पश्चिम बंगाल की सत्ता में चौथी बार आने की जुगत में जुटी मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के लिए बुधवार का दिन भागदौड़ भरा रहा। दूसरे चरण के मतदान के दौरान वह सुबह से ही सड़कों पर घूमती नजर आईं। मतदान शुरु होने के कुछ ही देर बाद वह कालीघाट स्थित अपने आवास से चेतला निकल गईं, जहां उन्होंने अपने करीबी फिरहाद हकीम से मुलाकात की। फिरहाद जो फिलहाल मेयर हैं, वह विधानसभा चनाव में भी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
हकीम से मुलाकात और चेतला विधानसभा के कुछ पोलिंग बूथों का दौरा करने के बाद ममता ने आरोप लगाया कुछ चुनाव अधिकारी जो बंगाल के बाहर से आए हैं, वह भारतीय जनता पार्टी के इशारे पर काम कर रहे हैं। उन्होंने पत्रकारों से कहा, “लोग मतदान करने आए हैं, लेकिन क्या ऐसे मतदान हो सकता है। वह (चुनाव आधिकारी) भाजपा की धुन पर नाच रहे हैं। चुनाव आयोग हमें साफ तौर पर परेशान कर रहा है। हमने कोर्ट की अवमानना का नोटिस भेजा है, फिर भी अनगिनत बाहरी चुनाव अधिकारियों को यहां लाया गया है।”
‘मैं पूरी रात सो नहीं पाई’: ममता बनर्जी
ममता चेतला से भवानीपुर विधानसभा के चक्रबेरिया निकल पड़ीं। यहां उन्होंने टीएमसी काउंसिलर अशिम बासु से मुलाकात की। बासु ने आरोप लगाया कि केंद्रिय बल मंगलवार की देर रात जबरन उनके घर में घुस आई थी। मुलाकात के बाद ममता बनर्जी ने कहा, “बीती रात मैं सो नहीं पाई। वो हमारे पार्टी कार्यकर्ता और एजेंट को टारगेट कर रहे हैं। बिना किसी लीगल नोटिस के आधी रात छापेमारी की जा रही है। हमारे कार्यकर्ताओं को झूठे और मनगढंत मामलों के आधार पर हिरासत में लिया जा रहा है, ताकि वो पोलिंग ड्यूटी ना कर सकें।”
उन्होंने कहा, “बंगाल में भाजपा की भय की राजनीति, दमन और क्रूर बल काम नहीं करेगा। वह हमें जितना परेशान करेंगे, हम उतने ही मजबूत होंगे।” हालांकि, जब ममता चक्रबेरिया में भाजपा पर आरोपों की बारिश कर रही थीं, उस वक्त नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी भी ठीक उसी जगह पहुंचे। उनके साथ सीआरपीएफ के जवान भी थे। इससे सड़कों पर अफरा-तफरी मच गई और टीएमसी तथा भाजपा के समर्थक एक-दूसरे को निशाना बनाते हुए नारे लगाने लगे।
शुभेंदु अधिकारी ने ममता पर लगाए आरोप
अधिकारी ने चुनाव के चलते लागू निषेधाज्ञा का हवाला देते हुए पूछा, “ममता इतने सारे लोगों के साथ क्यों घूम रही हैं? लोग वोट डालने के लिए बाहर निकल रहे हैं। वो बदलाव के लिए वोट कर रहे हैं। मुझे भवानीपुर में भारी मतदान की उम्मीद है, शायद 90 प्रतिशत तक। टीएमसी की चालें काम नहीं कर रही हैं। इस बार, भाजपा के एजेंट सभी पोलिंग बूथ पर बैठ पाए हैं।”
राजनीतिक गहमागहमी के बीच दोपहर तक हालात तब और तनावपूर्ण हो गए जब जय हिंद भवन पोलिंग बूथ पर टीएमसी और भाजपा समर्थकों के बीच नारेबाजी के चलते झड़प हो गई। दोपहर में जैसे ही अधिकारी का काफिला मुक्तदल मोड़ इलाके में पहुंचा, टीएमसी की महिला कार्यकर्ताओं ने “जॉय बांग्ला” और “चोर-चोर” के नारे लगाने शुरू कर दिए।
अधिकारी कुछ देर के लिए गाड़ी से उतरे और उन्हें खदेड़ने की कोशिश की, इसके बाद वे कालीघाट के पाटुआपाड़ा इलाके की ओर बढ़ गए। हालांकि, स्थिति को नियंत्रित करने के लिए केंद्रीय बलों की एक टीम जय हिंद भवन पहुंची। अधिकारी ने दावा किया, “मैंने केंद्रीय बलों को सूचना दी और सुनिश्चित किया कि स्थिति संभाल ली जाए।”
अधिकारी ने यह भी कहा कि भाजपा दो-तिहाई बहुमत से जीत दर्ज करेगी। सीएम ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि वह उनसे मुकाबला नहीं कर सकतीं क्योंकि वह अब उम्रदराज हो चुकी हैं और इस बार वो अपने ही बूथ पर 200 से ज्यादा वोटों से हारेंगी।”
वहीं, शाम सवा चार बजे के आसपास बनर्जी मित्रा इंस्टीट्यूशन मतदान केंद्र पर वोट डालने पहुंचीं। उन्होंने विक्ट्री का साइन दिखाते हुए अपने बूथ की ओर इशारा किया। यहां उन्होंने केंद्रीय बलों की भारी मौजूदगी और राज्य पुलिस की अनुपस्थिति पर टिप्पणी की। उन्होंने कहा, “केंद्रीय बलों द्वारा की जा रही ज्यादतियां असमान्य हैं। जो हो रहा है वह बिल्कुल भी स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव नहीं है। केंद्रीय बलों का काम देश की सीमाओं की रक्षा करना है, लेकिन वे एक खास पार्टी के लिए काम कर रहे हैं।” हालांकि, इस दौरान उन्होंने किसी पार्टी का नाम नहीं लिया।
उन्होंने जाते-जाते कहा, “हम दो-तिहाई बहुमत से जीतेंगे,” और कालीघाट स्थित अपने आवास के लिए रवाना हो गईं। रात 11 बजे तक भवानीपुर में 86.74 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
यह भी पढ़ें – ‘4 मई को भी यही स्थिति होगी’, एग्जिट पोल को लेकर महुआ मोइत्रा ने याद दिलाया लोकसभा चुनाव
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण की 142 सीटों पर बुधवार को मतदान खत्म होते ही एग्जिट पोल के सर्वे आ गए हैं। ज्यादातर सर्वे में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने का अनुमान जताया गया है। एग्जिट पोल्स को लेकर तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा ने तंज कसते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव 2024 में भी बीजेपी की 350 से ज्यादा सीटों का अनुमान लगाया गया था, लेकिन उसे केवल 240 सीटें ही मिल पाईं। पूरी खबर पढ़ें…
