दशहरा के बाद भाजपा गुजरात की अनुसूचिता जाति (ST) के लिए आरक्षित 27 विधानसभा सीटों पर 72 घंटे का जनसंपर्क अभियान चलाने की तैयारी कर रही है। इस अभियान के दौरान सांसद, विधायक और मंत्री गांवाों में रुकेंगे, ग्राम सभाओं में शामिल होंगे और स्कूलों व आंगवाड़ी केंद्रों का दौरा करेंगे।

इस अभियान का मकसद आदिवासी मतदाताओं तक विकास कार्यों से जुड़ी पार्टी की बाच पहुंचाना है। साथ ही, पार्टी के नेता स्थानीय लोगों की समस्याओं को समझेंगे और संगठन की कमियों का भी पता लगाएंगे।

भारतीय जनता पार्टी की ओर से वितरिता की गई एक गोपनीय पुस्तिका में आदिवासी क्षेत्रों की सभी तालुकाओं (तहसीलों) के दौरे का कार्यक्रम तैयार किया गया है। इसके तहत उत्तर में अंबाजी से लेकर दक्षिण में उमरगाम तक फैले आदिवासी इलाके, जिसे आमतौर पर ‘पूर्वी पट्टी’ कहा जाता है। उसमें बीजेपी अपने अभियान को व्यापक स्तर पर चलाएगी। इस अभियान के जरिए पार्टी लोगों तक ‘विकसित भारत’ का संदेश पहुंचाना चाहती है। साथ ही, विपक्ष की ओर से उठाए जा रहे मुद्दों का जवाब देने की भी रणनीति है।

2017 तक गुजरात के आदिवासी इलाकों की ज्यादातर सीटों पर कांग्रेस का दबदबा था। उस साल 27 अनुसूचित जनजाति (ST) के लिए आरक्षित सीटों में से कांग्रेस ने 17 सीटें जीती थीं। उसकी सहयोगी भारतीय ट्राइबल पार्टी (BTP) को दो और बीजेपी को आठ सीटें मिली थीं।

हालांकि, 2022 के विधानसभा चुनाव में तस्वीर बदल गई। बीजेपी ने 27 में से 23 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि कांग्रेस सिर्फ तीन सीटों पर सिमट गई। आम आदमी पार्टी (AAP) को एक सीट मिली।

AAP ने इस इलाके में अपनी राजनीतिक मौजूदगी तब दर्ज कराई, जब चैतार वसावा ने अपने पहले ही विधानसभा चुनाव में नर्मदा जिले की डेडियापाड़ा सीट पर बड़े अंतर से जीत हासिल की। गुजरात की अनुसूचित जनजाति (ST) के लिए आरक्षित चारों लोकसभा सीटें फिलहाल बीजेपी के पास हैं।

यह जनसंपर्क अभियान ऐसे समय में चलाया जा रहा है, जब पंचायत (अनुसूचित क्षेत्रों तक विस्तार) कानून यानी पेसा (PESA) कानून को लागू करने, जमीन के अधिकारों और आदिवासी पहचान से जुड़े मुद्दों पर लगातार सवाल उठ रहे हैं।

गुजरात में प्रस्तावित समान नागरिक संहिता (UCC) को 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले लागू किए जाने की उम्मीद है। इस कानून के दायरे से अनुसूचित जनजातियों (ST) के अलावा उन लोगों और समूहों को भी बाहर रखा गया है, जिनके पारंपरिक अधिकारों को संविधान के भाग XXI के तहत संरक्षण मिला हुआ है। हालांकि, समान नागरिक संहिता को लेकर जारी बहस के बीच आदिवासियों के पारंपरिक अधिकारों और उनकी पहचान को लेकर चिंताएं बनी हुई हैं।

भरूच से भाजपा सांसद मनसुख वसावा ने इंडियन एक्सप्रेस को बताया, “हमारे विधायक, सांसद और मंत्री अपने-अपने क्षेत्रों में 72 घंटे बिताएंगे। हर तालुका का दौरा करेंगे और गांवों में रात बिताएंगे। आंगनवाड़ियों में बच्चों को प्रोत्साहित करने से लेकर प्रधानमंत्री कुसुम योजना, सौर ऊर्जा और आदिवासी विश्वविद्यालयों की स्थापना के लाभों को समझाने तक, हमारा पूरा ध्यान अपने कार्यों को बताने पर रहेगा।”

सात बार के सांसद वसावा ने कहा कि इस अभ्यास से संगठनात्मक कमजोरियों को पहचानने में भी मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि अच्छा काम हुआ है और पार्टी बेहद मजबूत है, लेकिन हम जैसे संगठनात्मक कार्यकर्ताओं की ओर से कुछ कमियां हैं, जिनका विरोधियों ने फायदा उठाया है। यह कार्यक्रम हमें सही जानकारी देगा। जो भी सुधार करने की जरूरत होगी, हम उसे करेंगे।

