चुनाव आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और कथित ‘वोट चोरी’ के खिलाफ विपक्ष का विरोध प्रदर्शन जारी है। इस बीच भाजपा ने रविवार को कहा कि कांग्रेस के दावे के मुताबिक 13 करोड़ मतदाताओं के नाम हटाए नहीं गए हैं, बल्कि उन्हें ड्राफ्ट मतदाता सूची में मृत, अनुपस्थित, स्थानांतरित या दोहरे नाम जैसी श्रेणियों के तहत चिह्नित किया गया है। बीजेपी ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर कहा कि इन नामों के संबंध में ‘अंतिम कार्रवाई’ दावे, आपत्तियां और अपील की प्रक्रिया पूरी होने के बाद की जाती है।

भाजपा ने मतदाता सूचियों के SIR से जुड़े दावों और तथ्यों का बिंदुवार विवरण भी शेयर किया और कांग्रेस पर एसआईआर को लेकर डर का माहौल पैदा करने का आरोप लगाया। विपक्षी दलों के एक अन्य दावे को खारिज करते हुए भाजपा ने कहा कि फॉर्म-6 में कोई बदलाव नहीं किया गया है, बल्कि मतदाताओं की सुविधा के लिए इसके साथ एक अतिरिक्त घोषणा-पत्र जोड़ा गया है।

13 करोड़ नाम हटाए नहीं गए हैं- BJP

भाजपा ने कहा, ’13 करोड़ नाम हटाए नहीं गए हैं। उन्हें मसौदा मतदाता सूची में मृत, अनुपस्थित, स्थानांतरित या दोहरे नाम जैसी श्रेणियों के तहत चिह्नित किया गया है। अंतिम कार्रवाई दावे, आपत्तियां और अपील की प्रक्रिया के बाद की जाती है। फॉर्म-6 में कोई बदलाव नहीं किया गया है। मतदाताओं की सुविधा के लिए इसके साथ एक अतिरिक्त घोषणा-पत्र जोड़ा गया है। मतदाता सूचियां विकेंद्रीकृत व्यवस्था के तहत हैं और राज्य निर्वाचन मशीनरी के पास वैधानिक अधिकार बरकरार हैं।”

‘2.37 करोड़ नए युवा मतदाताओं के नाम जोड़े गए’

भाजपा ने कहा कि जून 2025 से अब तक कुल 2.37 करोड़ नए युवा मतदाताओं के नाम जोड़े गए हैं। बीजेपी ने कहा, “निर्वाचन आयोग के फैसले तीनों निर्वाचन आयुक्तों द्वारा सामूहिक रूप से लिए जाते हैं। चुनाव प्रक्रिया में बूथ स्तर के अधिकारियों (बीएलओ) का सत्यापन, राजनीतिक दलों के एजेंट, दावे और आपत्तियां, वेबकास्टिंग तथा निगरानी में मतगणना शामिल है।”

भाजपा ने यह भी कहा कि मतदाताओं के नाम हटाने के लिए आर्टिफीसियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल नहीं किया जाता। बीजेपी ने कहा कि ये फैसले उचित प्रक्रिया के तहत निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों द्वारा लिए जाते हैं। भाजपा ने ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा, “तकनीक बदली है, व्यवस्था नहीं। प्रणाली डिजिटल हो गई है, लेकिन निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) के सभी वैधानिक अधिकार बरकरार हैं।”

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने ‘एक्स’ पर एसआईआर से जुड़ी जानकारी साझा करते हुए कहा कि एसआईआर के दौरान 2.8 लाख से अधिक मृत मतदाताओं के नाम हटाए गए। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव के लिए एसआईआर को जरूरी बताया है। प्रदीप भंडारी ने कहा, “सड़क पर अराजकता को लोकतंत्र को बंधक बनाने की अनुमति नहीं दी जा सकती।”

यह भी पढ़ें- ज्ञानेश कुमार के खिलाफ खुलेगा 20 साल पुराना केस

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ वोटर लिस्ट में एसआईआर में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए विपक्षी दलों ने मोर्चा खोल रखा है। ऐसे वक्त में केरल की वीडी सतीशन सरकार के गृहमंत्री रमेश चेन्निथला ने उनके खिलाफ 20 साल पुराना, 2006 का केस खोल दिया है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।