Pritam Lodhi News: मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के करेरा में 16 अप्रैल को भारतीय जनता पार्टी के विधायक प्रीतम सिंह लोधी के बेटे ने 5 लोगों को अपनी थार कार से घायल कर दिया था। इस घटना के बाद अब विधायक प्रीतम सिंह लोधी ने करेरा के एसडीओपी आयुष जाखड़ को चेतावनी दी है।
प्रीतम लोधी ने वीडियो जारी कर कहा, “इस हादसे के मामले को हमने संज्ञान लिया और पुलिस का हमने हर कदम पर सहयोग किया। मैंने एसपी से भी संपर्क किया। मेरे पास सभी की रिकॉर्डिंग है। एसपी साहब से मैंने कहा कि इसमें अपराध कायम करिए। हमारे कहने पर अपराध कायम हुआ और फिर दूसरे दिन एसपी का फोन आया कि दिल्ली से खबर आई है। गाड़ी को थाने भिजवा दो, हमने उनके आदेश के अनुसार, थाने में गाड़ी भिजवा दी।”
क्या शिवपुरी जिले में बीजेपी को पुलिस चला रही- बीजेपी विधायक
बीजेपी विधायक ने आगे कहा, “फिर दूसरे दिन गाड़ी की जमानत हो गई। दिनेश से कहा गया कि ना तो तू चुनाव लड़ेगा और ना ही दिखेगा। मैं एसपी साहब से कहना चाहता हूं कि चुनाव लड़ने और हमारे ना रहने की चीजें पुलिस के पास ही क्यों आती हैं। मैं पूछना चाहता हूं कि हमने इस केस में मदद की है, वो भी जनता को बताया जाए। दिल्ली से जो खबर आती है वो भी जनता को बताया जाए। मोदी जी या अमित शाह जी एसपी साहब को खबर करते हैं। मैं मोदी जी और अमित शाह जी को मिलना चाहता हूं और परतें खोलना चाहता हूं कि क्या शिवपुरी जिले में भारतीय जनता पार्टी को पुलिस चला रही है।”
मैं एसडीपीओ के घर में गोबर भरवा दूंगा- प्रीतम लोधी
विधायक प्रीतम लोधी ने कहा, “क्या मध्य प्रदेश में नेता नहीं या फिर शीर्ष नेतृत्व नहीं है कि जो इनको दिल्ली से खबर आती है। मैं पुलिस महकमे से कहना चाहता हूं आप 15 दिनों के अंदर खुलासा करिए कि हमने आपको इस केस में कितनी मदद की है। मैं बाद में सारी रिकॉर्डिंग बताऊंगा। अगर आप खुलासा नहीं करते हो तो ध्यान कर लेना जो एसडीपीओ ने शब्द बोले हैं, चुनाव नहीं लड़ोगे और यहां से पलायन कर जाओगे। मैं उनसे कह देना चाहता हूं कि मैं एसडीपीओ का घर दस हजार कार्यकर्ताओं को ले जाकर उसका घर गोबर से भरवा दूंगा। उसकी सात पुश्ते भी इस गोबर को साफ नहीं कर पाएंगी।”
विधायक प्रीतम लोधी का एक वीडियो वायरल हुआ था
इससे पहले भी विधायक प्रीतम लोधी का एक वीडियो वायरल हुआ था। इस वीडियो में वह कहते हैं, “करेरा के एसडीओपी ने जो कहा है, वह मुझे बिल्कुल बर्दाश्त नहीं है। उन्होंने मेरे बेटे को चेतावनी दी है कि वह दोबारा यहां न दिखे। मैं एसडीओपी से पूछना चाहता हूं, क्या करेरा आपके पिता की संपत्ति है? आम तौर पर मैं ऐसा नहीं कहता, लेकिन अब मैं यह स्पष्ट करना चाहता हूं। मेरा बेटा करेरा लौटेगा और चुनाव लड़ेगा। अगर आपके पिता में हिम्मत है, तो उसे रोकने की कोशिश करके देखें।”
क्या था पूरा विवाद?
बता दें कि यह पूरा विवाद 16 अप्रैल को शिवपुरी के करेरा में हुई सड़क दुर्घना के बाद सामने आया है। दिनेश लोधी ने कथित तौर पर एक महिंद्रा थार से पांच लोगों को टक्कर मार दी थी। शिकायतकर्ता संजय परिहार द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर के अनुसार, वाहन ने पहले पैदल यात्रियों को टक्कर मारी और फिर मोटरसाइकिल को। घायलों ने दिनेश लोधी को चालक के रूप में पहचाना और बताया कि एसयूवी पर विधायक से जुड़े साइन लगे हुए थे। पढ़ें पूरी खबर…
