बिहार में 8 एमएलसी सीटों पर 23 अक्टूबर को चुनाव होने हैं। इनमें पटना स्नातक सीट का मुकाबला सबसे ज्यादा चर्चा में है। इसकी वजह कोई सामान्य राजनीतिक टक्कर नहीं, बल्कि यहां मुकाबला जेडीयू बनाम जेडीयू जैसा हो गया है।

जेडीयू के आधिकारिक उम्मीदवार नीरज कुमार को अपनी ही पार्टी के विधायक और मोकामा से विधायक अनंत सिंह की चुनौती मिल रही है। अनंत सिंह जन सुराज पार्टी (JSP) के उम्मीदवार अनुज सिंह के लिए प्रचार कर रहे हैं।

नीरज कुमार जेडीयू के मुख्य प्रवक्ता भी हैं और पटना स्नातक सीट से लगातार चौथी बार जीतने के लिए चुनाव मैदान में हैं। वहीं अनंत सिंह और नीरज कुमार के बीच लंबे समय से राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता रही है। इसी वजह से अनंत सिंह का अनुज सिंह के समर्थन में प्रचार करना जेडीयू के लिए असहज स्थिति पैदा कर रहा है। मामले को और दिलचस्प इसलिए माना जा रहा है क्योंकि जेडीयू का शीर्ष नेतृत्व इस विवाद में सीधे दखल देने से बच रहा है।

नीरज कुमार और अनंत सिंह में राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता

नीरज कुमार और अनंत सिंह दोनों मोकामा से हैं और उनकी राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता जेडीयू में आने से पहले से चली आ रही है। 2015 के विधानसभा चुनाव में नीरज ने अनंत के खिलाफ चुनाव लड़ा था लेकिन वह हार गए थे। उस चुनाव में अनंत सिंह ने निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर जीत हासिल की थी। अनंत सिंह पर कई आपराधिक मामले भी दर्ज रहे हैं और अतीत में नीरज ने उनकी आलोचना भी की थी। अब अनंत सिंह खुले तौर पर जेडीयू के आधिकारिक उम्मीदवार के खिलाफ प्रचार कर रहे हैं। लेकिन पार्टी ने अभी तक उनके खिलाफ कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं की है।

अनंत सिंह के बगावती तेवर ने जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर को भी मौका दे दिया है। किशोर ने नीरज कुमार को खुली चुनौती देते हुए कहा है कि अगर पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार नीरज के समर्थन में एक असली वीडियो संदेश जारी कर दें तो जन सुराज पटना स्नातक सीट से अपना उम्मीदवार वापस ले लेगी।

किशोर ने कहा, ”अगर नीरज कुमार नीतीश कुमार से अपनी उम्मीदवारी के समर्थन में एक असली वीडियो संदेश जारी करवा लेते हैं तो हम पटना स्नातक सीट से अपना उम्मीदवार वापस ले लेंगे।” उन्होंने साफ किया कि वीडियो AI से बनाया हुआ नहीं होना चाहिए।

प्रशांत किशोर को दिख रहा मौका

प्रशांत किशोर ने अपना चुनाव प्रचार तेज कर दिया है। उनके प्रचार में शिक्षा सबसे बड़ा मुद्दा है। वह नौकरी की गारंटी का वादा भी कर रहे हैं। उन्होंने इससे पहले बांकीपुर में भी पांच साल में कम से कम 10 हजार निजी क्षेत्र की नौकरियां दिलाने की बात कही थी।

जन सुराज पार्टी का मानना है कि अनंत सिंह के समर्थन से चुनाव का समीकरण बदल सकता है। पार्टी के एक सूत्र ने कहा, ”केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह और जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा इस मामले में दखल नहीं दे रहे हैं और अनंत सिंह पूरी तरह हमारे साथ हैं। ऐसे में कौन जानता है, हम पटना स्नातक सीट पर भी बांकीपुर जैसा नतीजा दे दें।”

नीरज के लिए बदला चुनावी माहौल

नीरज कुमार के लिए यह चुनाव पिछले चुनावों से काफी अलग है। पटना स्नातक सीट में पटना, नालंदा और नवादा के कुछ इलाके आते हैं। यहां करीब 80 हजार रजिस्टर्ड स्नातक मतदाता हैं।

