Bharat Jodo Yatra: भारत जोड़ो यात्रा के समापन से पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने श्रीनगर में रविवार शाम (29 जनवरी, 2023) एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया। इस दौरान राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) और आरएसएस (RSS) पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अगर जम्मू-कश्मीर में सब सही है तो अमित शाह श्रीनगर के लाल चौक तक पैदल चलकर दिखाएं।
जम्मू कश्मीर में टारगेट किलिंग पर राहुल गांधी ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में टारगेट किलिंग हो रही है, ब्लास्ट हो रहे हैं। अगर सुरक्षा व्यवस्था इतनी ही अच्छी है तो BJP, लाल चौक से जम्मू तक यात्रा क्यों नहीं करती, गृह मंत्री अमित शाह जम्मू से कश्मीर तक यात्रा क्यों नहीं करते? मुझे नहीं लगता यहां की सुरक्षा व्यवस्था ठीक है।
चीन ने भारत की 2000 वर्ग किमी. जमीन पर कब्जा किया: राहुल गांधी
राहुल गांधी ने कहा कि मैं सेवानिवृत्त जवानों और लद्दाखियों से मिला, उन्होंने कहा कि चीन ने हमारे 2000 वर्ग किमी ज़मीन ले ली है, भारत के कई पेट्रोलिंग प्वाइंट चीन के हाथों में है। सरकार का इन बातों को नकारना बहुत खतरनाक है, ये चीन के आत्मबल को और बढ़ाएगा।
‘विपक्ष में मतभेद जरूर हैं, मगर विपक्ष एक साथ लड़ेगी’
विपक्षी पार्टियों में एकता के सवाल पर राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष की पार्टियों में जो एकता आती है वो बातचीत से आती है। ये कहना कि विपक्ष बिखरी हुई है, ठीक नहीं है। विपक्ष में मतभेद जरूर हैं, मगर विपक्ष एक साथ लड़ेगी। ये विचारधारा की लड़ाई है। एक तरफ RSS-BJP वाले हैं और दूसरी तरफ गैर RSS-BJP वाले हैं। इस यात्रा ने देश को एक अलग विजन दिया है। जहां BJP-RSS ने देश को नफरत और अहंकार से भरा विजन दिया है। वहीं, कांग्रेस ने देश को मोहब्बत और भाईचारे का विजन दिया है। आज हिंदुस्तान के सामने जीने के यह दो तरीके हैं।
राहुल गांधी ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा के दौरान मैंने बहुत सीखा। लाखों लोगों से मिला, बातचीत की। उन्होंने कहा कि यात्रा का लक्ष्य भारत को जोड़ने का था, जो नफरत फैलाई जा रही थी। उसके खिलाफ हमारी यात्रा थी। गांधी ने कहा कि इस सरकार में किसान, व्यापारी सब परेशान हैं।
भारत जोड़ो यात्रा मेरी जिंदगी का सबसे अच्छा अनुभव रहा: राहुल गांधी
गांधी ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा मेरी जिंदगी का सबसे अच्छा अनुभव रहा। इस दौरान हमने बहुत कुछ सीखा। यह कांग्रेस की यात्रा नहीं, बल्कि भारत की यात्रा है। यह यात्रा अभी खत्म नहीं हुई है, यह केवल अभी एक शुरूआत है। मैं देश की जनता, सभी यात्रियों, पुलिस और CRPF के जवानों को धन्यवाद देना चाहता हूं।