भाजपा सांसद अर्जुन सिंह ने नागरिकता संशोधन कानून के विरोध प्रदर्शन के विरोध में फायरिंग की घटना बचाव किया है। जामिया और शाहीन बाग में हुई घटना को लेकर उन्होंने न्यूज एजेंसी एएनआई को दिए गए बयान में कहा कि जैसे विपक्ष के लोगों ने सुरक्षा देकर शाहीन बाग में लोगों को बिठाया है , जामिया में घटना घटी जिसका सीएए से कोई मतलब नहीं है। हमारे कम उम्र के बच्चे भ्रमित होकर गोली चलाए हैं।
अर्जुन सिंह पश्चिम बंगाल के बैरकपुर से सांसद हैं। बता दें कि दिल्ली विधानसभा चुनाव 2020 होने से पहले नेताओं का विवादित बयान देने का सिलसिला शुरू हो चुका है। हाल ही में रिठाला में एक रैली के दौरान बीजेपी सांसद और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने विवादित नारे लगवाए थे। उनके इस बयान को लेकर चुनाव आयोग ने उनपर कार्रवाई भी की थी। उन्हें स्टार प्रचारकों की लिस्ट से बाहर कर दिया गया था। इसके अलावा उनपर 72 घंटे तक प्रचार करने से बैन कर दिया गया था।
गौरतलब है कि जामिया इलाके में बीते गुरुवार को एक शख्स ने गोली चला दी थी, गोली चलाते हुए उस शख्स ने प्रदर्शनकारियों को ‘आजादी देने ‘ की बात कही थी।इस घटना में जामिया का एक शख्स गोली लगने से घायल हो गया था। पुलिस ने हमलावर को गिरफ्तार कर लिया था। बीते शनिवार को एक और शख्स ने शाहीन बाग में हवाई फायरिंग की थी।
पुलिस ने जब उस शख्स को गिरफ्तार किया तो उसने कहा कि देश में सिर्फ हिंदुओं की चलेगी। वहीं, हमलावर के परिवार वालों का कहना है कि वह सड़क पर प्रदर्शन होने के चलते आने-जाने में हो रही देरी से परेशान था।