पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत अपीलों पर सुनवाई कर रहे न्यायिक अधिकारियों को अब अपनी पहचान साबित करने के लिए चुनाव आयोग (EC) के सामने दस्तावेज देने होंगे। आयोग ने उनसे पैन कार्ड और सरकारी पहचान पत्र के जरिए डिजिटल सिग्नेचर सर्टिफिकेट बनवाने को कहा है। इस बीच, आधार ऑथेंटिकेशन को लेकर विवाद के कारण अपीलों के निपटारे की प्रक्रिया 21 सितंबर से ठप पड़ी है।
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर नियुक्त विशेष अदालत के न्यायाधीशों ने 24 सितंबर को पश्चिम बंगाल के एडिशनल चीफ इलेक्टोरल ऑफिसर (ACEO) को पत्र लिखकर पोर्टल से आधार ऑथेंटिकेशन स्क्रीन हटाने की मांग की थी। यह सुविधा 21 सितंबर को चुनाव आयोग के आईटी महानिदेशक सीमा खन्ना की ओर से पोर्टल में किए गए बदलावों की जानकारी देने के बाद शुरू की गई थी। इसके बाद से जज पोर्टल पर लॉग इन नहीं कर रहे हैं और अपीलों का निपटारा नहीं हो पा रहा है। हालांकि, वे ऑफलाइन काम कर रहे हैं।
डिजिटल सिग्नेचर के लिए देने होंगे पहचान के दस्तावेज
ऑफिशियल रिकॉर्ड के मुताबिक, पिछले सप्ताह मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) के कार्यालय ने न्यायाधीशों से एक निजी एजेंसी के जरिए डिजिटल सिग्नेचर सर्टिफिकेट बनवाने को कहा। 28 अक्टूबर को एजेंसी की ओर से भेजे गए ईमेल में इसकी प्रक्रिया बताई गई है।
इसके तहत न्यायाधीशों को अपने पैन कार्ड और किसी सरकारी पहचान पत्र की रंगीन स्कैन कॉपी, एक रंगीन फोटो, वैध मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी देनी होगी। इसके अलावा ऑथराइज करने वाले व्यक्ति का सरकारी पहचान पत्र और ऑथराइजेशन लेटर भी जमा करना होगा।
इस प्रक्रिया में न्यायाधीशों के मोबाइल नंबर और ईमेल पर वन-टाइम पासवर्ड (OTP) भेजकर सत्यापन किया जाएगा। इसके साथ ही वीडियो वेरिफिकेशन भी होगा, जिसमें आवेदक को अपना मूल पैन कार्ड और सरकारी पहचान पत्र दिखाना होगा। सरकार की ओर से अधिसूचित दरों के मुताबिक, प्रत्येक डिजिटल सिग्नेचर सर्टिफिकेट की कीमत 2,300 रुपये है।
38 लाख से ज्यादा अपीलों में से सिर्फ 1.26 लाख का निपटारा
पश्चिम बंगाल में मतदाता सूची के SIR के तहत अपीलों का निपटारा ऐसे समय में रुका है, जब बड़ी संख्या में मामले अभी लंबित हैं। चुनाव आयोग की ओर से सितंबर में सुप्रीम कोर्ट को दिए गए आंकड़ों के मुताबिक, कुल 38.31 लाख अपीलों में से केवल 1.26 लाख का ही निपटारा हो सका था।
ट्रिब्यूनल के स्थान प्रभारी ने 24 सितंबर को एडिशनल चीफ इलेक्टोरल ऑफिसर को लिखे पत्र में कहा था कि विशेष अदालत के न्यायाधीशों को अपीलों के निपटारे के लिए पोर्टल से आधार ऑथेंटिकेशन स्क्रीन हटाने की जरूरत है।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर शुरू हुई थी अपील की प्रक्रिया
पश्चिम बंगाल में SIR की प्रक्रिया और उसके बाद सुप्रीम कोर्ट की ओर से दिए गए निर्देश विशेष परिस्थितियों में लागू किए गए थे। 20 फरवरी को अदालत ने तत्कालीन तृणमूल कांग्रेस सरकार और चुनाव आयोग के बीच भरोसे की कमी का हवाला देते हुए मतदाताओं की पात्रता तय करने की जिम्मेदारी न्यायिक अधिकारियों को सौंपी थी।
न्यायिक अधिकारियों ने 60.06 लाख मतदाताओं के मामलों की जांच की, जिसके बाद 27.16 लाख नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए। इसके बाद 20 मार्च को सुप्रीम कोर्ट ने हटाए गए और जोड़े गए नामों के खिलाफ अपीलों पर फैसला करने के लिए न्यायाधिकरण गठित करने का आदेश दिया था।
अब आधार ऑथेंटिकेशन और डिजिटल सिग्नेचर सर्टिफिकेट को लेकर पैदा हुए विवाद के बीच अपीलों का निपटारा रुका हुआ है। इससे मतदाता सूची में नाम हटाए जाने या जोड़े जाने के खिलाफ अपील करने वाले लोगों को फैसले के लिए इंतजार करना पड़ रहा है।
यह भी पढ़ें: ‘त्योहारों में दुकानें बंद रहीं तो कैसे चलेगा कारोबार?’ दिल्ली के व्यापारियों की सुप्रीम कोर्ट से गुहार, केंद्र को नोटिस जारी
दिल्ली के व्यापारियों की संस्था किराना कमेटी की याचिका पर सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र सरकार को नोटिस जारी किया है। याचिका में त्योहारी सीजन के दौरान सेंट्रल दिल्ली में विरोध प्रदर्शनों पर रोक लगाने की मांग की गई है। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें।
