पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बीच आसनसोल उत्तर विधानसभा क्षेत्र से एक बेहद दिलचस्प मामला सामने आया है। यहां चुनावी मुकाबले में एक नहीं, बल्कि तीन उम्मीदवार ऐसे हैं जिनका नाम ‘कृष्णेंदु’ है। इस सीट पर कुल 13 उम्मीदवार मैदान में हैं, लेकिन एक जैसे नामों की मौजूदगी ने चुनाव को खासा चर्चित बना दिया है और मतदाताओं के बीच संभावित भ्रम को लेकर सवाल भी खड़े कर दिए हैं।
कृष्णेंदु नाम के तीन उम्मीदवार
इस सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कृष्णेंदु मुखर्जी को अपना उम्मीदवार बनाया है। वहीं निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में कृष्णेंदु चटर्जी और कृष्णेंदु मुखोपाध्याय भी चुनावी मैदान में डटे हुए हैं। इस पूरे घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा उम्मीदवार कृष्णेंदु मुखर्जी ने इसे विपक्ष की घबराहट का संकेत बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि समान नाम वाले उम्मीदवारों को उतारना एक सोची-समझी रणनीति हो सकती है, जिसका उद्देश्य वोटों का बंटवारा करना और भाजपा की संभावनाओं को नुकसान पहुंचाना है।
कृष्णेंदु मुखर्जी ने कहा कि यह मतदाताओं को भ्रमित करने और चुनावी समीकरण प्रभावित करने की कोशिश है, लेकिन ऐसी रणनीतियां सफल नहीं होंगी। कृष्णेंदु मुखर्जी ने भरोसा जताया कि आसनसोल उत्तर के मतदाता पूरी तरह जागरूक हैं और वे केवल नाम नहीं, बल्कि पार्टी, विचारधारा और चुनाव चिह्न के आधार पर सही निर्णय लेंगे। उन्होंने व्यंग्य करते हुए यह भी कहा कि लगता है ‘कृष्णेंदु’ नाम इतना लोकप्रिय हो गया है कि लोग इसे अपनाने लगे हैं।
चुनाव पर पड़ता है असर
राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक भारतीय चुनावों में इस तरह की रणनीति पहले भी देखी गई है, जहां समान या मिलते-जुलते नाम वाले उम्मीदवारों को मैदान में उतारकर वोटरों को भ्रमित करने की कोशिश की जाती है। खासकर उन क्षेत्रों में यह अधिक प्रभावी माना जाता है, जहां मतदाता पहचान के लिए नाम पर ज्यादा निर्भर रहते हैं। जैसे-जैसे मतदान की तारीख नजदीक आ रही है, ‘तीन कृष्णेंदु’ का यह मामला स्थानीय राजनीति से लेकर व्यापक चुनावी चर्चा का अहम विषय बन गया है।
पश्चिम बंगाल भाजपा ने आसनसोल उत्तर से कृष्णेंदु मुखर्जी को टिकट दिया है। वहीं निर्दलीय उम्मीदवार कृष्णेंदु चटर्जी और कृष्णेंदु मुखोपाध्याय भी मैदान में हैं। एक जैसे नामों की मौजूदगी ने चुनाव को खासा चर्चित बना दिया है और मतदाताओं के बीच संभावित भ्रम को लेकर सवाल भी खड़े कर दिए हैं।
(यह भी पढ़ें- बंगाल चुनाव में मुस्लिम बहुल क्षेत्रों पर क्यों मंडरा रहा SIR का खतरा?)
बंगाल विधानसभा चुनाव में मुस्लिम बहुल क्षेत्र में SIR एक बड़ा मुद्दा बन गया है। टीएमसी भी इसको लेकर केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर हमलावर है। पढ़ें पूरी खबर
