पश्चिम बंगाल में सुवेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है। बीजेपी और एनडीए के नेताओं का जमावड़ा कोलकाता के ब्रिगेड ग्राउंड में लगा हुआ है। एनडीए के सभी मुख्यमंत्री शपथ ग्रहण में पहुंचे। मंच पर बीजेपी के सबसे पुराने कार्यकर्ता माखनलाल सरकार को भी जगह मिली। जब पीएम मोदी मंच पर पहुंचे तो एक-एक कर उन्होंने सबसे मुलाकात की। इसी दौरान उन्होंने भाजपा के सबसे पुराने कार्यकर्ता माखनलाल सरकार को गले लगाया।
माखनलाल सरकार को पीएम मोदी ने लगाया गले
पीएम मोदी ने मंच पर ही सबके सामने माखनलाल सरकार का सम्मान किया। माखनलाल सरकार को पीएम मोदी ने शॉल ओढ़ाई और गले लगने के बाद उनके पैर छुए। इस दृश्य को देखने के बाद ग्राउंड में मौजूद सभी लोग तालियां बजाने लगे। सोशल मीडिया पर भी यह वीडियो काफी वायरल हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। मंच पर गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की बड़ी सी प्रतिमा भी लगाई गई है।
कौन हैं माखनलाल सरकार?
माखनलाल सरकार बीजेपी के सबसे पुराने कार्यकर्ताओं में से एक हैं। वह बीजेपी के संस्थापक सदस्य भी हैं। माखनलाल सरकार सिलीगुड़ी से आते हैं और उनकी उम्र 98 साल है। बीजेपी ने मंच पर अपने सबसे पुराने कार्यकर्ता को जगह देकर एक बड़ा संदेश देने की कोशिश की है कि हम आज जो कुछ भी हैं, वह कार्यकर्ताओं की बदौलत हैं।
तिरंगा फहराने के आंदोलन के दौरान हुए थे गिरफ्तार
1952 में माखनलाल सरकार को कश्मीर में तब गिरफ्तार किया गया था जब वे वहां भारतीय तिरंगा फहराने के आंदोलन के दौरान श्यामा प्रसाद मुखर्जी के साथ थे। 98 साल की आयु में माखनलाल सरकार आज़ादी के बाद के भारत में राष्ट्रवादी आंदोलन से जुड़े शुरुआती ज़मीनी स्तर के लोगों में से एक हैं।
शुभेंदु अधिकारी के साथ पांच मंत्रियों ने भी शपथ ली है। दिलीप घोष, अशोक कीर्तनीय, छुदीराम टुडू अग्निमित्रा पॉल और निशिथ प्रमाणिक ने मंत्री पद की शपथ ली। शुभेंदु अधिकारी ने शपथ लेने के बाद पीएम मोदी के पैर छुए। इसके बाद उन्होंने सभी नेताओं से मुलाकात की। मंच पर यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने शुभेंदु अधिकारी को गले में भगवा पट्टा भी पहनाया।
