चुनाव आयोग के मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर INDIA गठबंधन ने दिल्ली के रामलीला मैदान में एक बड़ी रैली आयोजित की। इस दौरान विपक्षी नेताओं ने ज्ञानेश कुमार, पीएम मोदी और अमित शाह पर निशाना साधा। साथ ही अखिलेश यादव ने दावा किया भाजपा को एहसास हो रहा है कि उनके वोट कट गए हैं।
इसके जवाब में भाजपा ने आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर यूपी में 3 से 5 नवंबर के बीच छह पदयात्राएं आयोजित करने की योजना बनाई है।
पार्टी ने बनाई रणनीति
लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ विरोध मार्चों के अलावा रविवार को हरियाणा के रोहतक में भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने ऐसे ही एक मार्च का नेतृ्त्व किया। पार्टी करीब 200 युवा सम्मेलन और किसानों के साथ सामुदायिक भोज भी आयोजित करने जा रही है। इसका मकसद विपक्ष के कथित रिजीम चेंज के एजेंडे और वोटर लिस्ट के एसआईआर को लेकर फैलाई गई गलतफहमियों का पर्दाफाश करना है। यूपी में इस अभियान का दायरा देश के बाकी हिस्सों की तुलना में कहीं अधिक बड़ा है।
लखनऊ में बनाया गया प्लान
भाजपा ने लखनऊ में हाल ही हुए अपनी राज्य कार्यकारिणी समिति की बैठक में इन कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया। पार्टी की छह क्षेत्रीय इकाइयां इन छह पदयात्राओं का आयोजन करेंगी। 3 नवंबर को अवध का विरोध मार्च केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान की अगुवाई में लखनऊ में होगा, जबकि ब्रज की पदयात्रा बरेली में जेपी नड्डा की अगुवाई में आयोजित होनी है। अगले दिन गोरखपुर क्षेत्र के लिए गोरखपुर में भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, काशी के लिए प्रयागराज में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य और कानपुर-बुंदेलखंड के लिए कानपुर में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक की अगुवाई में कार्यक्रम होगा।
इधर, 5 नवंबर को गाजियाबाद में, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पश्चिमी यूपी के लिए होने वाली पदयात्रा का नेतृत्व करेंगे।
25 हजार लोग जुटाने का लक्ष्य
भाजपा के एक वरिष्ठ नेता ने कहा, “ये पदयात्राएं विपक्ष के लगातार हो रहे विरोध-प्रदर्शनों का जवाब होंगी।” भाजपा ने अपनी क्षेत्रीय इकाइयों को हर कार्यक्रम में कम से कम 25 हजार लोगों को जुटाने का लक्ष्य दिया है। इन कार्यक्रमों में नेता और कार्यकर्ता कम से कम एक किलोमीटर तक पैदल चलेंगे।
भाजपा के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने कहा, “हाल के दिनों में चुनाव आयोग से जुड़े मुद्दों को लेकर जंतर-मंतर और दिल्ली के अन्य हिस्सों में सीजेपी और विपक्ष द्वारा किए गए विरोध प्रदर्शनों में मुश्किल से 5 हजार लोग ही जुटे थे। फिर भी, उन्होंने सोशल मीडिया पर इसे भाजपा के नेतृत्व वाली NDA सरकार के खिलाफ एक जनमत संग्रह (रेफरेंडम) की तरह पेश किया। इसी तरह, रामलीला मैदान में लगभग 50 हजार लोगों के जुटने की उम्मीद है। प्रदेश में होने वाली पदयात्राओं में इससे भी बड़ी भीड़ जुटेगी, जो यह साबित कर देगी कि अधिकांश लोग भाजपा, उसकी नीतियों और विचारधारा का समर्थन करते हैं।”
प्रदेश में ये यात्राएं काफी अहम हैं क्योंकि ये चुनाव से कुछ महीने पहले ही हो रही हैं। साथ ही, सपा और कांग्रेस का गठबंधन दिल्ली और लखनऊ में CEC और SIR के खिलाफ आक्रामक तरीके से अभियान चला रहा है। BJP सूत्रों ने बताया कि बाद में जिला स्तर पर भी ऐसी ही पदयात्राएं आयोजित की जाएंगी।
सदस्यों के बीच बांटी गई कमल ज्योति
BJP के पब्लिकेशन ‘कमल ज्योति’ ने SIR से जुड़ी कथित “गलतफहमियों” पर चार पन्नों का एक पैम्फलेट तैयार किया है। 30 अक्टूबर को इसे यूपी कार्यकारिणी समिति के सदस्यों के बीच बांटा गया।
पैम्फलेट में बताई गई गलतफहमियों में से एक यह है कि चुनाव आयोग में फैसले सिर्फ एक व्यक्ति लेता है। इसमें लिखा है कि SIR से जुड़े सभी आदेश तीनों चुनाव आयुक्त की सहमति से जारी किए गए थे। आगे कहा गया कि एक और गलतफहमी है कि 13 करोड़ वोटरों के नाम हटा दिए गए हैं। हालांकि जिन नामों को हटाया गया, वो जिनकी पहचान अनुपस्थिति, स्थायी रूप से कहीं और चले जाने, मृत्यु या एक ही नाम के दो बार दर्ज होने (डुप्लिकेट एंट्री) के आधार पर की गई थी। इसका मतलब 13 करोड़ नामों को हटाना नहीं है।
आगे कांग्रेस पर लोगों को गुमराह करने की कोशिश करने का आरोप लगाया गया है। पार्टी सवाल करती है, INDIA गठबंधन मतदाता सूची में डुप्लिकेट और मृत मतदाताओं के नाम क्यों बनाए रखना चाहता है?
दस्तावेज में तीसरी गलतफहमी का जिक्र है कि मतदाता सूची से नाम हटने पर राशन, पेंशन और पासपोर्ट जैसी सुविधाएं मिलना बंद हो जाती हैं।
दस्तावेज में बताया गया है कि 12 में से 10 एसआईआर प्रक्रियाएं कांग्रेस के नेतृत्व वाली सरकारों के कार्यकाल में पूरी की गई थीं। साथ ही, मौजूदा प्रक्रिया से पहले 2014 से 2025 के बीच विपक्षी पार्टी को 56 विधानसभा चुनावों में हार का सामना करना पड़ा था। पैम्फलेट में यह भी बताया गया है कि इस साल SIR प्रक्रिया पूरी होने के बाद कांग्रेस ने केरल में चुनाव जीता था।
यह भी पढ़ें: बिना दस्तावेज के 13,779 फॉर्म दर्ज? चुनाव आयोग का सख्त एक्शन, 2 ERO सस्पेंड और FIR के निर्देश
चुनाव आयोग ने शनिवार को पीलीभीत विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में कथित अनियमितताओं के मामले में कड़ी कार्रवाई करते हुए दो मतदाता पंजीकरण अधिकारियों (ERO) को तुरंत निलंबित करने का आदेश दिया है। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
