भारतीय जनता पार्टी ने गुरुवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी के उस दावे पर पलटवार किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि एक साल के भीतर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पद पर नहीं रहेंगे। भाजपा ने राहुल पर दुष्प्रचार फैलाने का आरोप लगाया। बीजेपी ने यह भी कहा कि देश में अब तक केवल एक बार आपातकाल लगाया गया था और वह पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी द्वारा लगाया गया था।
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने बुधवार को दावा किया था कि नरेंद्र मोदी एक साल के भीतर प्रधानमंत्री नहीं रहेंगे क्योंकि चीजों को नियंत्रित करने का उनका जो सिस्टम था, वह ध्वस्त हो रहा है।” उन्होंने यह आरोप भी लगाया था कि मोदी सरकार जनता के दबाव को कुचलने के लिए आपातकाल जैसा कदम उठा सकती है। भाजपा नेता अमित मालवीय ने उन पर भय फैलाने का आरोप लगाया। राहुल की आलोचना का जवाब देते हुए मालवीय ने कहा कि कांग्रेस नेता यह दावा करके भय फैलाने का काम कर रहे हैं कि केंद्र ने देश के आर्थिक सुरक्षा उपायों को खत्म कर दिया है।
‘राहुल ऐसे परिवार से आते हैं जिसका इतिहास आपातकाल से जुड़ा है’
इन टिप्पणियों पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा कि राहुल गांधी की टिप्पणियां कांग्रेस पार्टी के इतिहास और उसकी मानसिकता को दर्शाती हैं। पूनावाला ने एक वीडियो में कहा, ”राहुल गांधी ऐसे परिवार से आते हैं जिसका इतिहास आपातकाल से जुड़ा रहा है इसलिए उन्हें लगता है कि हर कोई आपातकाल लगाने वाला है। भारत में संविधान को केवल एक बार कुचला गया था और वह इंदिरा गांधी ने किया था। उन्होंने जिस तरह संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर किया और उनमें हस्तक्षेप किया, वह सर्वविदित है।”
भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि वास्तविक आपातकाल कांग्रेस के भीतर है। उन्होंने कहा, ”लोकतंत्र के ऊपर वंशवाद को रखने वाले राहुल आज भी हर जगह आपातकाल देखते हैं। एक तरह का आपातकाल जरूर है लेकिन वह कांग्रेस के भीतर है। कांग्रेस के अंदर संस्थागत पतन और विद्रोह चल रहा है। कोई व्यवस्था अगर टूट रही है तो वह कांग्रेस पार्टी की व्यवस्था है।”
कांग्रेस के नेता एक के बाद एक पार्टी छोड़ रहे- शहजाद पूनावाला
शहजाद पूनावाला ने दावा किया कि कांग्रेस नेता एक-एक कर पार्टी छोड़ रहे हैं और पार्टी वंशवादी राजनीति के खिलाफ विद्रोह का सामना कर रही है। उन्होंने कहा, ”99 चुनाव हारने के बाद कांग्रेस की संस्था स्वयं वंशवादी राजनीति के खिलाफ विद्रोह कर रही है। यही कारण है कि कांग्रेस के नेता एक के बाद एक पार्टी छोड़ रहे हैं। वे आपके खिलाफ विद्रोह कर रहे हैं।”
भाजपा प्रवक्ता ने राहुल गांधी पर भारत की संस्थाओं के खिलाफ बार-बार टिप्पणी करने और विदेशों में देश की छवि को नुकसान पहुंचाने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा, ”लेकिन आप विपक्ष के नेता (LOP) नहीं बल्कि ‘लीडर ऑफ प्रोपेगेंडा’ हैं। झूठ फैलाना, डर पैदा करना और उससे फायदा उठाना यही आपका मॉडल है।” उन्होंने कहा, ”आप विदेशों में भारत की लोकतांत्रिक संस्थाओं के खिलाफ बोलते हैं। किसी ने अगर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत को बदनाम करने का अभियान चलाया है, तो वह आप हैं।”
पूनावाला ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी पहले भी अर्थव्यवस्था, कोविड टीकों और राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे मुद्दों पर भ्रामक बयान देते रहे हैं। उन्होंने कहा, ”आप बार-बार कहते रहे हैं कि अर्थव्यवस्था ढह चुकी है जबकि भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था है। आपने भारत में बने कोविड टीकों के खिलाफ दुष्प्रचार किया ताकि विदेशी टीके बिक सकें।” उन्होंने कहा, ”आप ऑपरेशन सिंदूर और गलवान में भारत की कार्रवाई के खिलाफ बोलकर भारतीय सशस्त्र बलों का मनोबल कमजोर करते हैं। यहां तक कि उच्चतम न्यायालय भी आपको फटकार लगा चुका है।”
भारत को बदनाम करने का एजेंडा बंद कीजिए
पूनावाला ने कांग्रेस नेता से डर पैदा कर फायदा उठाने की राजनीति बंद करने को कहा। उन्होंने कहा, ”भारत को बदनाम करने का यह एजेंडा बंद कीजिए। ‘डर पैदा कर फायदा उठाने’ की राजनीति बंद कीजिए और याद रखिए कि ‘एलओपी’ का अर्थ ‘लीडर ऑफ प्रोपेगेंडा’ नहीं होता।” राहुल ने बुधवार को इंदिरा भवन में आदिवासी कांग्रेस द्वारा आयोजित कार्यक्रम में देशभर के आदिवासी नेताओं को संबोधित करते हुए कहा था कि बहुत बड़ी आर्थिक सुनामी आने वाली है और जनता के दबाव के कारण ‘सिस्टम’ के भीतर ही विद्रोह की स्थिति पैदा हो रही है।
राहुल गांधी की होनी थी मोहम्मद दीपक से मुलाकात, आखिरी वक्त में रद्द हुआ दौरा
राहुल गांधी गुरुवार को उत्तराखंड जाने वाले थे। यहां उनकी एक बड़ी रैली होनी थी, और उनकी मुलाकात पिछले कुछ दिनों से चर्चा में रहने वाले जिम मालिक मोहम्मद दीपक से भी होनी थी, लेकिन आखिरी वक्त में उनका दौरा रद्द हो गया। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें
(भाषा के इनपुट के साथ)
