West Bengal Election 2026: असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने बुधवार को बंगाल की सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस पार्टी की प्रमुख ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए उन्हें चुनाव वाले पश्चिम बंगाल में हिंदुओं को दरकिनार करने की याद दिलाई। उन्होंने ममता बनर्जी पर जय श्री राम की अनदेखी करते हुए इंशाल्लाह के नारे लगाने का आरोप लगाया।
उन्होंने तृणमूल नेता पर अल्पसंख्यक तुष्टीकरण का आरोप लगाते हुए कहा, “ममता दीदी ‘इंशाल्लाह’, ‘खुदा हाफिज’ कहती रहती हैं, लेकिन उन्हें ‘जय श्री राम’ कहना भी सीखना चाहिए और कभी-कभी देवी दुर्गा और देवी काली का नाम भी लेना चाहिए।” उन्होंने यह टिप्पणियां पश्चिम बंगाल में चुनाव के पहले चरण की पूर्व संध्या पर एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कीं।
ममता दिन रात इंशाल्लाह का जाप करती हैं- हिमंता बिस्वा सरमा
पश्चिम बंगाल के कलना में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए सरमा ने कहा, “ममता दिन-रात खुदा हाफिज और इंशाल्लाह का जाप करती रहती हैं, मानो वह पांच बार हज कर चुकी हों।” भारतीय जनता पार्टी के नेता ने बंगाल में बाबरी मस्जिद बनाने के बारे में हुमायूं कबीर के सार्वजनिक बयान पर भी निशाना साधा।
हुमायूं कबीर पर भी साधा निशाना
असम के मुख्यमंत्री ने कहा, “अगर हुमायूं कबीर असम में होते, तो मैं उनका इलाज दो घंटे में पूरा कर देता। लेकिन ममता के बंगाल में कोई बाबरी मस्जिद बनाएगा, कोई हुमायूं कबीर की मस्जिद बनाएगा, कोई शाहजहां की मस्जिद बनाएगा। हुमायूं कबीर, क्या यही तुम्हारे पिता की जमीन है कि तुम अपनी मर्जी से बाबरी मस्जिद बनाओगे।”
पश्चिम बंगाल चुनाव के पहले चरण के लिए वोटिंग कल
पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल को होना है। यह चरण काफी अहम माना जा रहा है क्योंकि इसमें कई हाई-प्रोफाइल सीटों पर बड़े नेताओं की किस्मत दांव पर है। कुल 16 जिलों की 152 सीटों पर वोटिंग होगी। उत्तर बंगाल, दक्षिण बंगाल और जंगलमहल क्षेत्र के कई महत्वपूर्ण इलाके इस चरण में शामिल हैं। मतदान सुबह 7 बजे से शुरू होकर शाम 6 बजे तक चलेगा।
इस चरण में मुकाबला मुख्य रूप से तृणमूल कांग्रेस (TMC) और भारतीय जनता पार्टी के बीच माना जा रहा है। कुछ सीटों पर कांग्रेस और अन्य दल भी मुकाबले को त्रिकोणीय बना रहे हैं। मतदाताओं की नजर खासकर उन सीटों पर है जहां बड़े नेता या चर्चित चेहरे मैदान में हैं और जहां पिछली बार करीबी मुकाबला हुआ था। पढ़ें पूरी खबर…
