पश्चिम बंगाल की राजनीति में भवानीपुर विधानसभा सीट का महत्त्व काफी अधिक है। यह केवल एक विधानसभा क्षेत्र नहीं, बल्कि वह राजनीतिक सफर है जो राज्य में कांग्रेस के लंबे प्रभुत्व से लेकर तृणमूल कांग्रेस के गढ़ बनने तक के बदलाव को साफ तौर पर दर्शाता है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का राजनीतिक गढ़ मानी जाने वाली भवानीपुर सीट हमेशा से तृणमूल कांग्रेस की पहचान नहीं रही।

कांग्रेस का गढ़ रही भवानीपुर विधानसभा

पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धार्थ शंकर रे ने इस सीट से कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में और बाद में निर्दलीय के तौर पर चुनाव जीता। कांग्रेस के अन्य दिग्गज नेताओं जैसे मीरा दत्ता गुप्ता और रथिन तालुकदार ने भी इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया, जिससे भवानीपुर कांग्रेस का प्रमुख शहरी गढ़ बन गया। कई वर्षों तक यह सीट कांग्रेस के प्रभाव में रही। वामपंथी दल केवल 1969 में थोड़े समय के लिए यहां जीत हासिल कर सके, जब इस सीट का नाम बदलकर कालीघाट विधानसभा क्षेत्र कर दिया गया था। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीएम) के नेता साधन गुप्ता ने बांग्ला कांग्रेस और माकपा की संयुक्त मोर्चा की दूसरी सरकार के दौरान यह सीट जीती। साधन गुप्ता 1953 में भारत के पहले दृष्टिहीन सांसद बने थे।

2011 से टीएमसी का कब्ज़ा

भवानीपुर सीट 1972 में परिसीमन के बाद चुनावी नक्शे से ही गायब हो गयी। 2011 के परिसीमन के दौरान यह सीट दोबारा अस्तित्व में आयी। इस समय पश्चिम बंगाल की राजनीति भी बड़े बदलाव के दौर से गुजर रही थी। उसी साल वाम मोर्चा के 34 साल के शासन का अंत हुआ और ममता बनर्जी का दौर शुरू हुआ। नए सिरे से बनी भवानीपुर सीट जल्द ही तृणमूल के उभार से जुड़ गई।

ममता बनर्जी ने 2011 के पहले चुनाव में अपने करीबी सहयोगी सुब्रत बक्शी को इस सीट से उम्मीदवार बनाया। सुब्रत बक्शी ने 64 प्रतिशत से अधिक वोट हासिल कर सीपीएम के नारायण जैन को करीब 50,000 वोट से हराया और भवानीपुर को तृणमूल का मजबूत गढ़ बना दिया। इसके बाद सुब्रत बक्शी ने सीट छोड़ दी ताकि तृणमूल की भारी जीत के बाद मुख्यमंत्री बनीं ममता बनर्जी उपचुनाव के जरिए विधानसभा में जा सकें। ममता बनर्जी ने करीब 77 प्रतिशत वोट हासिल कर सीपीएम की नंदिनी मुखर्जी को 54,000 से अधिक मतों से हराया और भवानीपुर में अपना मजबूत राजनीतिक आधार स्थापित किया। तब से यह सीट तृणमूल के कब्जे में बनी हुई है।

‘भवानीपुर का ममता पर भरोसा’

कोलकाता के महापौर और मंत्री फिरहाद हाकिम ने पीटीआई से कहा, ”भवानीपुर हमारे लिए सिर्फ एक सीट नहीं है। यह वह जगह है जहां लोगों ने ममता बनर्जी की विकास और समावेश की राजनीति पर बार-बार भरोसा जताया है।”

सालों से भवानीपुर में कई हाई-प्रोफाइल मुकाबले हुए, लेकिन नतीजा नहीं बदला। वर्ष 2016 के विधानसभा चुनाव में वाम दलों और कांग्रेस ने गठबंधन कर वरिष्ठ कांग्रेस नेता दीपा दासमुंशी को ममता बनर्जी के खिलाफ उतारा। इस मुकाबले को ‘दीदी बनाम बौदी’ के रूप में पेश किया गया। ममता बनर्जी ने 65,520 वोट हासिल कर दीपा दासमुंशी (40,219 वोट) को आसानी से हराया। भाजपा के चंद्र कुमार बोस तीसरे स्थान पर रहे, जो नेताजी सुभाष चंद्र बोस के परिवार से ताल्लुक रखते हैं।