संगठन को लेकर चिंताएं

इस साल की शुरुआत में नर्मदा जिले में भाजपा की संगठनात्मक चिंताएं खुलकर सामने आई थीं। जून में नांदोद की विधायक दर्शना देशमुख की जिला नेताओं के साथ सार्वजनिक रूप से कहासुनी हुई थी। इसके बाद उन्होंने धरना दिया था। वसावा ने उनका समर्थन किया था। इस घटनाक्रम के बाद बीजेपी ने नर्मदा जिले के पार्टी अध्यक्ष को बदल दिया।

भाजपा के जनजातीय मोर्चा से जुड़े एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि इस अभियान के जरिए नेताओं को उन मुद्दों को समझने का मौका मिलेगा, जो आम राजनीतिक कार्यक्रमों के दौरान सामने नहीं आ पाते।

नेता ने कहा कि इस दौरान पार्टी के नेता लोगों की शिकायतें सुनेंगे, यह देखेंगे कि सरकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंच रहा है या नहीं और उन क्षेत्रों की पहचान करेंगे, जहां पार्टी का स्थानीय संगठन कमजोर है।

उन्होंने कहा कि जब नेता खुद इलाकों में जाते हैं, वहां रात बिताते हैं और अलग-अलग जगहों पर पहुंचते हैं, तो स्थानीय कार्यकर्ता लोगों की प्रतिक्रियाओं को पहले से प्रभावित नहीं कर पाते।

भाजपा उन इलाकों को लेकर विशेष रूप से सतर्क है, जहां विपक्ष की मौजूदगी अब भी बनी हुई है। अप्रैल में हुए स्थानीय निकाय चुनावों में भी पार्टी की संगठनात्मक कमजोरियां सामने आई थीं। इन चुनावों में नर्मदा, भरूच और छोटा उदेपुर जिलों में बीजेपी को झटके लगे थे।

असंतोष के संकेत

आदिवासी बहुल क्षेत्र में हुए दो घटनाक्रमों ने भाजपा को भी चिंतित कर दिया है। अगस्त में नर्मदा जिले के सागबारा तालुका के 12 गांवों के आदिवासी किसानों ने पड़ोसी सूरत जिले के उमरपाड़ा तालुका में वन भूमि पर खेती करने के अधिकार को लेकर विरोध प्रदर्शन किया।

वन विभाग का कहना है कि खेती वन अधिकार अधिनियम और ग्राम सभा के प्रस्तावों के अधीन है। नर्मदा और सूरत जिलों के बीच प्रशासनिक सीमा के कारण यह विवाद और भी जटिल हो गया है।

विरोध प्रदर्शन भले ही समाप्त हो गया हो, लेकिन यह मुद्दा कांग्रेस के लिए अवसर प्रदान करता रहता है। राज्य कांग्रेस अध्यक्ष अमित चावड़ा, विधायक अनंत पटेल और पूर्व मुख्यमंत्री शंकरसिंह वाघेला ने 2 अक्टूबर को खोपी का दौरा किया और किसानों का समर्थन किया।

दिसंबर 2025 में एक और चिंता सामने आई, जब दक्षिण गुजरात के तापी जिले से जुड़ा होने का दावा करने वाला एसी भारत सरकार संगठन (AC Bharat Sarkar Sangathan) नाम का एक समूह बनासकांठा में सामने आया। इस समूह पर पडालिया गांव में सरकारी अधिकारियों के साथ कथित मारपीट के आरोप में मामला दर्ज किया गया था। यह समूह सभी तरह के अधिकारों और सत्ता को खारिज करने का दावा करता था। खबरों के मुताबिक, उसने 200 से अधिक लोगों को चुनाव पहचान पत्र और राशन कार्ड लौटाने के लिए भी प्रभावित किया था। हालांकि, बाद में अधिकारियों ने लोगों को समझाकर ये दस्तावेज वापस लेने के लिए राजी कर लिया।

आम आदमी पार्टी की चुनौती

कांग्रेस के कमजोर होने से आम आदमी पार्टी (AAP) के लिए जगह बनी है, खासकर नर्मदा जिले में। अप्रैल में हुए स्थानीय निकाय चुनावों में AAP ने नर्मदा जिला पंचायत की 22 में से 15 सीटें जीतीं। पार्टी ने डेडियापाड़ा, सागबारा, गरुड़ेश्वर और नवगठित चिखड़ा तालुका पंचायतों में भी जीत दर्ज की। स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के लिए मशहूर गरुड़ेश्वर में मिली हार भाजपा के लिए सबसे बड़े झटकों में से एक थी।

इन नतीजों को व्यापक रूप से चैतार वसावा के प्रति सहानुभूति का संकेत माना गया, जबकि उस समय वह जेल में बंद थे। बाद में जून में उन्हें 2023 के एक मामले में दोषी ठहराया गया। यह मामला वन विभाग के अधिकारियों पर हमले से जुड़ा था। उनकी गैरमौजूदगी के बावजूद आम आदमी पार्टी (AAP) का चुनाव प्रचार जारी रहा। उनकी पत्नियां वर्षा और शकुंतला उनकी ओर से लगातार प्रचार करती रही हैं।

