West Bengal Election News: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ मंगलवार को कलकत्ता हाई कोर्ट में एक रिट याचिका दायर की गई। इसमें आरोप लगाया गया कि उन्होंने 21 अप्रैल को दार्जिलिंग में एक चुनावी रैली के दौरान भड़काऊ और अपमानजनक टिप्पणी की थी। जस्टिस कृष्णा राव की एकल पीठ ने याचिका को स्वीकार कर लिया और गुरुवार को सुनवाई होने की संभावना है।

यह याचिका नूरताज अहमद मल्लिक ने दायर की है। याचिका में अमित शाह द्वारा दिए गए भाषण पर जोर दिया गया है। याचिकाकर्ता ने तर्क दिया कि ‘उल्टा लटका कर सीधा कर देंगे’ शारीरिक नुकसान और जबरदस्ती की धमकी देता है। इससे राजनीतिक कार्यकर्ताओं और लोगों में डर पैदा होता है।

याचिका में क्या आरोप लगाया गया?

उन्होंने तृणमूल कांग्रेस समर्थकों को गुंडे कहकर संबोधित किया। याचिकाकर्ता ने इसे राजनीतिक विरोधियों की गरिमा को ठेस पहुंचाने का प्रयास बताया। याचिका में आरोप लगाया गया है कि शाह की टिप्पणियां लोकतांत्रिक, मुद्दे-आधारित होने के बजाय असुरक्षा और शत्रुता की भावना को बढ़ावा देती हैं। इसमें आगे कहा गया है कि भाषण में समय-सीमाओं या चुनाव के बाद की अवधियों से जुड़े संभावित राजनीतिक परिणामों के संकेत शामिल थे। याचिकाकर्ता के अनुसार, इससे चुनाव प्रक्रिया के दौरान मतदाताओं के कुछ वर्गों में भय और आशंका पैदा होने की आशंका है।

चुनाव आयोग को भी दी गई थी शिकायत

याचिकाकर्ता के अनुसार, 26 अप्रैल को चुनाव आयोग, पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी और दार्जिलिंग के जिला मजिस्ट्रेट को एक शिकायत दी है। हालांकि, याचिका में कहा गया है कि कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। इसके कारण हाई कोर्ट का रुख किया गया।

याचिकाकर्ता के वकील ने अदालत से शाह को आगे हेट स्पीच या भड़काऊ बयान देने से रोकने, चुनाव प्रक्रिया के बाकी भाग के दौरान मानहानिकारक भाषा का इस्तेमाल करने के खिलाफ चेतावनी जारी करने और आचार संहिता के उल्लंघन के संबंध में आदेश पारित करने का अनुरोध किया है।

पिछले बंगाल विधानसभा चुनाव के एग्जिट पोल के अनुमान कितने सही थे?

बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए आज दूसरे चरण की वोटिंग जारी है। लोगों को एग्जिट पोल का इंतजार है। एग्जिट पोल असल नतीजे नहीं होते हैं बल्कि रुझान होते हैं। एजेंसी के द्वारा अनुमान लगाया जाता है कि चुनाव में किसकी जीत हो सकती है। पिछले बंगाल चुनाव में ज्यादातर एग्जिट पोल गलत साबित हुए थे। 2021 के विधानसभा चुनाव में कई एग्जिट पोल में बीजेपी की सरकार बनने का दावा किया था और ऐसा नहीं हो पाया। टीएमसी ने बड़ी जीत दर्ज की थी। पढ़ें पूरी खबर…