नंदीग्राम से हारने के बाद भवानीपुर आईं ममता

पांच साल बाद 2021 के विधानसभा चुनाव में ममता बनर्जी ने नंदीग्राम से चुनाव लड़ने का फैसला किया, जहां उनका मुकाबला उनके पूर्व सहयोगी सुवेंदु अधिकारी से हुआ। भवानीपुर से तृणमूल ने शोवनदेव चट्टोपाध्याय को उम्मीदवार बनाया, जबकि भाजपा ने अभिनेता रुद्रनील घोष को मैदान में उतारा। रुद्रनील घोष को 44,786 वोट मिले, जो इस सीट पर किसी विपक्षी उम्मीदवार को अब तक मिले सबसे ज्यादा वोट थे लेकिन वह 28,000 से अधिक वोटों से हार गए। उसी साल यह सीट और अधिक महत्वपूर्ण हो गई।

नंदीग्राम में सुवेंदु अधिकारी से 1,956 वोटों से हारने के बाद ममता बनर्जी को मुख्यमंत्री बने रहने के लिए उपचुनाव जीतना जरूरी था। एक बार फिर भवानीपुर केंद्र में आया। शोवनदेव चट्टोपाध्याय ने सीट खाली की और ममता बनर्जी ने भाजपा की प्रियंका टिबरेवाल के खिलाफ उपचुनाव लड़ा। ममता बनर्जी ने 58,000 से अधिक वोटों के अंतर और लगभग 72 प्रतिशत मतों के साथ जीत हासिल की।

क्या है भवानीपुर का समीकरण?

भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र कोलकाता नगर निगम के वार्डों से बना है जो दक्षिण कोलकाता की सामाजिक विविधता को दर्शाता है। यहां बंगाली मध्यमवर्गीय इलाकों के साथ बड़ी संख्या में हिंदी भाषी व्यापारी समुदाय भी रहते हैं। इस क्षेत्र में प्रसिद्ध कालीघाट मंदिर भी स्थित है, जो कोलकाता के प्रमुख धार्मिक स्थलों में से एक है और यहीं ममता बनर्जी का आवास भी है। अनुमान के अनुसार यहां लगभग 42 प्रतिशत मतदाता बंगाली हिंदू, 34 प्रतिशत गैर-बंगाली हिंदू और करीब 24 प्रतिशत मुस्लिम हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यह सामाजिक मिश्रण ममता बनर्जी की शहरी जनवादी राजनीति के अनुकूल रहा है।

राजनीतिक विश्लेषक विश्वनाथ चक्रवर्ती ने कहा, ”भवानीपुर दक्षिण कोलकाता की बहुसांस्कृतिक पहचान को दर्शाता है। ममता बनर्जी ने यहां समुदायों से परे एक व्यक्तिगत जुड़ाव बनाया है।” जैसे-जैसे 2026 के विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहे हैं, भवानीपुर एक बार फिर राजनीतिक केंद्र में है। संभावना है कि ममता बनर्जी इसी सीट से चुनाव लड़ेंगी, जबकि भाजपा ने उनके खिलाफ नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी को मैदान में उतारा है, जिन्होंने 2021 में नंदीग्राम में उन्हें हराया था। इस मुकाबले ने इस सीट की राजनीतिक कहानी में एक नया नाटकीय मोड़ जोड़ दिया है। भवानीपुर में ममता बनर्जी को चुनौती देकर भाजपा इस सीट को मनोवैज्ञानिक युद्ध का मैदान बनाना चाहती है।”

SIR के दौरान कटे 47,000 से अधिक नाम

मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया ने भी इस सीट को लेकर राजनीतिक बहस को तेज कर दिया है। भवानीपुर में मतदाता सूची से 47,000 से अधिक नाम हटाए गए हैं, जबकि 14,000 से अधिक मतदाता वेरिफिकेशन के अधीन हैं। भाजपा नेता सुकांत मजूमदार ने कहा, ”पश्चिम बंगाल में समय बदल चुका है। जो सीटें कभी अजेय मानी जाती थीं, वे अब चुनौती का सामना कर रही हैं और भवानीपुर भी इसका अपवाद नहीं होगा।”

(यह भी पढ़ें- 30 साल बाद बंगाल विधानसभा में लौटने की तैयारी कर रहे अधीर रंजन चौधरी)

बंगाल कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और सांसद रहे अधीर रंजन चौधरी ने भी चुनाव लड़ने का ऐलान किया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अधीर रंजन चौधरी ने शुक्रवार को कहा कि वह लगभग तीन दशकों के अंतराल के बाद विधानसभा चुनाव लड़ने को तैयार हैं। पढ़ें पूरी खबर