Nirmala Sitharaman News: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बुधवार को लोकसभा में पश्चिम बंगाल सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी की जीएसटी पर की गई टिप्पणियों का खंडन किया और राज्य पर खराब कानून व्यवस्था, हाई फ्यूल प्राइस और महिलाओं के खिलाफ अपराधों से निपटने में असंवेदनशीलता का आरोप लगाया।

केंद्रीय बजट 2026-27 पर बहस के दौरान अपनी प्रतिक्रिया देते हुए सीतारमण ने बनर्जी के इस दावे पर आपत्ति जताई कि अगरबत्ती जलाने के लिए भी मृत्यु के बाद जीएसटी लागू होता है। उन्होंने कहा, “बंगाल में मृत्यु के बाद जीएसटी जैसी बात कहना बहुत दुखद है” और आगे कहा, “शायद मृत्यु के बाद पैसे काटना राज्य में एक चलन है।”

ममता सरकार से सीतारमण ने किया सवाल

सीतारमण ने तेल की कीमतों को लेकर राज्य सरकार से सवाल भी किया। ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली सरकार को निशाना बनाते हुए उन्होंने पूछा, “अगर आप राज्य में आम आदमी पर बोझ कम करना चाहते हैं, तो पेट्रोल 10 रुपये महंगा क्यों है।” सीतारामण ने कहा, “यह हास्यास्पद है कि एक महिला मुख्यमंत्री ने महिलाओं को रात में बाहर न निकलने की सलाह दी।” शासन व्यवस्था के ध्वस्त होने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा, “बंगाल में बम चलता है, कानून नहीं चलता।”

सीतारामण ने बजट में डंकुनी के जिक्र को लेकर बंगाल के नेताओं की आलोचना का भी जवाब दिया और कहा कि केंद्र द्वारा प्रस्तावित माल ढुलाई गलियारा एक नई पहल है। वित्त मंत्री ने कहा, “हमने इस बजट में डंकुनी का जिक्र इसलिए किया है, क्योंकि हम डंकुनी से सूरत तक एक ईस्ट-वेस्ट कॉरिडोर बनाना चाहते हैं। बंगाल के नेता इससे इतने नाराज हैं कि उनका कहना है कि जब ममता बनर्जी रेल मंत्री थीं, तब उन्होंने इसकी घोषणा की थी और हम कुछ नया नहीं कर रहे है, यह बिल्कुल झूठ है।”

वित्त मंत्री सीतारमण ने बजट की मुख्य बातें बताईं

केंद्रीय वित्त मंत्री ने बजट 2026-27 की मुख्य बातें बताते हुए कहा कि सरकार विकास पर बड़ा खर्च करेगी। वित्त वर्ष 2027 में कुल 17.1 लाख करोड़ रुपये पूंजीगत खर्च किए जाएंगे, जिसमें राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को दी जाने वाली मदद भी शामिल है। यह रकम देश की जीडीपी का 4.4% है और इसका मकसद विकसित भारत के लक्ष्य को आगे बढ़ाना है।

सीतारमण ने यह भी बताया कि सरकार एआई की शिक्षा, नए व्यवसायों को बढ़ावा देने, बुनियादी ढांचे के विस्तार और उद्योगों के विकास पर खास ध्यान दे रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार मेगा टेक्सटाइल पार्क, कौशल विकास योजनाओं और लॉजिस्टिक्स में सुधार के लिए राज्यों के साथ मिलकर काम करने के लिए तैयार है। बता दें कि बुधवार को संसद में बजट पर बोलते हुए राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर जमकर प्रहार किया। राहुल गांधी ने आरोप लगाते हुए कहा कि अमेरिका संग ट्रेड डील में भारत के हितों को बेच दिया गया। पढ़ें पूरी खबर…