बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शनिवार (4 जुलाई) से उत्तर प्रदेश के 2 दिन के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी की रणनीति पर चर्चा करेंगे। बीजेपी नेताओं का कहना है कि नितिन नवीन के दौरे से कार्यकर्ताओं में जोश का संचार होगा।

सूत्रों के मुताबिक, इस दौरान नवीन प्रदेश भाजपा के पदाधिकारियों, क्षेत्रीय अध्यक्षों, राज्य में बीजेपी के फ्रंटल संगठनों के प्रमुखों और जिला अध्यक्षों के साथ बैठक करेंगे। इसके अलावा वह सरकार की ओर से चलाए जा रहे कार्यक्रमों की समीक्षा करेंगे और भविष्य की रणनीति के बारे में भी चर्चा करेंगे।

नितिन नवीन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्रियों- केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक, पार्टी सांसदों, विधायकों और विधान परिषद के सदस्यों से मुलाकात करेंगे। इस दौरान राज्य सरकार की ओर से चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं और सरकार और पार्टी संगठन के बीच समन्वय पर चर्चा की जाएगी। नवीन यूपी बीजेपी की कोर कमेटी के साथ बैठक भी करेंगे।

राष्ट्रीय अध्यक्ष नवीन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ डिनर करेंगे। अगले दिन वह उत्तर प्रदेश में बीजेपी के पूर्व अध्यक्षों के साथ चाय पर चर्चा करेंगे और विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जुड़े फीडबैक और सुझाव लेंगे। इस बैठक में विनय कटियार समेत लगभग 9 पूर्व प्रदेश अध्यक्ष शामिल हो सकते हैं। कटियार इन दिनों अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे में गड़बड़ी के मुद्दे पर मुखर हैं।

एनडीए नेताओं के साथ होगी बैठक

नितिन नवीन एनडीए के नेताओं के साथ भी बैठक करेंगे। उत्तर प्रदेश में एनडीए में शामिल दलों में अपना दल (सोनेलाल), राष्ट्रीय लोक दल (आरएलडी), सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (एसबीएसपी) और निषाद पार्टी शामिल हैं।

इसके बाद नितिन नवीन उपमुख्यमंत्री- केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक से उनके आवास पर अलग-अलग चर्चा करेंगे। नवीन आरएसएस के प्रमुख पदाधिकारियों के साथ बैठक के लिए स्थानीय आरएसएस कार्यालय भी जाएंगे।

नितिन नवीन राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल पर शक्ति केंद्र के संयोजकों को संबोधित करेंगे। वह बीजेपी के बूथ अध्यक्ष शिवाजी रावत के घर पर जाएंगे और यहां पार्टी की बूथ-स्तरीय गतिविधियों और कार्यक्रमों पर चर्चा होगी।

यह भी पढ़ें- यूपी में ज्यादा सीटें चाहती है कांग्रेस, क्या अखिलेश तैयार होंगे?

उत्तर प्रदेश में साल 2027 में विधानसभा चुनाव होना है। ऐसे में सबसे बड़ा सवाल है कि क्या फिर से कांग्रेस और समाजवादी पार्टी में गठबंधन होगा? अगर होता है तो कांग्रेस को कितनी सीटें मिलेंगी। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।