भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी को शुक्रवार देर शाम दिल्ली के अपोलो अस्पताल में एडमिट किया गया है। बताया जा रहा कि उन्हें सीने में संक्रमण की शिकायत के बाद अस्पताल लाया गया है। फिलहाल उनका इलाज चल रहा है और उनकी हालात स्थिर बताई जा रही है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 98 वर्षीय भाजपा नेता को शाम करीब 7:30 बजे अस्पताल लाया गया और उन्हें पल्मोनरी विभाग में भर्ती कराया गया है और डॉक्टरों की एक टीम उनकी निगरानी कर रही है।

मई में हुए थे एडमिट

इससे पहले भी लालकृष्ण आडवाणी को उम्र से जुड़ी स्वास्थ्य परेशानियों के कारण इसी साल मई में अपोलो अस्पताल में एडमिट करवाया गया था। फिर कुछ दिन इलाज के बाद वह वापस घर आ गए थे।

इसके अलावा, दिसंबर 2024 में भी भाजपा नेता को इलाज और जांच के लिए इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल के इंटेंसिव केयर यूनिट (ICU) में भर्ती कराया गया था। उस समय अस्पताल ने बताया था कि उनकी हालत स्थिर है।

तीन बार रहे चुके हैं भाजपा के अध्यक्ष

लाल कृष्ण आडवाणी साल 1986-1990, 1993-1998 और 2004-2005 के दौरान तीन बार भाजपा के अध्यक्ष रहे हैं। साथ ही अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली NDA सरकार में, उन्होंने 1998 से 2004 तक केंद्रीय गृह मंत्री और 2002 से 2004 तक उपप्रधानमंत्री के रूप में जिम्मेदारी निभाई।

एक सप्ताह पहले पीएम ने की थी मुलाकात

वरिष्ठ भाजपा नेता के अस्पताल में भर्ता होने से करीब एक सप्ताह पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर को उनके आवास पर जाकर उनसे मुलाकात की थी। इसकी फोटो भी पीएम मोदी ने शेयर की थी। इस दौरान पीएम मोदी ने सरकार प्रमुख के तौर पर 25 साल पूरे करने पर उनसे आशीर्वाद भी लिया था।

लालकृष्ण आडवाणी का जन्म 8 नवंबर 1927 को अविभाजित भारत के कराची शहर में हुआ था, जो अब पाकिस्तान का हिस्सा है। साल 1942 में वे आरएसएस से जुड़े। 1947 के बंटवारे में उनका परिवार पाकिस्तान से आकर भारत में बस गया। इसके बाद वह भारतीय जनसंघ से जुड़े। इसके बाद 1980 में भाजपा की स्थापना के बाद पार्टी को आडवाणी ने मजबूत किया।

यह भी पढ़ें: ‘2024 का लोकसभा चुनाव ईमानदारी से हुआ था या नहीं’, ओपी राजभर ने अखिलेश यादव से पूछा- 37 सांसद कैसे जीते?

केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह के बयान का सुभासपा प्रमुख और योगी सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समर्थन किया है। राजभर ने कहा कि यह सही है कि बगैर समाजवादी पार्टी के राहुल गांधी का खाता नहीं खुलेगा। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें