Maharashtra News: महाराष्ट्र की अदालत ने नितेश राणे को एनएचएआई इंजीनियर पर कीचड़ फेंकने के 2019 के मामले में दोषी ठहराया है और 1 महीने की जेल की सजा सुनाई है। हालांकि फैसला सुनाने के बाद, कोर्ट ने भारतीय जनता पार्टी के मंत्री राणे की सजा को निलंबित कर दिया और उन्हें हाईकोर्ट में अपील करने की इजाजत दी।
एडिशनल सेशन कोर्ट जज वीएस देशमुख ने कहा, “भले ही राणे का इरादा काम की घटिया गुणवत्ता और लोगों को होने वाली असुविधा के खिलाफ आवाज उठाना था, लेकिन उन्हें सार्वजनिक रूप से किसी लोक सेवक को अपमानित या बेइज्जत नहीं करना चाहिए था।” न्यायाधीश ने कहा, “अगर इस तरह की घटनाएं होती रहीं तो लोक सेवक गरिमा के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन नहीं कर पाएंगे।” इस कृत्य को सत्ता का दुरुपयोग बताते हुए अदालत ने कहा कि ऐसी प्रवृत्ति पर अंकुश लगाना समय की मांग है।”
क्या था पूरा मामला?
नितेश राणे, समीर नलवाडे और कार्यकर्ताओं ने मुंबई-गोवा हाइवे पर कीचड़ और गड्ढों को लेकर डिप्टी इंजीनियर प्रकाश शेडेकर से सवाल किए थे। इसके बाद शेडेकर को गडनाडी पुल पर बांध दिया गया और उनके सिर पर कीचड़ से भरी बाल्टियां डाली गईं। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
पुलिस ने इन लोगों को किया था गिरफ्तार
शेडेकर की शिकायत के अनुसार, इस मामले में नितेश राणे और लगभग 40 अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। उनके साथ कांकावली के तत्कालीन महापौर समीर नलवाडे, उपमहापौर बाबू गायकवाड़, संजय कामटेकर, पं. एस सदस्य मिलिंद मेस्त्री, नरसेवक अभि मुसले, मेघा गांगन, स्वाभिमान शहर अध्यक्ष राकेश राणे, संदीप नलवाडे, निखिल आचरेकर, राजन परब, वागड़े के पूर्व सरपंच संदीप सावंत, पूर्व उपसरपंच लक्ष्मण घाडीगांवकर, बबन हल्दीवे, विट्ठल देसाई, किशोर राणे, शिवसुंदर देसाई, सचिन पारधिये को गिरफ्तार कर लिया गया था।
इस गिरफ्तारी के बाद, नितेश राणे के पिता और पूर्व मुख्यमंत्री नारायण राणे ने अपने कार्यकर्ताओं की इस कार्रवाई की कड़ी निंदा की और घटना पर खेद व्यक्त करते हुए माफी मांगी।
नितेश राणे के बयान पर विपक्ष हमलावर
महाराष्ट्र सरकार के मंत्री नितेश राणे ने मदरसों में उर्दू की जगह मराठी पढ़ाने की मांग करके विवाद खड़ा कर दिया है। इतना ही नहीं उन्होंने कहा कि अजान भी मराठी में ही दी जानी चाहिए। विपक्षी दलों ने मंत्री के बयान की कड़ी आलोचना की है और उन पर धर्म और भाषा के नाम पर नफरत फैलाने का आरोप लगाया है। पढ़ें पूरी खबर…
