बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने आरोप लगाया है कि तेलंगाना में रेवंत रेड्डी के नेतृत्व वाली सरकार तुष्टीकरण की राजनीति कर रही है। उन्होंने कहा कि रेड्डी सरकार तेलुगु लोगों, भाषा और सामाजिक ताने-बाने का दमन कर रही है।

नवीन ने बुधवार को महबूबनगर में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री खुलेआम ऐसे नारे लगाते हैं जिनसे संस्कृति और सनातनी परंपराओं को नुकसान होता है और ”कांग्रेस का मतलब मुसलमान और मुसलमान का मतलब कांग्रेस” जैसे नारे उनकी मानसिकता को दर्शाते हैं।

बीजेपी अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि तेलंगाना में कांग्रेस सरकार के दौरान मंदिरों पर हमले हुए। नवीन ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, ”कांग्रेस सिर्फ मुस्लिम वोट बैंक की राजनीति के लिए काम करती है, आम जनता के लिए नहीं। तेलंगाना के लोग और तेलुगु भाषी लोग उनके लिए कुछ मायने नहीं रखते।”

नवीन ने आरोप लगाया कि तेलंगाना में वक्फ बोर्ड देश के सबसे धनी बोर्ड में से एक बन गया है, जिसके पास लगभग 77,000 एकड़ जमीन है। उन्होंने कहा कि इससे पता चलता है कि सरकार जानबूझकर समाज के हितों की कीमत पर वक्फ बोर्ड को मजबूत करने के लिए काम कर रही है।

BJP अध्यक्ष बने नितिन नबीन के सामने कई चुनौतियां, बंगाल-असम चुनाव में होगा बड़ा टेस्ट

उन्होंने आरोप लगाया कि बीआरएस और कांग्रेस दोनों सरकारें तेलंगाना की जनता से किये गये वादों को पूरा करने में फेल रही हैं।

नवीन ने कहा कि हाई स्पीड रेल कॉरिडोर और हल्दी बोर्ड की घोषणाएं तेलंगाना के विकास के प्रति एनडीए सरकार की प्रतिबद्धता को दिखाती हैं।

यह भी पढ़ें- क्या बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन राज्यसभा जाएंगे? इन राज्यों में खाली होंगी सीटें