चैतर वासावा को अभी तक विधायक पद से अयोग्य घोषित न किए जाने को भाजपा के भीतर सतर्कता के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। पार्टी के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि पार्टी फिलहाल देदियापाड़ा में उपचुनाव को लेकर आशंकित है।

नेता ने कहा कि आदिवासी युवाओं के कुछ वर्गों में चैतार के साथ आज भी गहरा भावनात्मक जुड़ाव है। उनकी अनुपस्थिति में भी उनका प्रभाव प्रबल बना हुआ है, लेकिन अयोग्यता अपरिहार्य है। यदि विधानसभा का शेष कार्यकाल एक वर्ष से कम है, तो उपचुनाव कराने की आवश्यकता नहीं है। इस बात को ध्यान में रखना होगा।

मोदी का इस क्षेत्र के लिए प्रयास

2018 में स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का उद्घाटन करने के बाद से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नर्मदा जिले को पर्यटन और विकास केंद्र के रूप में स्थापित करने का प्रयास किया है। केवड़िया का नाम बदलकर एकता नगर कर दिया गया है और केंद्र सरकार ने इस क्षेत्र का उपयोग प्रमुख राष्ट्रीय आयोजनों की मेजबानी के लिए किया है।

सितंबर में राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार पहली बार दिल्ली के बाहर आयोजित किए गए थे। मोदी के 31 अक्टूबर को सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर आयोजित राष्ट्रीय एकता परेड में भी शामिल होने की उम्मीद है।

सरकार के लिए ऐसे प्रोजेक्ट क्षेत्र के परिवर्तन और आदिवासी समुदायों के लिए सृजित रोजगार के अवसरों को रेखांकित करते हैं, लेकिन स्थानीय आबादी के कुछ वर्गों ने भूमि, विस्थापन और स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के आसपास की आर्थिक गतिविधियों से आस-पास के समुदायों को कितना लाभ हुआ है, इस पर सवाल उठाए हैं।

यह तनाव आदिवासी बहुल क्षेत्र में भाजपा के सामने मौजूद व्यापक चुनौती को दर्शाता है: पार्टी सड़कों, पर्यटन, सार्वजनिक बुनियादी ढांचे और कल्याणकारी योजनाओं का हवाला देती है, जबकि आलोचक भूमि अधिकारों और विकास प्रक्रिया में स्थानीय समुदायों की हिस्सेदारी पर सवाल उठाते हैं।

सरकार ने जनजातीय-केंद्रित कार्यक्रमों का भी विस्तार किया है, जिसमें धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान शामिल है। जिसका उद्देश्य कल्याणकारी योजनाओं के वितरण में सुधार करना और वन अधिकार अधिनियम का कार्यान्वयन सुनिश्चित करना है।

भाजपा का दांव

गुजरात की 6.5 करोड़ की आबादी में आदिवासियों की संख्या करीब 80 लाख है। राज्य के कुल मतदाताओं में उनकी हिस्सेदारी लगभग 14 फीसदी है। वे मुख्य रूप से राजस्थान, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश की सीमा से लगे 14 जिलों में रहते हैं।

भारतीय जनता पार्टी ने आदिवासी समुदायों के बीच अपना समर्थन बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए हैं। पार्टी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के निर्वाचन को प्रमुखता देती रही है। इसके अलावा, मांगढ़ हिल पर आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों की स्मृति में कार्यक्रम आयोजित कर उन्हें सम्मान देने की कोशिश की गई है।

भाजपा की ओर से आदिवासी क्षेत्रों में बुनियादी ढांचे की अनदेखी किए जाने के आरोप को वसावा खारिज करते हैं। उन्होंने कहा कि जिन गांवों तक बांधों का पानी नहीं पहुंचता, उसकी वजह वहां की भौगोलिक स्थिति है। हालांकि, बीजेपी सरकार ने पानी की आपूर्ति के लिए वैकल्पिक योजनाएं शुरू की हैं। उन्होंने दावा किया कि नल से जल योजना के तहत छोटा उदेपुर से दाहोद तक के अधिकांश आदिवासी क्षेत्रों में अब पानी की सुविधा पहुंच चुकी है।

पंचायत (अनुसूचित क्षेत्रों तक विस्तार) अधिनियम यानी पेसा (PESA) पर वसावा ने कहा कि कानून में कुछ सुधार की जरूरत है। हालांकि, उन्होंने यह भी दावा किया कि आदिवासी आबादी को मूल रूप से बीजेपी पर भरोसा है।

23 हजार जवानों के पहरे में राजधानी और बॉर्डर पर सख्ती…CJP के प्रदर्शन को लेकर अलर्ट पर दिल्ली

विपक्ष ने गुरुवार को घोषणा की कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे तक उनका विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। दूसरी तरफ, कॉकरोच जनता पार्टी ने लोगों से शनिवार को एक और धरना-प्रदर्शन के लिए जुटने की अपील की है। इसको देखते हुए दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। अधिकारियों और पुलिस ने सुरक्षा को लेकर कई कदम उठाए हैं। पढ़ें पूरी खबर।