कर्नाटक के मांड्या जिले में तुमकुरु ग्रामीण क्षेत्र से भाजपा विधायक बी. सुरेश गौड़ा की बेटी ऐश्वर्या के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, ऐश्वर्या पर आरोप है कि उन्होंने बुधवार को श्रीरंगपट्टन तालुक स्थित आरती उक्काडा मंदिर में भीड़ नियंत्रण ड्यूटी पर तैनात एक महिला पुलिस सब-इंस्पेक्टर के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और उन्हें थप्पड़ मार दिया।
यह घटना भीमा अमावस्या के अवसर पर मंदिर में उमड़ी भारी भीड़ के बीच हुई, जब श्रद्धालुओं की आवाजाही को नियंत्रित करने में पुलिसकर्मी जुटे थे। मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, घटना को लेकर दूसरी ओर से भी एक काउंटर कंप्लेंट दर्ज कराई गई है।
भीमा अमावस्या के अवसर पर मंदिर में ड्यूटी पर तैनात महिला पुलिस सब-इंस्पेक्टर सविता की शिकायत पर क्याथनहल्ली पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज की गई।
श्रीरंगपट्टन सर्किल इंस्पेक्टर बी. जी. कुमार ने बताया कि पुलिस ने विधायक बी. सुरेश गौड़ा की बेटी ऐश्वर्या के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं 132, 115(2), 352 और 351(2) के तहत मामला दर्ज किया है। इन धाराओं में लोक सेवक को उसके आधिकारिक कर्तव्यों के निर्वहन से रोकना, स्वेच्छा से चोट पहुंचाना, शांति भंग कराने के उद्देश्य से जानबूझकर अपमान करना तथा आपराधिक धमकी देना जैसे आरोप शामिल हैं।
क्या है पूरा मामला?
महिला पुलिस सब-इंस्पेक्टर सविता की शिकायत के अनुसार, भीमा अमावस्या के अवसर पर मंदिर में हजारों श्रद्धालु मौजूद थे। इसी दौरान ऐश्वर्या ने गर्भगृह में प्रवेश करने की कोशिश की।
सविता ने भाजपा विधायक की बेटी ऐश्वर्या को कुछ समय इंतजार करने के लिए कहा। उनका कहना था कि यदि ऐश्वर्या को कतार में खड़े श्रद्धालुओं से पहले अंदर जाने की अनुमति दी जाती, तो इससे अन्य भक्तों में नाराजगी फैल सकती थी और विरोध की स्थिति पैदा हो सकती थी।
शिकायत के अनुसार, ऐश्वर्या ने पीएसआई सविता से पूछा कि सिविल ड्रेस में मौजूद सर्किल इंस्पेक्टर लक्ष्मी को गर्भगृह की ओर जाने की अनुमति क्यों दी गई। इस पर सविता ने बताया कि लक्ष्मी सर्किल इंस्पेक्टर हैं और मंदिर में आधिकारिक ड्यूटी पर मौजूद हैं।
शिकायत में कहा गया है कि इसके बाद दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। आरोप है कि बहस के दौरान ऐश्वर्या ने सविता के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और फिर श्रद्धालुओं की भीड़ के सामने उन्हें थप्पड़ मार दिया।
भाजपा विधायक सुरेश गौड़ा ने क्या कहा?
भाजपा विधायक बी. सुरेश गौड़ा ने बाद में अपनी बेटी के व्यवहार के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगी। हालांकि उन्होंने कहा कि उन्हें घटना की पूरी जानकारी नहीं है।
गौड़ा ने कहा कि मेरी बेटी दो छोटे बच्चों के साथ मंदिर गई थी। वह वीआईपी कतार में खड़ी थी। ड्यूटी पर तैनात सब-इंस्पेक्टर ने कथित तौर पर उसे आगे जाने की अनुमति नहीं दी, जबकि अन्य लोगों को प्रवेश दिया जा रहा था। किसी कार्रवाई पर स्वाभाविक रूप से प्रतिक्रिया होती है। इसी दौरान बात बढ़ती चली गई और यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना हो गई।
उन्होंने कहा कि मामले की पूरी जानकारी सामने आने के बाद ही वह इस पर विस्तृत टिप्पणी कर पाएंगे, लेकिन अपनी बेटी के व्यवहार के लिए उन्होंने खेद व्यक्त किया।
उन्होंने आगे कहा कि अगर मेरी बेटी की गलती है, तो मैं सार्वजनिक रूप से माफी मांगने के लिए तैयार हूं। हो सकता है कि उस समय वह अपना आपा खो बैठी हो, लेकिन सार्वजनिक जीवन से जुड़े लोगों को इस तरह का व्यवहार नहीं करना चाहिए। इसलिए मैं अपनी बेटी के आचरण के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगता हूं।
विधायक सुरेश गौड़ा ने कहा कि जनप्रतिनिधियों और उनके परिवार के सदस्यों को संयम बरतना चाहिए तथा कानून और व्यवस्था बनाए रखने में जुटे अधिकारियों के प्रति सम्मानजनक व्यवहार करना चाहिए।
लाल किले पर आयोजित कार्यक्रम में राहुल और खड़गे की गैर मौजूदगी पर क्या बोले पवन खेड़ा?
80 वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर लाल किले में आयोजित समारोह में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की गैर मौजूदगी को लेकर कांग्रेस के राज्यसभा सांसद पवन खेड़ा का बयान आया है। पवन खेड़ा ने कहा कि कुछ लोगों को हर बात में अपमान नजर आता है। पढ़ें पूरी खबर।
