Congress Bharat Jodo Yatra: जम्मू और कश्मीर में चल रही राहुल गांधी (Rahul Gandhi) की भारत जोड़ो यात्रा कुछ देर के लिए बनिहाल में रोक दी गई थी। शुक्रवार (27 जनवरी 2023) को यात्रा बनिहाल में कुछ देर के लिए रोकी गयी थी। कांग्रेस (Congress) ने सुरक्षा न मिलने का आरोप लगाया है। इस सबके बीच राहुल गांधी यात्रा छोड़कर निकल गए और भारत जोड़ो यात्रा कार्यकर्ताओं के साथ आगे बढ़ी।
यात्रा जारी रहेगी- Rahul Gandhi
जिसके बाद कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने प्रेस कान्फ्रेंस कर कहा कि यात्रा जारी रहेगी और हम चलते रहेंगे। उन्होंने कहा, “आज यात्रा के दौरान पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था ध्वस्त हो गई। टनल से निकलने के बाद पुलिसकर्मी नहीं दिखे। मेरे सुरक्षाकर्मियों ने कहा कि हम और नहीं चल सकते। मुझे अपनी यात्रा रोकनी पड़ी बाकी लोग यात्रा कर रहे थे। भीड़ को काबू करना प्रशासन की जिम्मेदारी है।”
Bharat Jodo Yatra बनिहाल में रुकी
Bharat Jodo Yatra आज जम्मू-कश्मीर के रामबन से रवाना होकर अनंतनाग तक जाएगी। इस बीच कांग्रेस का आरोप है कि यात्रा में सुरक्षा नहीं मिल रही है जिसके चलते यात्रा को रोकना पड़ा। पार्टी का कहना है कि सुरक्षा के बिना यात्रा का आगे बढ़ना खतरे से खाली नहीं है। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा में सुरक्षा में चूक हुई है। ऐसे में हम राहुल गांधी को आगे नहीं जाने दे सकते।
उन्होंने कहा कि अगर राहुल गांधी जाना भी चाहते हैं, तब भी हम उन्हें आगे नहीं जाने देंगे। कांग्रेस महासचिव ने कहा कि सीनियर अफसरों को यहां आना चाहिए। पिछले 15 मिनट में सुरक्षा में चूक हुई है।
भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुए Omar Abdullah
इस दौरान नेशनल कांफ्रेंस के नेता उमर अब्दुल्ला शुक्रवार को बनिहाल में भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुए। उमर अब्दुल्ला ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रही यात्रा कांग्रेस नेता की छवि बनाने के लिए नहीं, बल्कि देश की स्थिति और माहौल को बदलने के लिए निकाली जा रही है। यात्रा में शामिल होने से पहले उमर अब्दुल्ला ने कहा था कि वह यात्रा में इसलिए शामिल हुए क्योंकि उन्हें देश की छवि की ज्यादा चिंता थी। उन्होंने कहा कि हम किसी व्यक्ति की छवि के लिए नहीं बल्कि देश की छवि के लिए इसमें शामिल हुए हैं।
उमर अब्दुल्ला ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि दिल्ली जम्मू-कश्मीर की आवाज नहीं सुनता है। हमारी आवाज दबाई जाती है। उन्होंने दावा किया कि जम्मू-कश्मीर में चुनाव कराइए तो बीजेपी को पता चल जाएगा कि वह यहां पॉपुलर नहीं है, लोग उनके साथ नहीं हैं।