बिहार के कैबिनेट मंत्री विनोद कुमार सिंह को कोरोना संक्रमण के बाद मस्तिष्क आघात (ब्रेन हेमरेज) हो गया है। पटना के एक अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है। विनोद कुमार सिंह कटिहार के प्राणपुर से विधायक हैं। विनोद कुमार सिंह और उनकी पत्नी 28 जून को कोरोना संक्रमित पाए गए थे। वे एकांतवास में रह रहे थे। रविवार को अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। विनोद कुमार सिंह भाजपा के कोटे से मंत्री हैं। इनके अलावा बिहार के सिंचाई मंत्री विजय कुमार सिन्हा भी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। बिहार में कई नेता संक्रमित हो चुके हैं। भाजपा के एमएलसी सुनील कुमार सिंह, राजद नेता राजकिशोर यादव की मौत हो चुकी है।
बिहार में रविवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 2,187 नए मामले सामने आने के बाद राज्य में संक्रमित लोगों का आंकड़ा बढ़कर 1.04 लाख तक पहुंच गया। स्वास्थ्य बुलेटिन के मुताबिक, राज्य में रविवार को कोविड-19 के 22 मरीजों की मौत के साथ ही इस घातक वायरस के कारण मरने वालों की संख्या बढ़कर 537 हो गई। इसके मुताबिक, मौत के 22 मामलों में से पटना में पांच, गया में चार, पूर्वी चंपारण एवं रोहतास में दो-दो जबकि भागलपुर, भोजपुर, बक्सर, दरभंगा, गोपालगंज, मुंगेर, नवादा, पश्चिमी चंपारण और सिवान जिलों में एक-एक मरीज की मौत हो गई। बिहार में अब तक 16.79 लाख नमूनों की जांच की जा चुकी है।
देश में कोरोना विषाणु संक्रमण के मामले रविवार रात तक 26 लाख से अधिक पहुंच गए। एक समाचार एजंसी के मुताबिक रात 9:35 बजे तक देश में संक्रमितों की संख्या 26,42,344 तक पहुंच गई थी। इससे पहले केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से रविवार सुबह जारी आंकड़ों के मुताबिक चौबीस घंटे में संक्रमण के 63,490 नए मामले आए। रविवार तक 18,62,258 लोगों के ठीक होने के साथ देश में कोविड-19 मरीजों के बीमारी से उबरने की दर भी बढ़कर 71.91 फीसद तक पहुंच गई। चौबीस घंटे में 944 संक्रमितों की मौत हुई है, जिन्हें मिलाकर देश में इस महामारी से जान गंवाने वालों की कुल संख्या बढ़कर 49,980 हो गई।
मंत्रालय ने बताया कि कोरोना से लोगों की मौत की दर में गिरावट आई है और अब यह 1.93 फीसद रह गई है। देश में इस समय 6,77,444 सक्रिय मरीज हैं जो कुल संक्रमितों का 26.16 फीसद है। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आइसीएमआर) के मुताबिक 15 अगस्त तक देश में 2,93,09,703 नमूनों की जांच की गई, जिनमें से 7,46,608 नमूनों की जांच शनिवार को की गई। (भाषा इनपुट के साथ)