बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन बुधवार को गोरखपुर में थे। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान का नेतृत्व किया। नितिन नवीन ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि देश का नेतृत्व तथाकथित युवराज नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जैसे ‘माटी के लाल’ करेंगे। नितिन नवीन ने विपक्ष पर चुनावी हार के बाद बहाने बनाने और लोकतांत्रिक संस्थाओं को बदनाम करने का आरोप लगाया।

नितिन नवीन ने राहुल गांधी को ‘पार्ट टाइम नेता’ करार देते हुए कहा कि वह केवल चुनाव के समय सक्रिय होते हैं जबकि भाजपा के कार्यकर्ता पूरे वर्ष जनता की सेवा करते हैं। उन्होंने कहा, “राहुल गांधी, भारतीय लोकतंत्र इतना मजबूत है कि आपके जैसे कितने भी तथाकथित युवराज आ जाएं, वे आएंगे और चले जाएंगे। इस देश का नेतृत्व इसी माटी के लाल नरेन्द्र मोदी और योगी आदित्यनाथ करेंगे। दोनों नेताओं को देश की 140 करोड़ जनता का विश्वास प्राप्त है और वे लोगों के कल्याण के लिए काम कर रहे हैं।”

नितिन नवीन ने कांग्रेस पर साधा निशाना

नितिन नवीन ने दिल्ली के रामलीला मैदान में विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ की रैली का जिक्र करते हुए दावा किया कि उसमें आयोजकों के अनुमान के मुकाबले 10 प्रतिशत लोग भी नहीं जुटे। उन्होंने कहा कि इसके विपरीत भाजपा और उसके सहयोगी दल देशभर में बड़ी रैलियां और मार्च निकाल रहे हैं जो NDA के प्रति जनता के समर्थन को दर्शाता है।

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर विपक्ष द्वारा लगाए जा रहे आरोपों पर नितिन नवीन ने कहा कि चुनाव हारने वाले दल अपनी संगठनात्मक कमजोरियों का आकलन करने के बजाय मतदाता सूची को दोष दे रहे हैं। उन्होंने सवाल किया कि जब एसआईआर नहीं हुआ था, तब विपक्षी दल चुनाव क्यों हार रहे थे। नितिन नवीन ने ईवीएम में गड़बड़ी के राहुल गांधी के आरोपों का जिक्र करते हुए कहा कि निर्वाचन आयोग ने उन्हें किसी भी स्थान पर ईवीएम की जांच करने की चुनौती दी थी लेकिन उन्होंने इसे स्वीकार नहीं किया।

विपक्ष के दावे पर उठाए सवाल

नितिन नवीन ने मतदाता सूची से करीब 13 करोड़ नाम हटाए जाने के विपक्ष के दावे पर भी सवाल उठाया। उन्होंने दावा किया कि इनमें करीब ढाई करोड़ मृत मतदाताओं से संबंधित प्रविष्टियां थीं, जबकि लगभग छह करोड़ लोग अपने पंजीकृत पते से स्थानांतरित हो चुके थे, वहीं तीन करोड़ से अधिक लोगों के पते का सत्यापन नहीं हो सका। भाजपा अध्यक्ष ने मतदाता सूची में करीब तीन करोड़ घुसपैठियों के होने का भी दावा किया।

नितिन नवीन ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में भाजपा और राजग की ताकत दिखाने के लिए 100 से अधिक मार्च निकाले गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष जनादेश को चुनौती देकर देश को अस्थिर करने की कोशिश कर रहा है। उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा, “भारत का लोकतंत्र मजबूत है, इसकी जड़ें गहरी हैं और आपकी नापाक मंशाएं कभी सफल नहीं होंगी।”

यह भी पढ़ें- चुनाव आयोग का यू-टर्न

निर्वाचन आयोग ने SIR से जुड़ी घोषणा को ऑनलाइन फॉर्म 6 से अलग कर दिया है। अब जिन राज्यों में SIR की प्रक्रिया जारी है, वहां भी नए मतदाताओं को ECINet पोर्टल पर फॉर्म 6 और SIR घोषणा अलग-अलग भरनी होगी। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।