2008, 2014 और 2020 के एमएलसी चुनाव में नीरज के लिए यह सीट जीतना काफी आसान रहा था। लेकिन इस बार उन्हें अपनी ही पार्टी के भीतर से चुनौती मिल रही है।

नीरज को कभी ललन सिंह का करीबी माना जाता था। अब वह उस संगठनात्मक समर्थन के बिना चुनाव लड़ रहे हैं जिसकी उनसे उम्मीद की जा रही थी। नीरज के करीबी एक सूत्र ने अनंत सिंह के खिलाफ पार्टी की कार्रवाई नहीं होने पर सवाल उठाया।

सूत्र ने कहा, ”यह समझना मुश्किल नहीं है कि अनंत को कौन उकसा रहा है। यह भी हैरानी की बात है कि पार्टी ने पार्टी विरोधी गतिविधियों के लिए उनके खिलाफ कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं की। हालांकि नीरज पहले भी पार्टी के अंदर की खींचतान का सामना कर चुके हैं और इसके बावजूद चुनाव जीत चुके हैं।”

वहीं अनंत सिंह अपने समर्थन को लेकर पीछे हटने के मूड में नहीं हैं। उन्होंने कहा, ”नीरज ने जेडीयू का सदस्य रहते हुए भी मेरे कम से कम चार चुनावों में मेरा विरोध किया है। उनकी वजह से मुझे लदमा आर्म्स एक्ट मामले का सामना करना पड़ा। जन सुराज के उम्मीदवार को मेरा समर्थन वापस लेने का सवाल ही नहीं है।”

‘यह मेरी लड़ाई नहीं’

जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा ने इस विवाद से खुद को अलग कर लिया है। उन्होंने कहा, ”यह मामला ललन सिंह की लोकसभा सीट (मुंगेर) के तहत आने वाले इलाकों से जुड़ा है। इसे कैसे सुलझाना है, यह उन्हें तय करना है।”

ललन सिंह ने भी सीधे हस्तक्षेप से इनकार किया। उन्होंने कहा, ”हमने अपने राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष की बात सुनी है। लेकिन अनंत की अपनी चिंताएं हैं। ऐसे मामलों में मेरा हस्तक्षेप करना ठीक नहीं है।”

हालांकि कुछ चीजें नीरज कुमार के पक्ष में भी जा सकती हैं। अनंत सिंह का प्रभाव मुख्य रूप से मोकामा के कुछ इलाकों और नवादा के कुछ हिस्सों तक सीमित माना जाता है। वहीं नीरज ने स्नातक मतदाताओं के नाम जुड़वाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

ललन सिंह के अलावा जेडीयू के कई वरिष्ठ नेता, जिनमें संजय कुमार झा, बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार और निशांत कुमार शामिल हैं, नीरज के लिए प्रचार कर चुके हैं। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के भी अंतिम चरण में नीरज के समर्थन में प्रचार करने की उम्मीद है।

आरजेडी ने भी उतारा उम्मीदवार

आरजेडी ने दिलीप कुमार को उम्मीदवार बनाया है। वह पिछले चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़े थे।

आरजेडी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुबोध कुमार मेहता ने कहा, ”जेडीयू के अंदर की लड़ाई से मतदाताओं के बीच भ्रम पैदा हो रहा है और इसका सीधा फायदा हमारे उम्मीदवार को मिलेगा। यह एनडीए और जेडीयू के अंदर की समस्याओं के बारे में भी बहुत कुछ बताता है।”

बिहार में चार स्नातक सीटों- पटना, दरभंगा, तिरहुत और कोसी और चार शिक्षक सीटों- पटना, दरभंगा, तिरहुत और सारण पर चुनाव हो रहे हैं। ये चुनाव 30 जिलों और करीब 150 विधानसभा क्षेत्रों को कवर करते हैं। इन आठ सीटों पर कुल 164 उम्मीदवार मैदान में हैं। चुनाव के नतीजे 27 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे। बिहार विधान परिषद में कुल 75 सदस्य होते हैं।