बेंगलुरू पुलिस ने एक युवक को पाकिस्तान में सक्रिय आतंकी संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) से संबंध होने के शक में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया है कि शख्स का नाम असाफुल मलिक है और उसकी उम्र 25 साल है।
TTP को पाकिस्तान में कई आतंकवादी हमलों के लिए जिम्मेदार माना जाता है। इसलिए इस मामले में पुलिस काफी गंभीरता से जांच कर रही है।
बेंगलुरू पुलिस को सूचना मिली थी कि असाफुल मलिक भारत और पाकिस्तान की सेना पर हमला करने की साजिश रच रहा है। मलिक को 11 अगस्त को बोम्मासंद्रा औद्योगिक क्षेत्र से हिरासत में लिया गया था।
इमरान अहिंदर के संपर्क में आया
पुलिस ने बताया है कि मलिक सुरक्षा गार्ड था और वह फेसबुक के जरिए अफगानिस्तान में रहने वाले और TTP से जुड़े इमरान अहिंदर के संपर्क में आया था। पुलिस ने बताया है कि मलिक पाकिस्तान में मस्जिदों और लोगों पर पाकिस्तान की सेना के द्वारा किए जा रहे कथित अत्याचारों को लेकर नाराज था।
बेंगलुरू पुलिस ने कहा, ”TTP में शामिल होने तथा पाकिस्तान की सेना एवं यहां भी बदला लेने के इरादे से उसने इमरान अहिंदर की मदद ली, पासपोर्ट बनवाया और अफगानिस्तान जाने के लिए वीजा का आवेदन किया। हालांकि, कुछ कारणों से वह अफगानिस्तान नहीं जा सका।”
पुलिस ने कहा कि असाफुल मलिक के मोबाइल फोन से ऐसे संदेश और ऑडियो रिकॉर्डिंग मिली हैं, जिनसे पाकिस्तान की सेना से बदला लेने की उसकी मंशा का पता चलता है। पुलिस के अनुसार, मलिक को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।
हेब्बागोडी पुलिस थाने में एफआईआर दर्ज
हेब्बागोडी पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 113(3) के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। यह धारा आतंकवादी कृत्य की साजिश रचने, उकसाने, प्रयास करने, उसका समर्थन करने, भड़काने या जानबूझकर उसमें मदद करने से संबंधित है।
पुलिस ने बताया है कि असाफुल मलिक बेंगलुरू के जिगानी में एपीसी सर्किल के पास रहता था जबकि उसका स्थायी पता पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले के नौपार गांव का है।
यह भी पढ़ें- आतंकी हमले में था अल-कायदा का हाथ
संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) ने नवंबर 2025 में दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले के पास हुए कार ब्लास्ट के लिए पहली बार आधिकारिक तौर पर अल-कायदा इन द इंडियन सबकॉन्टिनेंट (AQIS) को जिम्मेदार ठहराया है। यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर।
