BJP Gen Z Outreach: बीजेपी ने देश के युवा और ‘जनरेशन जी’ (Gen Z) वोटरों तक अपनी पहुंच करने के लिए एक विशेष टीम का गठन किया है। पार्टी ने यह कदम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस निर्देश के बाद उठाया गया है, जिसमें उन्होंने केंद्रीय मंत्रियों और पार्टी नेताओं को विश्वविद्यालयों व स्कूलों में जाकर युवाओं के साथ सीधे संवाद करने की बात कही थी।

बीजेपी सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि युवाओं से जुड़ने के लिए बनाई गई इस समर्पित टीम में कई बड़े चेहरों को जिम्मेदारी दी गई है। इस टीम में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी और विनोद तावड़े के साथ-साथ गुजरात के मंत्री हर्ष संघवी भी शामिल हैं।

संवाद के जरिए जनाधार बनाने की कोशिश

छत्तीसगढ़ के मंत्री ओपी चौधरी और अन्य युवा नेताओं को भी इस अभियान का हिस्सा बनाया गया है। पार्टी जल्द ही इस विशेष आउटरीच प्रोग्राम की शुरुआत करेगी, जिसके तहत युवाओं की आकांक्षाओं, चिंताओं और उम्मीदों को समझने के लिए सीधे संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

राहुल गांधी का पुणे में कार्यक्रम ‘छात्रों की गूंज’

बीजेपी की यह पहल ऐसे समय में सामने आई है जब विपक्षी दल कांग्रेस भी युवा वोटरों को साधने के लिए आक्रामक रुख अपना रही है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी पुणे के AISSMS कॉलेज ग्राउंड में ‘छात्रों की गूंज’ नाम से एक बड़े कार्यक्रम का आयोजन कर रहे हैं। इससे पहले वे कोटा, देहरादून और प्रयागराज में भी इसी तरह के कार्यक्रम आयोजित कर चुके हैं।

इस कार्यक्रम में पेपर लीक, परीक्षाओं में धांधली और बढ़ती शिक्षा फीस जैसे मुद्दों पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार इस कार्यक्रम में हजारों युवाओं के शामिल होने की उम्मीद है।

कांग्रेस और राहुल पर हमला

बीजेपी ने राहुल गांधी के इस कार्यक्रम पर तीखा हमला बोला है। बीजेपी के प्रवक्ता नवनाथ बान ने इस पर सवाल उठाते हुए कहा, “कांग्रेस का यह कार्यक्रम ‘छात्रों की गूंज’ नहीं बल्कि ‘पैसे की गूंज’ है।”

बीजेपी प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने भीड़ जुटाने के लिए सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को पैसे दिए हैं। उन्होंने दावा किया कि इन्फ्लुएंसर्स को प्रचार के लिए भारी-भरकम राशि की पेशकश की गई और भीड़ जुटाने पर करोड़ों रुपये खर्च किए गए। हालांकि, कांग्रेस ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है।

बीजेपी की नई राष्ट्रीय टीम की पहली बैठक

इससे पहले शनिवार को बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की अध्यक्षता में पार्टी की नवगठित राष्ट्रीय टीम की पहली परिचयात्मक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक की शुरुआत राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ के सभी छह छंदों के गायन के साथ हुई। इसके अलावा बीजेपी ने वंदे मातरम के सभी छंदों को का प्रस्ताव पारित किया और राष्ट्रगान को उसके पहले दो छंदों तक सीमित करने के कांग्रेस के फैसले की निंदा की।

यह भी पढ़ें: ‘सलेक्टिव पॉलिटिक्स’ कर रहे राहुल गांधी, स्मृति ईरानी ने JPSC-JSSC प्रदर्शन मुद्दे पर कांग्रेस नेता को घेरा

भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी ने झारखंड में JPSC-JSSC अभ्यर्थियों के प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ‘सलेक्टिव पॉलिटिक्स’ करते हैं। भाजपा नेता ने सवाल किया कि कांग्रेस नेता ने दूसरे राज्यों में इसी तरह की मांगों का समर्थन क्यों नहीं किया। पढ़िए पूरी खबर…