West Bengal Election 2026: पश्चिम बंगाल के भवानीपुर में चुनावी रैली के दौरान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अपनी जनसभा को बीच में ही रोक दिया और नाराजगी जाहिर करते हुए मंच से उतर गईं। वजह थी भारतीय जनता पार्टी की रैली से आ रहा शोर। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि वे जानबूझकर झगड़ा करने की कोशिश कर रहे हैं। वे आसपास शोर मचा रहे हैं ताकि मैं सभा न कर सकूं।

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा, “माताओं, बहनों और भाइयों, कृपया मुझे क्षमा करें। मैं कल इस क्षेत्र में रैली निकालूंगी। मैं इस तरह का बेशर्म व्यवहार नहीं कर सकती। यह बहुत अपमानजनक और शर्मनाक है। मंच छोड़ने से पहले मैं आप सभी से माफी मांगती हूं।”

सीएम ममता बनर्जी ने कहा, “यह सब ऐसे ही नहीं चल सकता। हमने रैली करने के लिए आधिकारिक अनुमति ली थी। वे (भाजपा) ऐसा क्यों करेंगे? चुनाव के कुछ नियम और कानून होते हैं। अगर वे ऐसा कर सकते हैं, तो टीएमसी कार्यकर्ता भी (भाजपा की रैलियों के पास) लाउडस्पीकर लगा देंगे। अगर पुलिस लाउडस्पीकर हटाने आती है, तो महिलाओं को शिकायत दर्ज कराने के लिए कहें।”

टीएमसी और बीजेपी कार्यकर्ताओं के बीच बहस

सीएम ममता बनर्जी के जाने के बाद गुस्साए टीएमसी कार्यकर्ता विरोध प्रदर्शन करने के लिए अधिकारी की रैली की ओर बढ़े। इससे दोनों पक्षों के समर्थकों के बीच तीखी बहस छिड़ गई। हालात तेजी से बिगड़ गए और इसके बाद सुरक्षाबलों को हस्तक्षेप करना पड़ा और व्यवस्था बहाल करनी पड़ी।

बीजेपी ने बोला हमला

भारतीय जनता पार्टी के नेता अमित मालवीय ने भी इस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए घटना का एक वीडियो शेयर किया। उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “ममता बनर्जी भाजपा के लाउडस्पीकर से आ रही तेज आवाज का हवाला देते हुए मंच से चली गईं। जब नेता अपना संयम खोने लगते हैं, तो अक्सर यह गहरी चिंता को दर्शाता है। क्या यह आसन्न हार की आहट है।”

भवानीपुर सीट पर किस-किस के बीच मुकाबला

बता दें कि भवानीपुर को टीएमसी का गढ़ और मौजूदा मुख्यमंत्री और पार्टी अध्यक्ष बनर्जी का गृह क्षेत्र माना जाता है। वह भवानीपुर के कालीघाट में रहती हैं और लगातार तीन बार इस सीट से जीत चुकी हैं। वहीं, भारतीय जनता पार्टी ने बनर्जी को चुनौती देने के लिए अपने दिग्गज उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी को मैदान में उतारा है। अधिकारी ने 2021 में पूर्वी मिदनापुर के नंदीग्राम में बनर्जी को 1,956 वोटों से हराया था। बाद में, बनर्जी ने भवानीपुर में उपचुनाव जीतकर तीसरी बार मुख्यमंत्री का पद हासिल किया।

ममता दीदी नहीं उनके समर्थकों से डर रहे है लोग

बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए दूसरे चरण की वोटिंग 29 अप्रैल को है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सत्ता में एक बार फिर से वापसी के लिए पूरा जोर लगा रही हैं वहीं बीजेपी बंगाल में पहली बार सत्ता हासिल करना चाहती है। वोटिंग से पहले ही मतदाता गहन पुनरीक्षण (SIR) और वोटर लिस्ट से हटाए गए नाम को लेकर भाजपा और टीएमसी में काफी घमासान हुआ। टीएमसी और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी आरोप लगाती हैं कि बीजेपी चुनाव आयोग को कंट्रोल करती है। बंगाल में ऐसा पहली बार हो रहा है कि इतनी बड़ी संख्या में सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है। पढ़ें पूरी खबर…