चुनाव आयोग के SIR विवाद पर विपक्ष एकजुट है और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहा है। इसी क्रम में विपक्ष लगातार प्रदर्शन कर रहा है। लेफ्ट पार्टियों का बीते 3 दिनों से प्रदर्शन जारी है। राजनीतिक दलों के कई छात्र संगठन भी इसमें हिस्सा ले रहे हैं। इस बीच बीजेपी के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने एसआईआर का विरोध करने वाली विपक्षी पार्टियों पर निशाना साधा है।

चुनाव आयोग के SIR विवाद पर बीजेपी के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने कहा, “इस देश में चुनाव आयोग को लेकर हिटलर जैसी तानाशाही थी, जब कोई कानून ही नहीं था। 2023 के आस-पास एक केस सुप्रीम कोर्ट में गया, और उस समय सुप्रीम कोर्ट ने पूछा कि चुनाव आयुक्त को नियुक्त करने की क्या प्रक्रिया है। तब तक हमारे देश में कोई प्रक्रिया ही नहीं थी। तब हिटलर जैसी तानाशाही थी।”

नवीन चावला-एमएस गिल की नियुक्ति कैसे हुई थी?- बृज भूषण सिंह

बृज भूषण सिंह ने आगे कहा, “सुप्रीम कोर्ट के कहने पर संवैधानिक तरीके से चुनी हुई संसद ने एक कानून बनाया। उस कानून में यह तय हुआ कि (कमेटी के अंदर) एक सदस्य देश का प्रधानमंत्री होगा, दूसरा सदस्य नेता विपक्ष होगा, और तीसरा सदस्य पीएम द्वारा नॉमिनेट किया गया कोई व्यक्ति होगा। इस कानून को सुप्रीम कोर्ट में भी चैलेंज किया गया है, लेकिन अब तक किसी ने इस कानून को रद्द नहीं किया। मैं इन लोगों से पूछना चाहता हूं- नवीन चावला का अपॉइंटमेंट कैसे हुआ? एमएस गिल का अपॉइंटमेंट कैसे हुआ? उन्हें 2014 के बाद दिक्कतें होने लगीं क्योंकि उनके किले एक-एक करके ढहने लगे।”

बृज भूषण सिंह ने आगे कहा कि चुनाव EVM से पहले भी होते थे, लेकिन तब EVM सही थी, भारत की चुनाव प्रक्रिया सही थी, लेकिन अब ये बातें सामने आ रही हैं क्योंकि एक-एक करके उनके किले ढह रहे हैं।

सात अक्टूबर को चुनाव आयोग के दफ्तर के बाहर प्रदर्शन करेगा INDIA गठबंधन

INDIA गठबंधन ने चुनाव आयोग के खिलाफ मोर्चा खोलने का ऐलान किया है। गठबंधन में शामिल विपक्षी दलों ने घोषणा की है कि 7 अक्टूबर को दिल्ली स्थित चुनाव आयोग कार्यालय के बाहर संयुक्त रूप से प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान विपक्ष मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करेगा और एसआईआर के मुद्दे को भी उठाएगा। कांग्रेस की ओर से जारी बयान के अनुसार, यह फैसला कांग्रेस, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा), मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा), राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और रिवोल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी (आरएसपी) समेत अन्य दलों के प्रतिनिधियों की बैठक में लिया गया।

यह भी पढ़ें- ज्ञानेश कुमार के खिलाफ खुलेगा 20 साल पुराना केस

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ वोटर लिस्ट में एसआईआर में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए विपक्षी दलों ने मोर्चा खोल रखा है। ऐसे वक्त में केरल की वीडी सतीशन सरकार के गृहमंत्री रमेश चेन्निथला ने उनके खिलाफ 20 साल पुराना, 2006 का केस खोल दिया है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।