भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपनी नई टीम का ऐलान कर दिया है। पार्टी संगठन में हुए इस बड़े फेरबदल में कई नेताओं को नई जिम्मेदारियां दी गई हैं। इसी बदलाव के तहत बीजेपी ने लंबे समय से राष्ट्रीय आईटी और सोशल मीडिया विभाग की कमान संभाल रहे अमित मालवीय की जगह छत्तीसगढ़ के दीपक म्हस्के को यह जिम्मेदारी सौंपी है।
पद से हटाए जाने के बाद अमित मालवीय का सोशल मीडिया पर पहला रिएक्शन भी सामने आ गया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट के जरिए बीजेपी की नई टीम में नियुक्त किए गए सभी पदाधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने खास तौर पर अपने उत्तराधिकारी दीपक म्हस्के और चार नए सह-संयोजकों को शुभकामनाएं दीं।
अमित मालवीय ने नए पदाधिकारियों को दी बधाई
अमित मालवीय ने अपनी पोस्ट में लिखा कि बीजेपी के सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई। उन्होंने कहा कि ये नियुक्तियां ऐसे महत्वपूर्ण समय में हुई हैं, जब पार्टी देश के हर कोने तक अपने संदेश और संगठन को पहुंचाते हुए नई ऊंचाइयां हासिल करने की तैयारी कर रही है।
उन्होंने दीपक म्हस्के को विशेष रूप से बधाई देते हुए कहा कि वह बीजेपी के सोशल मीडिया विभाग के प्रमुख के तौर पर उनकी जगह जिम्मेदारी संभालेंगे। इसके साथ ही उन्होंने प्रीति गांधी, शिवानंद द्विवेदी, आलोक भट्ट और अरुण यादव को भी बधाई दी।
‘पिछले एक दशक से साथ काम करने का मौका मिला’
अमित मालवीय ने कहा कि उन्हें पिछले एक दशक के दौरान इन सभी नेताओं के साथ करीब से काम करने का अवसर मिला है। उन्होंने विश्वास जताया कि नई टीम के नेतृत्व में बीजेपी का डिजिटल कम्युनिकेशन नई उपलब्धियां हासिल करेगा और देश के सार्वजनिक विमर्श को मजबूती से प्रभावित करता रहेगा।
उन्होंने बीजेपी के सोशल मीडिया समर्थकों का भी आभार जताया। मालवीय ने कहा कि सोशल मीडिया पर पार्टी का विशाल समर्थन आधार प्रतिबद्धता, ऊर्जा और विचारों से भरा हुआ है। उन्होंने कहा कि पिछले 11 वर्षों के दौरान इस टीम का नेतृत्व करने के दौरान उन्हें कई लोगों से मिलने और बातचीत करने का अवसर मिला, जिसकी यादें हमेशा खास रहेंगी।
11 साल तक संभाली बीजेपी आईटी सेल की कमान
अमित मालवीय लंबे समय से बीजेपी के डिजिटल और सोशल मीडिया अभियान का अहम चेहरा रहे हैं। करीब 11 वर्षों तक उन्होंने पार्टी के आईटी और सोशल मीडिया विभाग की कमान संभाली। इस दौरान बीजेपी ने डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपनी मौजूदगी को काफी मजबूत किया।
मालवीय पश्चिम बंगाल में बीजेपी के सह-प्रभारी की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान पार्टी के डिजिटल अभियान और चुनावी रणनीति में उनकी भूमिका काफी चर्चा में रही थी।
कौन हैं दीपक म्हस्के?
अमित मालवीय की जगह अब छत्तीसगढ़ के दीपक म्हस्के को बीजेपी के राष्ट्रीय सोशल मीडिया विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें डिजिटल प्लानिंग और सोशल मीडिया रणनीति में माहिर माना जाता है। नितिन नवीन की नई टीम में उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिली है।
बीजेपी का यह फैसला ऐसे समय में आया है, जब राजनीतिक दलों के लिए सोशल मीडिया और डिजिटल कम्युनिकेशन चुनावी रणनीति का अहम हिस्सा बन चुका है। ऐसे में म्हस्के के सामने पार्टी के डिजिटल नेटवर्क को और विस्तार देने की बड़ी जिम्मेदारी होगी।
चार राज्यों से भी नए सोशल मीडिया समन्वयक
बीजेपी ने अपनी सोशल मीडिया टीम में चार नए सह-संयोजकों को भी शामिल किया है। महाराष्ट्र से प्रीति गांधी, दिल्ली से शिवानंद द्विवेदी, उत्तराखंड से आलोक भट्ट और हरियाणा से अरुण यादव को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।
नई टीम में अलग-अलग राज्यों से नेताओं को शामिल करने का मकसद पार्टी के डिजिटल नेटवर्क को और मजबूत करना माना जा रहा है। इससे राष्ट्रीय स्तर के डिजिटल अभियान को राज्यों और स्थानीय स्तर तक पहुंचाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
‘पार्टी और उत्तराधिकारियों को समर्थन देते रहें’
अमित मालवीय ने अपने पोस्ट के अंत में बीजेपी के सोशल मीडिया समर्थकों से पार्टी और नई टीम को इसी तरह समर्थन देते रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि भारत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बीजेपी के नेतृत्व में नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ने के लिए तैयार है और इस यात्रा में सोशल मीडिया समर्थकों का योगदान याद रखा जाएगा।
यह भी पढ़ें: BJP की नई टीम में कितनी महिलाएं? किसे मिला कौन सा पद
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की नई टीम का सोमवार को ऐलान कर दिया गया। नई टीम में कई पुराने और अनुभवी चेहरों की वापसी हुई है। साथ ही पार्टी ने संगठन में महिलाओं को भी कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी हैं। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।
