मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर मंगलवार को कांग्रेस समेत इंडिया ब्लॉक के सभी दलों के सांसदों के विरोध प्रदर्शन को बीजेपी ने ‘ड्रामा’ करार दिया है। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष को चुनाव आयोग और सुप्रीम कोर्ट के खिलाफ ‘रोज का यह ड्रामा’ बंद करना चाहिए और इसके बजाए काम के आधार पर जनता का जनता का विश्वास और जनादेश हासिल करने पर ध्यान देना चाहिए।

BJP ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि चुनावी हार का सामना करने के बाद कांग्रेस संवैधानिक संस्थाओं पर सवाल उठाकर देश में भ्रम और अराजकता का माहौल पैदा करने की कोशिश कर रही है।

‘लोकतंत्र में जनता की सेवा से मिलता है जनादेश’

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि राहुल गांधी और उनके सहयोगियों को चुनाव आयोग और सुप्रीम कोर्ट के खिलाफ रोजाना इस तरह के आरोप लगाने का सिलसिला बंद कर देना चाहिए। रिजिजू ने कहा कि लोकतंत्र में जनता की सेवा करने से उसका भरोसा और जनादेश हासिल किया जा सकता है। रिजिजू ने राहुल गांधी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और BJP कार्यकर्ताओं से सीख लेने की सलाह भी दी।

“एंटी-नेशनल ताकतों की बातें फैलाना बंद करे कांग्रेस”

किरेन रिजिजू ने कहा है, “लोकतंत्र में लोगों की सेवा करने से ही जनादेश मिलता है। उन्होंने कांग्रेस पर चुनाव आयोग और सरकार को ‘चोर’ कहने का आरोप लगाते हुए कहा कि इस तरह की भाषा से न तो लोकतंत्र को फायदा होगा और न ही कांग्रेस को जनादेश मिलेगा। केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस पर “एंटी-नेशनल ताकतों की बातें फैलाने” का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जिस पार्टी ने करीब 55 साल तक देश पर शासन किया और जिसमें इमरजेंसी के दो साल भी शामिल हैं, वह आज लोकतंत्र की दुहाई दे रही है।

‘चुनावी हार की “फ्रस्ट्रेशन” में बेबुनियाद आरोप लगा रहा विपक्ष’

किरेन रिजिजू के अलावा केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी विपक्ष के प्रदर्शन को चुनावी हार की “फ्रस्ट्रेशन” बताया और कहा कि विपक्ष के पास और कोई काम नहीं है बस बेबुनियाद आरोप लगाना आता है। उन्होंने विपक्ष से सवाल किया कि जिस चुनावी व्यवस्था पर आज सवाल उठाए जा रहे हैं, उसी व्यवस्था के तहत कांग्रेस और विपक्षी दलों ने कई राज्यों में चुनाव जीते हैं।

राहुल गांधी को ‘री-लॉन्च’ करने की कोशिश- संबित पात्रा

BJP प्रवक्ता संबित पात्रा ने पार्टी मुख्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी बार-बार राहुल गांधी को राजनीतिक रूप से “लॉन्च और री-लॉन्च” करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब इन कोशिशों से अपेक्षित राजनीतिक सफलता नहीं मिली तो कांग्रेस और उसके कुछ सहयोगी लोकतांत्रिक संस्थाओं को निशाना बनाने की राह पर चले गए।

EC ने कहा- मुलाकात के लिए किसी भी दल से नहीं मांगा समय

इन राजनीतिक बयानबाजियों के बीच चुनाव आयोग की ओर से मंगलवार शाम बयान जारी कर कहा गया कि शाम 4 बजे तक किसी भी राजनीतिक दल ने उनसे मुलाकात के लिए समय नहीं मांगा था। बाद में पुलिस की ओर से बताया गया कि विपक्षी सांसद पार्लियामेंट हाउस एनेक्सी में बैठक करना चाहते थे।

इसके बाद BJP प्रवक्ता और राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि विपक्ष का चुनाव आयोग को कुछ बताने का वास्तविक इरादा ही नहीं था। त्रिवेदी के मुताबिक, पहले मुलाकात के लिए समय नहीं मांगा गया और जब समय दिया गया तो विपक्षी नेता वहां नहीं गए। उन्होंने दावा किया कि जब आयोग की ओर से ज्ञापन लेने के लिए एक प्रतिनिधि भेजने की बात कही गई, तब भी विपक्ष इसके लिए तैयार नहीं हुआ।

यह भी पढ़ें: मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने टाल दिया छत्तीसगढ़ का दौरा, दिल्ली में विरोध प्रदर्शन के बीच हुआ फैसला

भारत निर्वाचन आयोग के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने छत्तीसगढ़ का अपना दो दिवसीय दौरा टाल दिया है। ये दौरा 7 और 8 अक्टूबर को होना था लेकिन दिल्ली में विपक्षी दलों के विरोध प्रदर्शन के बीच चुनाव आयोग ने दौरे को पूरी तरह से टाल दिया है। यहां पढ़ें पूरी खबर…