चेन स्नेचिंग की घटनाएं हर मेट्रो सिटी में लोगों के लिए परेशानी का सबक बन चुकी हैं। अक्सर आपने स्नैचर को स्नेचिंग करते हुए बाइक पर देखा होगा, लेकिन कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु से स्नेचिंग का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है जहां एक आदमी ने दुकान के अंदर घुसकर महिला से चेन छीनने की कोशिश की। उसकी यह कोशिश सिर्फ दुकान तक ही सीमित नहीं रही बल्कि वह चेन छीनने की कोशिश करते-करते दुकान से बाहर बीच बाजार आ गया और काफी देर तक चेन को गले से निकालने की कोशिश चलती रही।
इस घटना का वीडियो सामने आया है। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि वह आदमी महिला के साथ किस तरह जबरदस्ती कर रहा है और आसपास लोग मूक दर्शक बने देख रहे हैं और वीडियो बना रहे हैं। हालांकि काफी देर तक चले इस संघर्ष को देखकर लोगों की हिम्मत जागी और चेन छीनने वाले आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
महिला को धमकी देने और मारपीट का भी आरोप
वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि हेलमेट पहना एक व्यक्ति महिला से चेन छीनने की कोशिश कर रहा है। बताया जा रहा है कि आरोपी ने महिला का गला पकड़ा हुआ है और वह महिला के साथ बदसलूकी भी कर रहा है। इस दौरान महिला के साथ मारपीट का भी आरोप है और महिला को जान से धमकी देने की भी बात कही जा रही है। हालांकि लोगों के हस्तक्षेप के बाद आरोपी को पकड़ लिया गया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।
क्या है पूरी घटना?
जानकारी के मुताबिक, यह घटना 31 अगस्त की बताई जा रही है। बेंगलुरु के व्यस्त इंदिरानगर इलाके में प्रभु राज नाम का यह व्यक्ति पहले एक दुकान में पहुंचा और खुद को मुसीबत में बताते हुए छिपने के लिए जगह मांगी। इसके बाद वह दुकान के अंदर मौजूद महिला के पास गया और उससे सोने की चेन देने के लिए कहा।
पहले देखती रही भीड़
महिला ने जब चेन देने से मना कर दिया तो आरोपी ने जबरन उसे छीनने की कोशिश की। इस दौरान उसने महिला का गला पकड़ लिया और उसे जान से मारने की धमकी दी। अचानक हुई इस घटना से दुकान में अफरा-तफरी मच गई। पहले तो लोग बस देखते रहे, लेकिन किसी एक व्यक्ति के आगे आने के बाद तो सभी लोगों ने मिलकर आरोपी को पकड़ लिया और महिला को उसके चंगुल से छुड़ाया। गुस्साए स्थानीय लोगों ने आरोपी की पिटाई भी की। इसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।
पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी
पुलिस ने मामला दर्ज करने के बाद घटना की जानकारी दी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि महिला पूरी तरह सुरक्षित है और उसे कोई चोट नहीं आई है। पुलिस आरोपी प्रभु राज का पूरा वेरिफिकेशन करने में जुटी है और उसके बारे में पूरी डिटेल निकाली जा रही है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी मानसिक रूप से परेशान और डिप्रेशन में दिखाई दे रहा है। हालांकि, उसकी मानसिक स्थिति को लेकर जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें: पंजाब: नशे के खिलाफ चल रहे अभियान के बीच मानसा में तैनात ASI ही डोप टेस्ट में हुआ फेल, स्थानीय लोगों ने किया हंगामा
पंजाब में ड्रग्स का मुद्दा इस वक्त काफी गर्माया हुआ है। राज्य में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं और उससे पहले सभी राजनीतिक दल नशे को जड़ से खत्म करने का वादा कर रहे हैं। राज्य में नशे के खिलाफ अभियान भी चलाया जा रहा है, लेकिन इस बीच मानसा जिले से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। हाल ही में पंजाब का मानसा जिला एंटी ड्रग एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा की हत्या के बाद से भी काफी सुर्खियों में रहा है, लेकिन अब मानसा से एक बेहद हैरान करने वाली खबर सामने आई है। यहां पढ़ें पूरी खबर…
