पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव का प्रचार खत्म हो चुका है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें आईपीएस अधिकारी अजयपाल शर्मा फलता विधानसभा सीट से टीएमसी उम्मीदवार जहांगीर खान को चेतावनी देते हुए नजर आ रहे हैं। दूसरे चरण के मतदान से पहले का यह वीडियो है। अजयपाल शर्मा दक्षिण 24 परगना जिले में तैनात पर्यवेक्षक हैं और यूपी कैडर के आईपीएस अधिकारी हैं। अजयपाल शर्मा के मुताबिक पिछले कुछ दिनों से आम लोगों की ओर से शिकायत मिल रही थी कि टीएमसी उम्मीदवार जहांगीर खान मतदाताओं को धमका रहे हैं। शिकायतों के बाद अजयपाल शर्मा मौके पर पहुंचे और जहांगीर खान घर पर नहीं मिले।

जहांगीर खान को अजयपाल ने दी चेतावनी

अजयपाल शर्मा का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वह जहांगीर खान के घर के बाहर खड़े हैं और कह रहे हैं कि उसकी खबरें बार-बार आ रही है। उन्होंने कहा कि जहांगीर के घर वाले बाहर खड़े हैं, अगर आगे से खबर आई तो हम अच्छे से खबर लेंगे, बाद में रोना पछताना मत।

क्या था मामला?

सोशल मीडिया पर कई और वीडियो वायरल हो रहे हैं जिसमें स्थानीय पुलिस अधिकारियों से अजयपाल शर्मा जहांगीर खान के सुरक्षा की जानकारी ले रहे हैं। छापेमारी के दौरान जब पुलिस की टीम जहांगीर खान के घर पर पहुंची तो वहां पर 14 जवान सुरक्षा में तैनात मिले। इस पर अजयपाल शर्मा ने स्थानीय पुलिस अधीक्षक से जवाब मांगा। उन्होंने बताया कि जहांगीर खान को वाई श्रेणी की सुरक्षा मिली है और इसके लिए 10 पुलिसकर्मी निर्धारित होते हैं। हालांकि मौके पर 14 जवानों की तनाती पाई गई। इसके बाद उन्होंने स्थानीय पुलिस अधीक्षक को नोटिस भेजा और जवाब मांगा है कि चार अतिरिक्त पुलिसकर्मी किस आधार पर लगाए गए हैं।

कौन हैं जहांगीर खान?

जहांगीर खान 2026 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में साउथ 24 परगना के फलता विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ रहे हैं।41 साल उनकी उम्र है और उन्होंने 12वीं क्लास तक पढ़ाई की है। चुनाव से जुड़ी जानकारी के मुताबिक उनके पास करीब 2.1 करोड़ रुपये की संपत्ति है और कोई देनदारी नहीं है। मौजूद रिकॉर्ड के मुताबिक उनके खिलाफ कोई क्रिमिनल केस दर्ज नहीं है।

जहांगीर खान का नाम चुनाव क्षेत्र के आसपास की राजनीतिक चर्चाओं में खास तौर पर सामने आया है। बताया जाता है कि जहांगीर खान अभिषेक बनर्जी के करीबी हैं। स्थानीय लोग उन्हें ‘भाईपो’ नाम से पुकारते हैं। उनपर आरोप लगता है कि वह इस इलाके में काम कर रहे एक बड़े सिंडिकेट नेटवर्क का हिस्सा हैं।

सिंडिकेट पर ज़मीन हड़पने, तस्करी और दूसरे संगठित कामों में शामिल होने का दावा किया गया है। केवल फलता ही नहीं आसपास के क्षेत्रों में उनका काफी प्रभाव है। तृणमूल उम्मीदवार जहांगीर खान के खिलाफ आयोग में दो गंभीर आरोप दर्ज किए गए हैं। इनमें आम जनता को मतदान केंद्र न जाने की धमकी देना और मतदाताओं के पहचान पत्र छीनकर उन्हें वोट डालने से रोकना शामिल है।

जहांगीर ने दिया जवाब

आईपीएस अधिकारी की चेतावनी के बाद जहांगीर खान ने जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि खेला तुमने शुरू किया है, लेकिन खत्म मैं करूंगा। जहांगीर ने कहा, “पिक्चर अभी बाकी है। मैच शुरू हो गया है। आपको लगता है कि आप कुछ सीआरपीएफ जवानों के साथ तमाशा कर रहे हैं। लेकिन अगर सारे लोग एकसाथ आ गए तो तुमलोग हवा में उड़ जाओगे।”

(यह भी पढ़ें- अजय पाल शर्मा ने TMC कैंडिडेट को चेताया; अखिलेश का आया रिएक्शन)

अजय पाल शर्मा के वीडियो पर समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने सवाल उठाया है। अखिलेश यादव ने कहा कि ये सब अधिकारी के रूप में अनरजिस्टर्ड लोगों के अनरजिस्टर्ड अंडरग्राउंड सदस्य हैं। पढ़ें पूरी खबर