Nalanda Sheetla Mata Temple Stampede News: बिहार में नालंदा के शीतला माता मंदिर में भगदड़ होने की खबर आई है। अभी तक मिली जानकारी के मुताबिक, इस भगदड़ में 8 महिलाओं की मौत हो गई है। मंदिर में भारी भीड़ के चलते पूजा के दौरान भगदड़ की यह घटना हुई। इस घटना में एक दर्जन से ज्यादा लोगों के घायल हुए हैं। बिहार के सीएम नीतीश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मृतकों और घायलों के प्रति संवेदना जताई और मुआवजे का ऐलान किया है।

यह घटना नालंदा के दीपनगर थाने के मघड़ा शीतला माता मंदिर की है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। माना जा रहा है कि मरने वालों का आंकड़ा अभी बढ़ सकता है। खबरों के मुताबिक, चैत्र महीने के आखिरी मंगलवार होने के चलते मंदिर में भारी भीड़ जमा हुई थी। लेकिन अव्यवस्था को चलते भगदड़ की घटना हो गई। फिलहाल राहत और बचाव का काम जारी है और कई एंबुलेंस मंदिर परिसर में पहुंच रही हैं।

खराब व्यवस्था की वजह से मची भगदड़

मंदिर में मौजूद एक प्रत्यक्षदर्शी रीना राय ने समाचार एजेंसी ANI को बताया, ”हमें जानकारी मिली कि कुछ लोग बेहोश हो गए हैं और कुछ लोग घायल हैं। कुछ लोगों की मौत की खबर भी मिली है। भगदड़ इसलिए हुई क्योंकि कोई भी लाइन में खड़ा नहीं रहना चाहता था और हर कोई दूसरों से पहले दर्शन करना चाहता था। यह चैत्र महीने का आखिरी मंगलवार था। यह सब खराब व्यवस्था की वजह से हुआ।”

एक अन्य श्रद्धालु ममता देवी ने कहा, ”यहां हर मंगलवार को काफी भीड़ रहती है। लोग शीतला माता के दर्शन के लिए आते हैं। हम भी पटना से दर्शन के लिए आए थे। लेकिन दर्शन करने की जल्दबाजी में भगदड़ मच गई और लोगों की मौत हो गई। यह सब खराब प्रबंधन की वजह से हुआ… यहां एंबुलेंस पहुंच गई है। लेकिन बहुत ज्यादा भीड़ है और प्रशासन नजर नहीं आ रहा है।”

पीएम मोदी ने व्यक्त किया शोक

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को बिहार के नालंदा में भगदड़ मचने से लोगों के मारे जाने पर शोक व्यक्त किया और मृतकों के परिजन को दो-दो लाख रुपये तथा घायलों को 50,000 रुपये अनुग्रह राशि के तौर पर देने की घोषणा की। प्रधानमंत्री ने एक संदेश में कहा, ”बिहार के नालंदा जिले की यह घटना अत्यंत दुखद है। मैं अपने प्रियजनों को खोने वाले सभी लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।”

उन्होंने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।

सीएम नीतीश कुमार ने किया मुआवजे का ऐलान

शीतला माता मंदिर में भगदड़ के बाद नीतीश कुमार ने मृतकों के परिजनों के लिए मुआवजे का ऐलान किया है।

आपदा प्रबंधन विभाग से 4 लाख रुपये और मुख्यमंत्री राहत कोष से 2 लाख रुपये (यानी कुल 6 लाख रुपये) हर मृतक के परिजन को दिए जाएंगे।

बिहार के डिप्टी सीएम का बयान

बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ट्वीट कर कहा,”नालंदा में माता शीतला मंदिर में हुई दुखद भगदड़ की घटना बेहद हृदयविदारक है। इस हादसे में जान गंवाने वाले सभी श्रद्धालुओं के परिजनों के प्रति मैं गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। सरकार प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता और राहत प्रदान कर रही है। घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था की गई है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को शांति दें और शोक संतप्त परिवारों को इस दुख की घड़ी में संबल प्रदान करें।”