कर्नाटक में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष बीवाई विजयेंद्र के एक दावे ने राजनीतिक अस्थिरता पैदा कर दी है। दरअसल, सोमवार को उन्होंने मीडिया से बात करते हुए यह दावा किया कि अगर राज्य में अभी चुनाव की घोषणा हो जाए, तो कई कैबिनेट मंत्रियों समेत कांग्रेस के 25 विधायक बीजेपी में शामिल होने को तैयार हैं।
कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा के बेटे और शिकारीपुरा विधानसभा क्षेत्र से विधायक बीवाई विजयेंद्र ने कहा कि मैं पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर एक बात साफ कर देना चाहता हूं कि अगर कल भी चुनाव का ऐलान हो जाता है, तो डीके शिवकुमार की कैबिनेट के मंत्रियों समेत 25 विधायक BJP में शामिल हो जाएंगे।
‘माहौल बीजेपी के पक्ष में बन रहा है’
इस दौरान बीवाई विजयेंद्र से पूछा गया कि क्या वह सत्ताधारी पार्टी से विधायक तोड़ने की कोशिश कर रहे हैं तो उन्होंने इस बात का जवाब देते हुए कहा कि हमें (तोड़ने की) ऐसा कुछ करने की जरूरत ही नहीं है, लेकिन मैं पार्टी के राज्य प्रेसिडेंट के तौर पर एक बात साफ तौर पर कहूंगा कि माहौल बीजेपी के पक्ष में बन रहा है और कांग्रेस के कई नेता पार्टी बदलने के लिए तैयार हैं।
‘विधायकों को शामिल करने में देर न करें’
विजयेंद्र के इस दावे पर मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने कहा है कि अगर ऐसा सच में है तो उन्हें (बीवाई विजयेंद्र) बिना देरी किए इन नेताओं को अपनी पार्टी में शामिल कर लेना चाहिए। मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने विजयेंद्र के दावे पर तंज कसते हुए कहा कि बीजेपी को अगर कांग्रेस के विधायक अपनी पार्टी में शामिल करने हैं, तो उसे देर नहीं करनी चाहिए।
‘कर्नाटक की पॉलिटिक्स निचले स्तर पर जा चुकी है’
कांग्रेस के अंदर कथित स्टिंग ऑपरेशन विवाद पर कमेंट करते हुए विजयेंद्र ने कहा कि कर्नाटक की पॉलिटिक्स बहुत नीचे गिर गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ नेताओं ने मिनिस्टर पोस्ट और CM का पद पाने के लिए ऐसे हथकंडे अपनाए हैं। उन्होंने कहा, “यह पॉलिटिकल एडल्टरी है। जो लोग इस तरह के फ्रॉड कामों में शामिल हैं, उन्हें इसके नतीजे भुगतने होंगे और आने वाले दिनों में उनकी सच्चाई सामने आएगी।”
बीवाई विजयेंद्र ने कांग्रेस पर देश में अशांति फैलाने की कोशिश करने का भी आरोप लगाया और कहा कि राज्य सरकार अपनी नाकामियों की जिम्मेदारी से बचने के लिए केंद्र पर इल्जाम लगा रही है। कांग्रेस को जनता का भरोसा जीतने की चुनौती देते हुए विजयेंद्र ने कहा कि पार्टी को बार-बार इल्जाम लगाकर कन्फ्यूजन पैदा करने के बजाय लोगों का मैंडेट लेना चाहिए।
यह भी पढे़ं: ‘मैं मोदी भक्त हूं, बीजेपी नहीं छोड़ूंगी’, पूर्व DGP श्रीलेखा पार्षद पद पर बनी रहेंगी, इस्तीफे का बदला इरादा
केरल में भारतीय जनता पार्टी ने तिरुवनंतपुरम नगर निगम में संभावित संकट को टाल दिया है। पूर्व डीजीपी और पार्षद आर. श्रीलेखा ने कहा है कि उन्होंने पार्टी नहीं छोड़ी है, जबकि एक हफ्ते पहले ही उन्होंने अपने पद से इस्तीफा देने की घोषणा की थी। यहां पढ़ें पूरी खबर…
