West Bengal Chunav Exit Poll: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्य विधानसभा चुनावों के एग्जिट पोल के अनुमानों पर प्रतिक्रिया दी है। बनर्जी ने विश्वास जताया कि 4 मई को बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित होने के बाद टीएमसी सरकार बनाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि उनकी पार्टी मतगणना के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी नहीं होने देगी।

सीएम ममता बनर्जी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो जारी किया है। इसमें उन्होंने कहा, ““एग्जिट पोल बीजेपी के कार्यालय से हैं। ये आंकड़े मनगढ़ंत हैं और टीएमसी कार्यकर्ताओं का मनोबल गिराने के लिए बनाए गए हैं।” उन्होंने आरोप लगाया कि उनके निर्वाचन क्षेत्र भवानीपुर में पूरी रात छापेमारी की गई।

बीजेपी ने अपना आखिरी दांव खेल दिया- ममता बनर्जी

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आगे कहा, “भारतीय जनता पार्टी ने आखिरी दांव खेल दिया है। अगर सही आंकड़े जारी होते तो शेयर बाजार धराशायी हो जाते।” सीएम बनर्जी ने कहा, “हम 2026 में 226 सीटों का आंकड़ा पार करेंगे। मुझे मतदाताओं पर पूरा भरोसा है। मैं अपने उम्मीदवारों से मतगणना के दौरान अपनी-अपनी सीटों की रक्षा करने का आग्रह करती हूं। मैं भी ऐसा ही करूंगी। उन्होंने मतगणना केंद्रों के रास्ते में ईवीएम बदलने की योजना बनाई है। जब तक मैं प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से न कहूं, तब तक वोट काउटिंग रूम को न छोड़ें। शांति बनाए रखें, मुझ पर भरोसा रखें। निश्चिंत रहें, केवल टीएमसी ही सत्ता में आ रही है।”

बंगाल की सीएम ने कहा, “मैं प्रशासन से बल प्रयोग से बचने का आग्रह करती हूं। बीजेपी के अपने कोई एजेंट नहीं थे, इसलिए उन्होंने अमित शाह के सीधे हस्तक्षेप से केंद्रीय बलों को एकजुट किया। मुझे यह भी जानकारी मिली है कि उन्होंने लिफाफों में 3000 रुपये दिए हैं। पैसा किसने लिया, यह स्पष्ट नहीं है, फिर भी हम उन्हें गलत नहीं समझेंगे।”

एग्जिट पोल ने बंगाल के लिए क्या भविष्यवाणी की है?

मैट्रिज के अनुसार, टीएमसी बहुमत के आंकड़े से कुछ सीटें पीछे रह सकती है। इसने पार्टी को 125 से 140 सीटें आने की भविष्यवाणी की है। मैट्रिज ने बीजेपी को बढ़त देते हुए 146-161 सीटों पर जीत का अनुमान लगाया है। पोलिंग एजेंसी पी-मार्क ने भी इसी तरह का अनुमान लगाया है, जिसके अनुसार बीजेपी को 150-175 सीटें मिल सकती हैं, जबकि सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस 118-138 सीटें जीत सकती है। एजेंसी ने यह भी अनुमान लगाया है कि अन्य पार्टियां दो से छह सीटें हासिल कर सकती हैं।

पोल डायरी के पोल्स ने भारतीय जनता पार्टी के लिए स्पष्ट जीत की भविष्यवाणी करते हुए कहा कि पार्टी 142-171 सीटें जीत सकती है, जबकि टीएमसी बहुमत के आंकड़े से काफी पीछे रह सकती है और उसे केवल 99-127 सीटें मिल सकती हैं।

हालांकि, पीपुल्स पल्स ने एक अलग अनुमान लगाया है, जिसके अनुसार राज्य में सत्ताधारी टीएमसी सरकार बरकरार रह सकती है, हालांकि विधानसभा में उसकी सीटों की संख्या मौजूदा 215 से घटकर 177-187 हो सकती है। उसने अनुमान लगाया है कि बीजेपी को 95-110 सीटें मिलेंगी। पढ़ें पूरी खबर…