महाराष्ट्र में सोमवार को घोषित हुए जिला परिषद चुनावों के नतीजों में बीजेपी की अगुवाई वाली महायुति ने शानदार प्रदर्शन किया है। महायुति ने कुल 731 में से 552 सीटों पर जीत हासिल की। निर्वाचन आयोग ने बताया कि बीजेपी 225 सीट के साथ सबसे आगे रही, जबकि एनसीपी को 165 और शिवसेना को 162 सीटों पर जीत मिली।
विपक्षी महा विकास आघाडी (एमवीए) में कांग्रेस 55 सीट जीतकर सबसे आगे रही। इसके बाद उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (यूबीटी) को 43 और शरद पवार की एनसीपी (एसपी) को 26 सीट पर जीत मिली।
महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) ने लातूर और रत्नागिरी में एक-एक सीट जीती। बीस सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवारों की जीत हुई जबकि राज्य चुनाव आयोग में पंजीकृत गैर-मान्यता प्राप्त दलों को 14 और पंजीकृत दलों को सात सीट पर जीत मिली।
पुणे में एनसीपी का शानदार प्रदर्शन
एनसीपी ने पुणे जिला परिषद में 73 में से 51 सीटों पर जीत दर्ज की। एनसीपी और एनसीपी (एसपी) के उम्मीदवारों ने यहां ‘घड़ी’ चुनाव चिह्न पर चुनाव लड़ा था।
शिवसेना ने रायगढ़ जिला परिषद में 59 में से 23 सीट जीतीं। एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली पार्टी ने रत्नागिरि जिला परिषद में भी 56 में से 41 सीट पर जीत हासिल की। बीजेपी ने सिंधुदुर्ग में 50 में से 27 सीट जीतीं। इसके अलावा बीजेपी सतारा, सोलापुर, छत्रपति संभाजीनगर, परभणी, धाराशिव, सतारा और लातूर में सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी। कांग्रेस कोल्हापुर में सबसे बड़ी पार्टी रही।
12 जिला परिषदों और 125 पंचायत समितियों के चुनावों की मतगणना पूर्वाह्न 10 बजे शुरू हुई थी। राज्य चुनाव आयोग ने पंचायत समिति चुनावों के नतीजे अभी घोषित नहीं किए हैं।
पंचायत समितियों के चुनाव में भी बीजेपी आगे
चुनाव आयोग ने बताया कि 125 पंचायत समितियों की 1,462 सीटों में से 1,000 से अधिक सीटें महायुति ने जीती हैं। इसमें बीजेपी ने 459 सीट जीतीं, इसके बाद एनसीपी को 306 और शिवसेना को 302 सीट पर जीत मिली। कांग्रेस ने 97, एनसीपी (एसपी) ने 46 और शिवसेना (यूबीटी) ने 89 सीट जीतीं। मनसे ने दो, निर्दलीयों ने 31 और बाकी सीटें अन्य ने जीती।
पीएम मोदी ने राज्य के लोगों को दिया धन्यवाद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जिला परिषद चुनाव में महायुति को समर्थन देने के लिए राज्य के लोगों को धन्यवाद दिया। प्रधानमंत्री ने X पर कहा, “एक बार फिर महाराष्ट्र ने बीजेपी और महायुति को आशीर्वाद दिया। नगर निगम और नगरपालिका परिषद चुनाव में बीजेपी और महायुति की शानदार सफलता के बाद, महाराष्ट्र के लोगों ने हमें जिला परिषद चुनाव में भी मजबूत जनादेश दिया।”
यह भी पढ़ें- महाराष्ट्र राज्यसभा चुनाव में विपक्ष पर बढ़ा दबाव
