 1 नवंबर को राहुल गांधी के इस ड्रामे के चार मकसद- पहला सिख भाइयों के जख्मों पर नमक छिड़कना, दूसरा दिल्ली में दंगा और अराजकता फैलाकर साजिश करके जनता की चुनी हुई लोकतांत्रिक सरकार को हटाना तीसरा त्योहार के सीजन में दिल्ली के दुकानदारों और व्यापारियों की कमाई पर डाका डालना और चौथा देश को बदनाम करना है…भारत एक मजबूत लोकतंत्र है। यह आपकी दंगा आधारित राजनीति से नहीं बल्कि संविधान और जनता के जनादेश से चलेगा। आपकी यह रैली कांग्रेस के राजनीतिक पतन की ताबूत में आखिरी कील साबित होगी।

खुली बस पर सवार होकर रामलीला मैदान निकले राहुल गांधी, साथ में अखिलेश, ममता और तेजस्वी

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाद्रा, ममता बनर्जी, फारूक अब्दुल्ला, तेजस्वी यादव, अखिलेश यादव, सुप्रिया सुले, अभिषेक बनर्जी, केसी वेणुगोपाल सहित इंडिया ब्लॉक के नेता इंडिया ब्लॉक की मेगा रैली के लिए रामलीला मैदान की ओर बढ़ रहे हैं। पढ़ें पूरी खबर।