West Bengal News: ईद की नमाज के बाद रेड रोड कार्यक्रम में शामिल होकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने मतदाता सूची से नाम हटाए जाने की प्रक्रिया का भी विरोध किया। सीएम ने कहा कि केंद्र सरकार हमारी सरकार को जबरदस्ती नियंत्रित करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि हम प्रधानमंत्री मोदी को अपने अधिकार छीनने नहीं देंगे।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा, “SIR में लोगों के नाम हटा दिए गए। इसके लिए मैं कोलकाता से दिल्ली, कलकत्ता हाई कोर्ट से सुप्रीम कोर्ट तक गई। मुझे उम्मीद है कि लोगों के अधिकारों की रक्षा की जाएगी। मैं बंगाल में सभी के साथ, सभी जातियों, समुदायों और धर्मों के साथ खड़ी हूं। मैं यह लड़ाई जारी रखूंगी। हम मोदी जी को अपने अधिकार छीनने नहीं देंगे। आप हमारी सरकार को जबरदस्ती नियंत्रित करने की कोशिश कर रहे हैं, आप राष्ट्रपति शासन थोपना चाहते हैं। फिर भी, हम डरेंगे नहीं। जो डरते हैं, वो मरते हैं। जो लड़ते हैं, वो जिंदगी में कामयाब होते हैं। बीजेपी चोरों और गुंडों की पार्टी है, गद्दारों की पार्टी है। ऐसे गद्दार भी हैं जो वोटों को बांटने के लिए बीजेपी से पैसे लेते हैं। उनसे मैं कहूंगी, मुद्दई लाख बुरा चाहे तो क्या होता है, वही होता है जो मंजूरे खुदा होता है।”
बीजेपी को हटाना है और देश की रक्षा करनी है- ममता बनर्जी
सीएम ममता बनर्जी ने कहा, “सरफरोशी की तमन्ना अब हमारे दिल में है, देखना है जोर कितना बाज़ू-ए-क़ातिल में है। अल्लाह आपका भला करे। भारत और बंगाल की समृद्धि हो। जो लोग बंगाल को निशाना बनाते हैं, वे नरक में जा सकते हैं। खुदी को कर बुलंद इतना कि हर तकदीर से पहले, खुदा बंदे से खुद पूछे, बता तेरी रजा क्या है। हमारा एक ही इरादा है। बीजेपी को हटाना और देश की रक्षा करना।”
मैं आपके त्योहारों में शामिल होऊंगा- अभिषेक बनर्जी
वहीं टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी ने कहा, “मैं आपके त्योहारों में शामिल होऊंगा और आप मेरे त्योहारों में शामिल होंगे, यही बंगाल की संस्कृति है। रमजान में राम हैं और दिवाली में अली। ईद मनाने के लिए हम जिस चांद को देखते हैं, करवा चौथ मनाने के लिए भी उसी चांद को देखते हैं। जो लोग सोचते हैं कि वे नाम मिटा देंगे, लोगों को बेघर कर देंगे और उन्हें देश से बाहर निकाल देंगे, कि वे भाइयों को आपस में लड़ा देंगे, उनसे मैं कहूंगा कि कोई भी नहीं डरेगा। राहत इंदोरी ने कहा था – किराएदार हैं ज़ाती मकान थोड़ी है, सभी का ख़ून है शामिल यहाँ की मिट्टी में, किसी के बाप का हिन्दोस्तान थोड़ी है। यह देश जितना तुम्हारा है उतना ही मेरा है।”
सांसद अभिषेक बनर्जी ने आगे कहा, “जो लोग हिंदुओं और मुसलमानों को आपस में भड़काते हैं और युद्ध छेड़ते हैं, वे चाहे जितनी कोशिश कर लें, बंगाल का भाईचारा बरकरार रहेगा। एक कहता है, हिंदू खतरे में हैं। दूसरा कहता है, मुसलमान खतरे में हैं। उनसे मैं यही कहूंगा अपने धार्मिक चश्मे उतार दो, पूरा भारत खतरे में है।”
बंगाल में कितने चरणों में होगा चुनाव?
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की 294 सीटों पर दो चरणों में चुनाव होना है। पहले चरण में 23 अप्रैल को 152 सीटों पर और दूसरे चरण में 29 अप्रैल को 142 सीटों पर मतदान होना है। राज्य में होने जा रहे चुनाव में मुख्य मुकाबला सत्ताधारी टीएमसी और बीजेपी के बीच है। दोनों ही दल अपने ज्यादातर प्रत्याशियों की घोषणा कर चुके हैं। बीजेपी और टीएमसी के अलावा पश्चिम बंगाल में वामदल और कांग्रेस पार्टी भी चुनाव मैदान में हैं। कुछ सीटों पर छोटे दलों का भी प्रभाव है। पढ़ें पूरी खबर…
