Chetan Singh Jouramajra and Harmeet Singh Pathanmajra Resignations: पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी ने 40 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी की थी। इसके बाद अब विधायकों ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। इनमें पटियाला के समाना से विधायक चेतन सिंह जोड़ामाजरा और सनौर से विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा का नाम शामिल हैं।
चेतन सिंह जोड़ामाजरा ने फेसबुक पर पोस्ट कर लिखा, “मैं, चेतन सिंह जोड़ामाजरा, आम आदमी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देता हूं।” वहीं, सनौर से विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा ने लिखा, “मैं आम आदमी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से तत्काल प्रभाव से अपना इस्तीफा सौंपता हूं।”
आम आदमी पार्टी ने जारी की थी उम्मीदवारों की पहली लिस्ट
बता दें कि सत्ताधारी आम आदमी पार्टी की उम्मीदवारों की पहली लिस्ट में सीएम भगवंत मान का नाम भी शामिल है। वह अपने गृह जिले संगरूर की धुरी सीट से चुनाव लड़ेंगे। इससे उन अटकलों पर भी विराम लग गया है कि वे किसी दूसरे निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव लड़ सकते हैं।
सूची में प्रमुख उम्मीदवारों में मंत्री संजीव अरोड़ा भी शामिल हैं। उन्हें लुधियाना पश्चिम सीट से फिर से उम्मीदवार बनाया गया है, जबकि वे प्रवर्तन निदेशालय के मनी लॉन्ड्रिंग मामले के सिलसिले में जेल भी जा चुके हैं। मुख्यमंत्री मान के अलावा, अरोड़ा आम आदमी पार्टी के 15 सदस्यीय मंत्रिमंडल के इकलौते ऐसे मंत्री हैं जिन्हें अब तक चुनाव मैदान में उतारा गया है। विधानसभा अध्यक्ष कुलतार सिंह संधवान को उनकी कोटकपूरा सीट से फिर से उम्मीदवार बनाया गया है।
लिस्ट में मालवा क्षेत्र का पलड़ा भारी
आम आदमी पार्टी की पहली सूची में मालवा क्षेत्र का पलड़ा भारी है, जहां 40 में से 27 उम्मीदवारों के चुनाव क्षेत्र आते हैं। राज्य की कुल 117 विधानसभा सीटों में से 69 सीटें मालवा में हैं, जबकि माझा और दोआबा में क्रमशः 25 और 23 सीटें हैं। पार्टी ने अपनी पहली सूची में माझा से 5 और दोआबा से 8 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की है।
मालवा, खासकर संगरूर, बरनाला और मानसा जिले, पंजाब में आप के उभार का मुख्य केंद्र माने जाते हैं। इस क्षेत्र के 69 विधायकों में से 66 विधायक अभी इसी पार्टी के हैं। इनमें मुख्यमंत्री मान भी शामिल हैं, जिन्होंने 2022 के चुनावों में धुरी सीट से कांग्रेस उम्मीदवार को 58000 से ज्यादा वोटों से हराया था।
यह भी पढ़ें: ‘समर्पित सिपाही हैं…’, जेल में बंद इस नेता को भी AAP ने दिया पंजाब में टिकट
पंजाब में आम आदमी पार्टी ने शनिवार को विधानसभा चुनाव के लिए अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी है। इस सूची में पार्टी ने 40 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया है। सूची के मुताबिक, मुख्यमंत्री भगवंत मान एक बार फिर संगरूर जिले की धूरी विधानसभा सीट से चुनाव मैदान में उतरेंगे। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…
