बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे आज आएंगे। थोड़ी देर में वोटों की गिनती शुरू होगी। इस बीच भाजपा के वरिष्ठ नेता और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि हमारी तैयारी पूरी है बाकी सब जनता का जनादेश है। सुवेंदु अधिकारी ने टीएमसी महासचिव अभिषेक बनर्जी पर भी निशाना साधा है। सुवेंदु अधिकारी बंगाल की दो विधानसभा सीटों से चुनाव लड़ रहे हैं। भवानीपुर से उनके खिलाफ मुख्यमंत्री ममता बनर्जी चुनाव लड़ रही हैं।

भगवान हमारे साथ- सुवेंदु

सुवेंदु अधिकारी ने दावा किया कि बीजेपी चुनाव जीत रही है। उन्होंने कहा कि हर तरीके से हमने चुनाव लड़ा है और तैयारी पूरी है, बाकी सब जनता का जनादेश है। सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि भगवान हमारे साथ है, हमने लक्ष्मी नारायण मंदिर में पूजा भी कर लिया और हम जीत रहे हैं।

टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के फाल्टा विधानसभा क्षेत्र में पुनर्मतदान को लेकर किए गए पोस्ट पर सुवेंदु अधिकारी ने कहा, “यह उनके अहंकार को दर्शाता है। यह काम नहीं करेगा। अंततः देश में लोकतंत्र की ही जीत होती है। उत्तर प्रदेश में भी ऐसी ही स्थिति थी। भाजपा के सत्ता में आने के बाद वहां जंगल राज का अंत बहुत पहले हो गया था। 20 साल पहले बिहार में भी भीषण जंगल राज था। जनता ने उसका भी अंत कर दिया।”

भवानीपुर के काउंटिंग सेंटर पर भिड़े बीजेपी-टीएमसी के एजेंट

भवानीपुर में वोटों की गिनती के लिए सखावत मेमोरियल स्कूल को काउंटिंग सेंटर बनाया गया और यहीं पर वोटों की गिनती होगी। आज सुबह ही काउंटिंग सेंटर पर टीएमसी और बीजेपी के काउंटिंग एजेंट भिड़ गए। कहासुनी पर टीएमसी कार्यकर्ता ने समाचार एजेंसी एएनआई से कहा, “बीजेपी के लोग हमें फाइलें या कलम अंदर ले जाने नहीं दे रहे हैं, लेकिन भाजपा के चुनाव एजेंटों को अंदर ले जाने की अनुमति है। नियम सबके लिए समान होने चाहिए। हम ममता बनर्जी के लोग हैं। इससे बड़ी कोई पहचान नहीं है।”

वहीं भाजपा के एक काउंटिंग एजेंट ने कहा, “इनके (टीएमसी) पास पहचान पत्र नहीं हैं। हमारे पास पहचान पत्र हैं। ये लोग बेवजह हंगामा कर रहे हैं। भाजपा पश्चिम बंगाल और यहां तक ​​कि भवानीपुर में भी बहुमत से जीत रही है।”