यूपी में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले नेताओं के पार्टी बदलने का सिलसिला लगातार जारी है। गुरुवार को सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने बीजेपी और बीएसपी के कई अहम चेहरों को समाजवादी पार्टी की सदस्यता दिलाई। लखनऊ में सपा कार्यालय पर आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में इन नेताओं ने सपा ज्वॉइन की।

समाजवादी पार्टी ज्वॉइन करने वाले नेताओं में सबसे बड़ा चेहरा गोंडा के ब्लॉक प्रमुख भवानी भीख शुक्‍ला का है जिन्होंने अपने 5 बेटों के साथ बीजेपी छोड़ सपा ज्वॉइन की। अखिलेश यादव ने सभी नेताओं को पार्टी की सदस्यता दिलाई।

मुरादाबाद के भी पूर्व विधायक ने ज्वॉइन की SP

समाजवादी पार्टी ज्वॉइन करने वालों में मुरादाबाद के पूर्व विधायक राजीव चन्ना और मनमोहन सैनी भी शामिल हैं। इसके अलावा मेरठ से बीएसपी के पूर्व विधायक विनय कुराली ने भी सपा ज्वॉइन कर ली है। इन सभी के बीच भवानी भीख शुक्ला का सपा ज्वॉइन करना बीजेपी के लिए बड़ा झटका रहा। इनकी मौजूदगी में सपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय में ‘जय भवानी जय अखिलेश’ के नारे लगाए।

कौन हैं भवानी भीख शुक्ला?

भाजपा के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह के करीबी माने जाने वाले भवानी भीख शुक्‍ला गोंडा के रहने वाले हैं जिला पंचायत सदस्‍य हैं। वह करीब 26 सालों से ब्‍लॉक प्रमुख पद से जुड़े हैं। उनकी पत्‍नी जुगरानी कटरा बाजार की ब्‍लॉक प्रमुख हैं।

भवानी भीख शुक्ला के राजनीतिक करियर की शुरुआत 1999 में बीजेपी से ही हुई थी। 2009 से 2012 तक वह बीएसपी में रहे। इसके बाद 2012 से 2017 तक वह समाजवादी पार्टी में रहे। 2017 में सपा छोड़कर वह भाजपा में दोबारा आ गए थे। अब एक फिर उनका मन बदला है और उन्‍होंने सपा में वापसी कर ली है।

अखिलेश ने गिनाई बीजेपी की 10 चालें

इस पार्टी सदस्यता कार्यक्रम में जब अखिलेश यादव कार्यकर्ताओं को संबोधित करने आए तो उन्होंने बीजेपी पर ‘वोट चोरी’ का आरोप लगाते हुए 10 चालें गिनाईं। उन्होंने कहा कि भाजपा की 10 चुनावी चालें जो यूपी चुनाव में देखने को मिल सकती हैं उनमें है नकली वोट जुड़वाना, विरोधियों के वोट कटवाना, मतदान के दिन बंदूक तनवाना, ईवीएम सेट करना, मतगणना में गड़बड़ी करना, हारे प्रत्याशी को जीत का प्रमाणपत्र देना, विपक्ष में फूट डलवाना और विपक्ष को तोड़कर सरकार बनवाना।

‘SP के PDA को मिल रहा प्यार’

अखिलेश यादव ने इस दौरान कहा कि SP के PDA गठबंधन के लगातार बढ़ने के कारण बीजेपी लगातार अपना समर्थन खो रही है। अखिलेश ने कहा कि समाजवादी पार्टी प्यार, दया और एकता के जरिए लोगों को जोड़ने का काम कर रही है जबकि उन्होंने BJP पर दर्द, दुख और बेइज्जती फैलाने का आरोप लगाया। अखिलेश ने कहा कि भाजपाईयों की टंकी फूटेगी हमें इसके लिए मटके मंगवाने होंगे।