पश्चिम बंगाल के आरजी कर रेप-मर्डर मामले की पीड़िता के माता-पिता ने पूर्व प्रिंसिपल संदीप घोष को सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने पर नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि इसके लिए केंद्रीय जांच ब्यूर (सीबीआई) को जिम्मेदार ठहराया जाना चाहिए।

सितंबर 2024 में गिरफ्तार किए गए संदीप घोष को 15 अक्टूबर को सीबीआई के एक मामले में जमानत मिल गई। यह मामला कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में कथित वित्तीय अनियमितताओं से जुड़ा है।

सीबीआई अपने काम ठीक से नहीं कर रही- पीड़िता के पिता

पीड़िता के पिता ने शनिवार को कहा, “सुप्रीम कोर्ट अपना फैसला सुना चुका है। सीबीआई अपना काम ठीक से नहीं कर रही है। वे कोर्ट में बस तरीखें ले रहे हैं और सुनवाई नहीं हो रही है। नतीजा यह हुआ है कि दो साल बाद आरोपी को जमानत मिल गई। मैं देख रहा हूं कि सीबीआई कैसे काम कर रही है, वे क्या करेंगे और क्या नहीं, मुझे सब पता है।”

RG कर मामले की मृतका जूनियर डॉक्टर के पिता ने कहा कि अपनी बेटी को न्याय दिलाने के लिए वह हर संभव कोशिश करेंगे। सीबीआई पर तंज कसते हुए उन्होंने आगे कहा, “मैंने जांच अधिकारी से कहा कि वे इतना बढ़िया काम कर रहे हैं कि सुप्रीम कोर्ट ने जमानत दे दी। वे सीबीआई तो बस यही चाहते हैं कि अपराधी खुलेआम घूमते रहें हैं। मुझे लगता है कि सरकार को इस एजेंसी का निजीकरण (प्राइवेटाइजेशन) कर देना चाहिए। तब शायद वे ठीक से काम करेंगे।”

उन्होंने आगे कहा, “अगर हमें इस सरकार से भी लड़ना पड़ा तो हम पीछे नहीं हटेंगे। जरूरत पड़ी तो हम फिर से विरोध-प्रदर्शन करेंगे।”

सीबीआई ने महज सात गवाहों से ही की पूछताछ

जस्टिस एम.एम. सुंदरेश और जस्टिस प्रसन्ना बी वराले की बेंच ने गौर किया कि संदीप घोष दो साल से अधिक समय से हिरासत में हैं और इस मामले में 147 गवाहों में से अब तक महज सात से ही पूछताछ हो सकी है। इसलिए, सुप्रीम कोर्ट ने संदीप की उस अपील को मंजूर कर लिया, जिसमें उन्होंने कलकत्ता हाई कोर्ट के 23 फरवरी के उस आदेश को चुनौती दी थी, जिसके तहत उनकी जमानत अर्जी खारिज कर दी गई थी।

डॉक्टरों ने भी सीबीआई के काम पर दिखाई नाराजगी

इस बीच डॉक्टरों ने सीबीआई के काम करने के तरीके पर भी अपनी नाराजगी जताई है। विरोध प्रदर्शन के मुख्य चेहरों में से एक, अनिकेत महतो ने पत्रकारों से कहा, ‘यह बहुत दुखद दिन है कि वित्तीय अनियमितताओं के मामले में संदीप को जमानत मिल गई है। हमारे लिए यह दुखद खबर हैं, हम न्याय पाने के लिए महीनों तक सड़कों पर उतरे। यह सिर्फ सीबीआई की सुस्त जांच के कारण हुआ है। इसके अलावा, नई सरकार ने तीन आईपीएस अधिकारियों को सस्पेंड करने के अलावा कुछ नहीं किया है। कोई शुरुआती रिपोर्ट भी देखने को नहीं मिली है। राज्य सरकार को तत्परता दिखानी चाहिए थी। सरकार तो बदल गई, लेकिन न्याय कहां है?’

एसोसिएशन ऑफ हेल्थ सर्विस डॉक्टर्स के डॉ. उत्पल बनर्जी ने कहा कि इतने अहम मामले में देरी के लिए सीबीआई को जिम्मेदारी ठहराया जाना चाहिए। उन्होंने कहा, “संदीप पर कई आरोप लगे हैं, वित्तीय घोटाले से लेकर आरजी कर मामले को छिपाने तक। पीड़िता के पैरेंट्स ने बार-बार उनका नाम लिया था। दुख की बात है कि उन्हें बेल मिल गई, क्योंकि पिछले दो सालों में सीबीआई ने केवल सात गवाहों से पूछताछ ही की। हम इतने अहम मामले में हुई देरी के लिए सीबीआई से जवाब मांगते हैं।”

9 अगस्त 2024 को कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में एक रेजिडेंट डॉक्टर का शव मिला था, जिस पर गंभीर चोटों के निशान थे।

दिसंबर 2024 में जूनियर डॉक्टर के रेप और मर्डर केस में संदीप और ताला पुलिस थाने के पूर्व ओसी अभिजीत मंडल को जमानत मिल गई थी। सीबीआई द्वारा 90 दिनों के भीतर चार्जशीट दाखिल न कर पाने के बाद कोलकाता की एक कोर्ट ने संदीप को जमानत दे दी थी। हालांकि, वित्तीय धोखाधड़ी के मामले में संदीप तब भी जेल में थे, जिसमें अब उन्हें जमानत मिली है।

यह भी पढ़ें: RG Kar Case: कलकत्ता HC ने Cremation Evidence मामले की जांच CBI को सौंपी, बंगाल पुलिस को लगाई फटकार

कलकत्ता हाई कोर्ट ने गुरुवार को आरजी कर रेप मर्डर पीड़िता के अंतिम संस्कार से जुड़े विवाद की जांच खड़दह थाने की पुलिस से लेकर सीबीआई को सौंप दी। कोर्ट ने खड़दह थाने के इंस्पेक्टर-इन-चार्ज और जांच अधिकारी को फटकार भी लगाई। कोर्ट ने कहा कि उन्होंने हाई कोर्ट की निगरानी में चल रही सीबीआई की विशेष जांच टीम की जांच में दखल दिया। पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें