कांग्रेस पार्टी (Congress Party) की भारत जोड़ो यात्रा (Bharat Jodo Yatra) के बाद पार्टी एक और अभियान शुरू करने वाली है। कांग्रेस ‘हाथ से हाथ जोड़ो अभियान’ की शुरुआत करने जा रही है। ये अभियान करीब दो महीने तक चलेगा। शनिवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश, सांसद केसी वेणुगोपाल समेत अन्य वरिष्ठ नेताओं ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस अभियान का लोगो जारी किया। साथ ही केंद्र सरकार के खिलाफ एक ‘चार्जशीट’ भी जारी की।
हाथ से हाथ जोड़ो अभियान की होगी शुरुआत
कांग्रेस सांसद जयराम रमेश (Congress Leader Jairam Ramesh) ने कहा कि हमारा निशाना मोदी सरकार की विफलताओं पर है। उन्होंने कहा, “हाथ से हाथ जोड़ो अभियान भारत जोड़ो अभियान का दूसरा चरण है। भारत जोड़ो अभियान में विचारधारा के आधार पर राहुल गांधी ने मुद्दें उठाए। उसका चुनाव से लेना-देना नहीं था। हाथ से हाथ जोड़ो अभियान में हमारा निशाना मोदी सरकार की विफलताए हैं, ये 100% राजनीतिक है।”
कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल (KC Venugopal) ने कहा कि ‘हाथ से हाथ जोड़ो’ अभियान 26 जनवरी से शुरू होगा। भारत जोड़ो यात्रा का संदेश आम लोगों तक पहुंचाने के लिए ये घर-घर अभियान चलाया जाएगा। आज हमने मोदी सरकार के खिलाफ चार्जशीट जारी की है।
केसी वेणुगोपाल ने कहा, “संबंधित प्रदेश कांग्रेस समितियां (PCCs) आरोपपत्र बनाएंगी और यदि आवश्यक हो तो संबंधित राज्य सरकारों के खिलाफ भी। कांग्रेस पार्टी मोदी सरकार के ‘कुशासन’ के कारण लोगों के दर्द को दूर करेगी। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम (Bharat Jodo Yatra) के 130 दिनों के बाद कांग्रेस को देश के लोगों से पर्याप्त इनपुट मिले, लाखों लोगों ने राहुल गांधी से बात की। हम समझ सकते हैं कि मोदी सरकार के कुशासन के कारण वे किस पीड़ा में हैं।” (यह भी पढ़ें: राहुल गांधी ने ‘गोदी मीडिया’ टर्म के इस्तेमाल को लेकर अपनी राय व्यक्त की।)
इससे पहले जम्मू-कश्मीर (Jammu & Kashmir) के कठुआ में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए जयराम रमेश ने कहा, “कांग्रेस (Congress) का कैनवास 6 लाख गांवों और 2.5 लाख ग्राम पंचायतों के 10 लाख मतदान केंद्रों में हर घर तक पहुंचेगा। हाथ से हाथ जोड़ो अभियान 26 जनवरी से 26 मार्च तक चलेगा। कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर जाकर प्रचार करेंगे और 6 लाख गांवों और 2.5 लाख ग्राम पंचायतों के 10 लाख मतदान केंद्रों के हर घर तक पहुंचेंगे।