Tamil Nadu News: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने सोमवार को अधिकारियों को राज्य में अम्मा कैंटीन के बुनियादी ढांचे में सुधार करने और लोगों को बढ़िया खाना उपलब्ध करने का निर्देश दिया। अम्मा कैंटीन में परोसे जाने वाले खाने की क्वालिटी और स्वाद संतोषजनक नहीं होने की शिकायतें मिलने के बाद मुख्यमंत्री ने शीर्ष अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक की।

तत्कालीन मुख्यमंत्री जे जयललिता (जिन्हें उनके समर्थक और पार्टी कार्यकर्ता प्यार से अम्मा कहकर पुकारते थे) के जन्मदिन पर 24 फरवरी, 2013 को शुरू की गई ये कैंटीनें सबसे पहले चेन्नई में खुलीं। बाद में, इनका विस्तार अन्य कस्बों और शहरों में भी किया गया। जनता को रियायती दरों पर खाना उपलब्ध कराने वाली ये कैंटीनें तुरंत लोकप्रिय हो गईं।

डीएमके ने भी 200 और कैंटीन शुरू करने की घोषणा की थी

2021 में, जब एआईएडीएमके की प्रतिद्वंद्वी डीएमके सत्ता में आई, तो नई सरकार ने योजना में कोई बदलाव करने के बजाय, अर्ध-शहरी क्षेत्रों में धीरे-धीरे 200 और कैंटीन शुरू करने की घोषणा की। साथ ही, योजना का नाम भी नहीं बदला गया।

विजय ने भी नहीं बदला योजना का नाम

विजय ने इस परंपरा को कायम रखा है और अधिकारियों को अम्मा कैंटीन के बुनियादी ढांचे का नवीनीकरण और सुधार करने और लोगों को बढ़िया खाना सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, सरकारी बयान में कहा गया है कि मुख्यमंत्री ने अम्मा कैंटीनों की सुविधाएं और बुनियादी ढांचा बेहतर बनाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, ज्यादा खाना पकाने के बर्तन और उपकरण खरीदने को कहा गया है, ताकि लोगों को अच्छा और स्वादिष्ट भोजन मिल सके। ग्रेटर चेन्नई कॉर्पोरेशन के तहत 383 अम्मा कैंटीन चल रही हैं, जबकि राज्य के दूसरे स्थानीय निकायों के पास 237 कैंटीन हैं।

धार्मिक जगहों-स्कूल के पास शराब की दुकानों पर चला TVK सरकार का हथौड़ा

इससे पहले मुख्यमंत्री के तौर पर कार्यभार संभालने के बाद विजय ने जन कल्याण संबंधी चिंताओं का हवाला देते हुए तमिलनाडु भर में पूजा स्थलों, शैक्षणिक संस्थानों और बस स्टैंडों के 500 मीटर के दायरे में स्थित 717 सरकारी TASMAC शराब की दुकानों को बंद करने का आदेश दिया था।

विजय ने अधिकारियों को निर्देश दिया था कि वे मंदिरों, स्कूलों, कॉलेजों और बस स्टेशनों के पास संचालित होने वाली TASMAC दुकानों की पहचान करने के लिए राज्यव्यापी सर्वेक्षण करें और फिर दो हफ्ते के अंदर बंद करने का आदेश दें। यहां क्लिक कर पढे़ं पूरी खबर…