बेंगलुरु पुलिस ने शुक्रवार को ब्रुकफील्ड स्थित कैपजेमिनी परिसर के एक डे-केयर सेंटर में बच्चों के साथ कथित मारपीट के मामले में पहली गिरफ्तारी हो गई है। मासूम बच्चों के साथ कथित दुर्व्यवहार के मामले में नामजद पांच केयरटेकर में से एक अब पुलिस गिरफ्त में है।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार केयरटेकर की पहचान विजयलक्ष्मी के रूप में हुई है। जांच के दौरान वायरल वीडियो में बच्चों के साथ कथित मारपीट करती दिखाई देने वाली महिला की पहचान विजयलक्ष्मी के तौर पर की गई जिसके बाद उसे गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने मंजुला, विजयलक्ष्मी, भवानी, सिंधु और बिंदु के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) व किशोर न्याय (बच्चों की देखरेख और संरक्षण) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस ने बताया कि मामले में नामजद अन्य चार आरोपियों को नोटिस जारी किए गए हैं लेकिन वे अभी तक जांच अधिकारियों के सामने पेश नहीं हुए हैं।

मारपीट और डराने-धमकाने के आरोप

यह मामला 29 जून को एचएएल पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया। शिकायत जिला बाल संरक्षण इकाई के विधिक एवं परिवीक्षा अधिकारी तिलकेश कुमार ने दर्ज कराई थी। शिकायत तब की गई जब सोशल मीडिया पर ऐसे वीडियो सामने आए जिनमें डे-केयर सेंटर में छोटे बच्चों के साथ कथित दुर्व्यवहार दिखाई देने का दावा किया गया।

एफआईआर के अनुसार, आरोपी केयरटेकरों ने बच्चों के साथ मारपीट की और उन्हें डराने-धमकाने के लिए अमानवीय तरीके अपनाए। आरोप है कि रो रहे बच्चों को डराने के लिए उन्हें वॉशिंग मशीन के अंदर बंद किया जाता था, संकरी पानी से भरी पाइपों में जबरन डाला जाता था, बाथरूम में बंद रखा जाता था और उनके साथ शारीरिक व मानसिक प्रताड़ना की जाती थी।

यह डे-केयर सेंटर कैपजेमिनी के ब्रुकफील्ड परिसर में काम करने वाले कर्मचारियों के बच्चों के लिए संचालित किया जाता था। आरोप सामने आने के बाद कंपनी ने जांच पूरी होने तक सेंटर को अस्थायी रूप से बंद कर दिया है और कहा है कि वह जांच एजेंसियों के साथ पूरा सहयोग कर रही है।

पुलिस के एक अधिकारी के अनुसार, ये सभी छोटे बच्चे उसी कैंपस में काम करने वाले कर्मचारियों के थे। कर्मचारी अपनी ड्यूटी के दौरान बच्चों को इसी डे-केयर सेंटर में छोड़ते थे। जब अभिभावकों और अधिकारियों ने बच्चों के साथ कथित व्यवहार के बारे में जाना और वीडियो देखे तो वे बेहद हैरान और परेशान हो गए।

वीडियो सामने आने के बाद 5 महिलाओं पर केस दर्ज

व्हाइटफील्ड डिवीजन के पुलिस उपायुक्त सैदुलु आदावत ने पुष्टि की कि इस मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। आरोपियों को नोटिस भेजे जाएंगे और पूछताछ के लिए बुलाया जाएगा।

एफआईआर में क्रेच में काम करने वाली पांच महिलाओं के नाम शामिल हैं। इनके नाम मंजुला, विजयलक्ष्मी, भवानी, सिंधु और बिंदु हैं। शिकायतकर्ता तिलकेश कुमार ने बताया कि उन्हें व्हाट्सएप पर कुछ वीडियो मिले थे। इन वीडियो में छोटे बच्चे रोते हुए दिखाई दे रहे थे और उनके साथ कथित रूप से दुर्व्यवहार किया जा रहा था। वीडियो देखने के बाद उन्होंने मामले की शिकायत दर्ज कराई।