बंगाल विधानसभा चुनाव से ठीक पहले हुमायूं कबीर को बड़ा झटका लगा है। असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM ने हुमायूं कबीर की पार्टी से गठबंधन तोड़ लिया है। टीएमसी ने एक वीडियो जारी किया जिसमें कथित तौर पर हुमायूं कबीर 1000 करोड़ की डील की बात कर रहे हैं। हुमायूं कबीर की पार्टी का नाम ‘आम जनता उन्नयन पार्टी’ है। हालांकि हुमायूं कबीर ने वीडियो को फर्जी और एआई जेनरेटेड बताया है।
टीएमसी ने जारी किया वीडियो
टीएमसी नेताओं ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस किया जिसमें एक वीडियो जारी किया। इस वीडियो में कथित तौर पर हुमायूं कबीर किसी से कह रहे हैं, “हजार करोड़ रुपये आएंगे। बाबरी मस्जिद बनेगी या नहीं, ये छोड़ो। मुसलमान बहुत भोले हैं, उन्हें बेवकूफ बनाना बहुत आसान है।”
AIMIM ने तोड़ा गठबंधन
असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी मजलिस (AIMIM) ने X पर एक पोस्ट में लिखा, “हुमायूं कबीर के खुलासों ने बंगाल के मुसलमानों की असुरक्षा को उजागर किया है। AIMIM ऐसे किसी भी बयान से खुद को नहीं जोड़ सकती जिससे मुसलमानों की गरिमा पर सवाल उठे। आज से AIMIM ने कबीर की पार्टी से अपना गठबंधन वापस ले लिया है। बंगाल के मुसलमान सबसे गरीब, उपेक्षित और शोषित समुदायों में से एक हैं। दशकों के धर्मनिरपेक्ष शासन के बावजूद उनके लिए कुछ नहीं किया गया है। किसी भी राज्य में चुनाव लड़ने के संबंध में AIMIM की नीति यही है कि हाशिए पर पड़े समुदायों को एक स्वतंत्र राजनीतिक आवाज मिले। हम बंगाल चुनाव स्वतंत्र रूप से लड़ेंगे और आगे किसी भी पार्टी के साथ हमारा कोई गठबंधन नहीं होगा।”
टीएमसी प्रवक्ता कुणाल घोष ने आरोप लगाया कि सूत्रों से पता चला कि हुमायूं कबीर और बीजेपी के बीच हजार करोड़ रुपये की डील हुई है। उन्होंने दावा किया कि इसमें प्रधानमंत्री कार्यालय भी शामिल है। वहीं टीएमसी के बड़े नेता फिरहाद हकीम ने कहा कि हुमायूं कबीर मस्जिद की भावना को बेच रहे हैं और अब ईडी को नोटिस देना चाहिए।
हुमायूं कबीर ने क्या कहा?
वहीं टीएमसी के आरोपों के बाद हुमायूं कबीर ने वीडियो को फर्जी बताया है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा से उनकी आखिरी बार 2019 में मुलाकात हुई थी। इसके बाद से कोई संपर्क नहीं है। हुमायूं कबीर ने टीएमसी को चुनौती दी कि अगर 2019 के बाद उनके किसी भी भाजपा नेता के साथ कोई फोटो या वीडियो हो तो सामने लाएं। हुमायूं कबीर ने कहा कि ममता बनर्जी, अभिषेक बनर्जी, कुणाल घोष और फ़िरहाद हकीम ने मिलकर साजिश रची है। उन्होंने कहा कि यह लोग मुझसे सीधे नहीं लड़ सकते इसलिए एआई का सहारा ले रहे हैं। हुमायूं कबीर ने कोर्ट में मानहानि का मुकदमा करने की भी धमकी दी है।
(यह भी पढ़ें- पीएम मोदी बोले- टीएमसी नेता मुझसे दुश्मनी रखते)
पीएम मोदी ने टीएमसी और सीएम ममता बनर्जी पर जमकर निशाना साधा। प्रधानमंत्री ने कहा कि खराब मौसम के बावजूद हल्दिया रैली में लोगों की भारी उपस्थिति बंगाल में बदलाव का संकेत है, जो बताता है कि तृणमूल कांग्रेस सत्ता से बाहर हो जाएगी। पढ़ें पूरी खबर
