बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले गृह मंत्री अमित शाह ने कोलकाता में बंगाल की टीएमसी सरकार के खिलाफ चार्जशीट जारी की है। कोलकाता में अमित शाह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित किया और उनके निशाने पर राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनकी सरकार रही। अमित शाह ने कहा कि बंगाल ही एकमात्र ऐसा राज्य है, जहां से घुसपैठिए एंट्री करते हैं और पूरे देश में अशांति फैलाते हैं।
‘पूरे देश की सुरक्षा एक प्रकार से बंगाल के चुनाव के साथ जुड़ी’
अमित शाह ने कहा, “बंगाल में चुनाव की घोषणा हो चुकी है। भाजपा के सभी कार्यकर्ता हमारे प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में बंगाल में भाजपा की सरकार बनाने के लिए बड़े आत्मविश्वास के साथ चुनावी मैदान में उतरे हैं। हमारे विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी जी ने भी चुनाव से पहले ही पूरे बंगाल का दौरा कर, बंगाल में फैली अव्यवस्था, अराजकता, आर्थिक बदहाली और विशेषकर घुसपैठ के मुद्दे को जन-जन तक पहुंचाने का काम किया। बंगाल का चुनाव बंगाल के साथ-साथ पूरे देश के लिए महत्वपूर्ण है। पूरे देश की सुरक्षा एक प्रकार से बंगाल के चुनाव के साथ जुड़ी है।”
घुसपैठ को लेकर अमित शाह ने कहा, “असम में भाजपा सरकार बनने के बाद असम से घुसपैठ लगभग समाप्त हो गई है। अब एक ही रास्ता बचा है, जहां से पूरे देश में घुसपैठिए फैलते हैं और देश की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करते हैं। आज हम टीएमसी सरकार के 15 साल के शासन के खिलाफ चार्जशीट लेकर आए हैं।यह चार्जशीट बंगाल की जनता की ममता बनर्जी सरकार के खिलाफ लगाई हुई है, जिसे भाजपा एक आवाज दे रही है। एक प्रकार से आने वाले चुनाव में बंगाल की जनता को तय करना है कि भय को चुनना है या भरोसे को चुनना है। यह चार्जशीट, टीएमसी सरकार के 15 वर्षों के काले कारनामों का संकलन है। सोनार बांग्ला का स्वप्न दिखाकर सिंडिकेट राज स्थापित कर बंगाल की जनता का शोषण करने वाले शासन की कहानी है। टीएमसी के कुशासन में बंगाल भ्रष्टाचार की प्रयोगशाला बन चुका है। ऊपर से नीचे तक आपराधिक सिंडिकेट जनता को परेशान कर रहे हैं। विकास के अभाव में बंगाल उद्योग के लिए एक प्रकार से कब्रिस्तान बन चुका है। इस बार बंगाल की जनता ने तय किया है कि प्रचंड बहुमत के साथ प्रदेश में भाजपा की सरकार बनाई जाएगी।”
6 मई को पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनेगी- अमित शाह
अमित शाह ने दावा करते हुए कहा, “6 मई को पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनेगी और 45 दिन में सीमा पर बाड़ लगाने के लिए जो भूमि उपलब्ध करानी है, वह भारत सरकार को बंगाल की भाजपा सरकार उपलब्ध करा देगी और हम घुसपैठ को रोकेंगे।”
ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए अमित शाह ने कहा कि बंगाल की जनता को यह जानना चाहिए कि ममता बनर्जी ने ओबीसी श्रेणी में 77 समुदायों को शामिल किया है, जिनमें से 75 मुस्लिम समुदाय हैं। उन्होंने पूछा कि क्या अब कोई अन्य समुदाय बचा ही नहीं है? क्या अब ओबीसी का निर्धारण धर्म के आधार पर होगा? अमित शाह ने कहा कि यह सिलसिला ज्यादा दिन नहीं चलेगा। उन्होंने कहा कि ढेर सारी भर्तियों में जो घोटाले हुए, उनमें कई युवाओं की उम्र सीमा समाप्त हो चुकी है। हम इसमें 5 साल का रिलैक्सेशन देंगे, और जिन युवाओं की भर्ती के लिए उम्र सीमा समाप्त हो चुकी है, उन्हें SSC भर्तियों में मौका भी देंगे, साथ ही पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित करेंगे।
(यह भी पढ़ें- ‘देश में हर नागरिक के लिए समान कानून हो’, अमित शाह बोले- यह बीजेपी की प्राथमिकता और संकल्प)
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को गुजरात में भी यूसीसी लागू होने की जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड के बाद अब गुजरात में भी समान नागरिक संहिता (UCC) विधेयक पारित कर दिया गया है। पढ़ें पूरी खबर
