लगभग एक महीने पहले बिहार वन विभाग ने हाईवे चौड़ा करने के लिए जंगल की जमीन इस्तेमाल करने की सरकारी अनुमति लेने के लिए एक एमओयू का प्रस्ताव दिया था। अब, कानूनी पाबंदियों और संरक्षित क्षेत्रों में निर्माण कार्य पर रोक लगाने वाले सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद, विभाग ने बिहार के भीमबांध वन्यजीव अभयारण्य के अंदर 12.9 एकड़ जमीन पर बड़े पैमाने पर पर्यटन सुविधाएं विकसित करने के लिए टेंडर जारी किया है।

बिहार वन विभाग की तरफ से 16 अक्टूबर को जारी टेंडर दस्तावेजों के अनुसार, इस योजना में एक हेलीपैड, 104 कॉटेज, 12 ट्री-हाउस (पेड़ों पर बने घर), एक रेस्टोरेंट और कैफे, स्पा, दुकानें, और शादियों, कार्यक्रमों व सम्मेलनों के लिए एक ऑडिटोरियम बनाना शामिल है। यहां दो या तीन मंजिला इमारतें बनाई जा सकती हैं।

इस महीने की शुरुआत में रद्द कर दिया गया एमओयू

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, 26 सितंबर को बिहार वन विभाग ने राज्य के सड़क निर्माण विभाग के साथ एक एमओयू पर साइन किए थे। इसमें हाईवे चौड़ीकरण परियोजना के लिए फॉरेस्ट क्लियरेंस दिलाने का वादा किया गया था। हितों के टकराव का मुद्दा उठने के बाद, इस महीने की शुरुआत में इस एमओयू को रद्द कर दिया गया था।

अब यह टूरिज्म टेंडर ‘बिहार इको टूरिज्म डेवलपमेंट सोसाइटी’ की ओर से आया है, जो राज्य वन विभाग के अंतर्गत आती है। इसमें अभयारण्य के भीतर भीमबांध-बेलटांड-चोरमारा-भट्टा कोल क्लस्टर को विकसित करने और चलाने के लिए लगभग 62.87 करोड़ रुपये के निवेश और 60 साल के रियायती समझौते का प्रस्ताव है। टेंडर जमा करने की अंतिम तारीख 30 नवंबर है।

वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम’ के तहत, वन्यजीव अभयारण्य के अंदर केवल वे निर्माण कार्य किए जा सकते हैं जो अभयारण्य के उद्देश्यों के लिए जरूरी हों। लेकिन व्यावसायिक उद्देश्यों के लिए टूरिस्ट लॉज (सरकारी लॉज सहित), होटल या सफारी पार्क बनाने के लिए नेशनल बोर्ड फॉर वाइल्डलाइफ से पूर्व अनुमति लेना अनिवार्य है।

फरवरी 2023 में, सुप्रीम कोर्ट ने अधिकारियों को टाइगर रिजर्व, राष्ट्रीय उद्यानों और वन्यजीव अभयारण्यों के भीतर अगले आदेश तक किसी भी तरह का निर्माण कार्य करने से रोक दिया था। बाद में, कोर्ट ने उत्तराखंड द्वारा मांगे गए कुछ रखरखाव कार्यों की अनुमति तो दी, लेकिन साथ ही यह चेतावनी भी दी कि इस अनुमति की आड़ में कोई अनावश्यक निर्माण कार्य नहीं किया जाना चाहिए।

यह प्रोजेक्ट पर्यटन विभाग की 6.3 एकड़ जमीन पर- नेसामणि

प्रतिबंधों के बारे में पूछे जाने पर बीईटीडीएस (BETDS) के प्रोजेक्ट डायरेक्टर और मुख्य वन संरक्षक नेसामणि के. ने कहा, “यह प्रोजेक्ट पर्यटन विभाग की 6.3 एकड़ जमीन और अन्य सरकारी विभाग की 6.6 एकड़ जमीन पर है। हम उन जगहों पर निर्माण कार्य शुरू कर सकते हैं जहां किसी तरह की मंजूरी की जरूरत नहीं है। जिन जगहों पर मंजूरी की जरूरत है, वहां हम कागजी कार्रवाई पूरी होने का इंतजार करेंगे।”

हालांकि, जमीन का मालिकाना हक होने का मतलब यह नहीं है कि किसी अधिसूचित अभयारण्य के दायरे में आने वाली जगह को इस कानून के तहत लगने वाले प्रतिबंधों से छूट मिल जाएगी। अभयारण्य के भीतर पहले से मौजूद अधिकार बने रह सकते हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि वहां बिना किसी रोक-टोक के निर्माण कार्य किया जा सकता है।

असल में टेंडर में कानूनी तौर पर जरूरी पर्यावरण संबंधी मंजूरी की ज़िम्मेदारी को लेकर विरोधाभासी बातें कही गई हैं। टेंडर के अनुच्छेद 4.1.2(b) के अनुसार, पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी मंजूरियां लेने की जिम्मेदारी बीईटीडीएस की है। वहीं, इसके ‘शेड्यूल ई’ में कहा गया है कि निजी डेवलपर को अपने खर्च पर जरूरी पर्यावरण, वन और वन्यजीव संबंधी मंजूरियां लेनी होंगी।

हम कुछ जमीन जरूरी मंजूरियों के साथ सौंप सकते हैं- नेसामणि

इस पर नेसामणि ने कहा, “हम कुछ जमीन जरूरी मंजूरियों के साथ सौंप सकते हैं। प्रोजेक्ट के बाकी हिस्से के लिए डेवलपर को खुद मंजूरियां लेनी होंगी।” अभयारण्य के अंदर पर्यटन सुविधाओं के विकास के लिए चार जगहों का प्रस्ताव है। टेंडर के अनुसार, भीमबांध को ठहरने की व्यवस्था, हॉस्पिटैलिटी और हेलीपैड के लिए, बेलाटांड को एडवेंचर और प्रकृति से जुड़ी गतिविधियों के लिए, चोरमारा को योग ग्राम, वेलनेस, खेती और कारीगरों के अनुभवों के लिए और भट्टा कोल को सफारी, झरनों और नेचर ट्रेल्स (प्रकृति के बीच बने रास्तों) के लिए तय किया गया है।

यह भी पढ़ें: ‘बस वह जिंदा रहे’, बिहार में नशे की लत से बिखरते परिवारों की दर्दनाक कहानी

बिहार में हर जगह ड्रग्स के मामलों में चिंताजनक उछाल सामने आया है। नशीले पदार्थों के मामलों में गिरफ्तारियों से लेकर जब्ती, नशे के आदी लोगों की संख्या और दर्ज मामलों तक। यह शराबबंदी के बाद राज्य में पैदा हुए एक नए संकट की कहानी बताती है। गुरुवार को द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट में यह खुलासा हुआ। हर आंकड़ा एक ऐसी जिंदगी की कठोर और मार्मिक याद भी दिलाता है, जो नशे से बुरी तरह प्रभावित हुई है या जिसने अपनी जान तक गंवा दी है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर…