पश्चिम बंगाल में अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशियों के खिलाफ सरकार ने कार्रवाई शुरू कर दी है। पश्चिम बंगाल की भाजपा सरकार की ‘पहचानो, हटाओ और वापस भेजो’ की नीति के तहत कार्रवाई की जा रही है। इसका असर अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशियों में साफ दिखाई दे रहा है। उत्तर 24 परगना और मालदा से जो वीडियो सामने आ रहे हैं, उसमें साफ दिख रहा है कि अवैध रूप से रह रहे बांग्लादेशियों में डर है।
शुभेंदु अधिकारी ने दी चेतावनी
उत्तर 24 परगना के बशीरहाट सब डिवीजन में स्थित हकीमपुर चेकपॉइंट पर अवैध बांग्लादेशियों की भीड़ है। यह भीड़ वापस बांग्लादेश लौटना चाहती है। बॉर्डर पर जुटी भीड़ से बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि जल्दी-जल्दी भागो। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बांग्लादेशियों को उनके देश जल्द भेजा जाए। शुभेंदु अधिकारी ने कहा हम जेल में उन्हें खाना नहीं खिलाना चाहते, हम उन पर पैसे क्यों बर्बाद करें? शुभेंदु अधिकारी ने आगे कहा कि अन्नपूर्णा भंडार के फॉर्म जारी करेंगे।
भाजपा विधायक ने टीएमसी पर साधा निशाना
हाकिमपुर सीमा पर अवैध बांग्लादेशी प्रवासियों के जमावड़े पर भाजपा विधायक बिशाल लामा ने कहा, “पिछली सरकार ने अवैध बांग्लादेशियों और रोहिंग्याओं को शरण दी थी क्योंकि वे उनके वोट बैंक थे। अब उन्हें पता चल गया है कि बिना उचित दस्तावेजों के किसी देश में प्रवेश करने की क्या कीमत होती है। कई ऐसे लोग जिनके नाम एसआईआर में हटा दिए गए थे, अब भाग रहे हैं या उन्हें निर्वासित किया जा रहा है। जांच से ऐसे कई और लोग सामने आएंगे जिन्हें पिछली सरकार ने शरण दी थी। पहले टीएमसी चुनाव में धांधली करती थी, वोटों की लूट करती थी, जनता को मुश्किल से ही अपनी शर्तों पर वोट डालने का मौका मिलता था।”
अवैध बांग्लादेशी प्रवासियों के लिए हिरासत केंद्र ही एकमात्र जगह- भाजपा सांसद
अवैध बांग्लादेशी प्रवासियों पर भाजपा सांसद खागेन मुर्मू ने कहा, “अवैध बांग्लादेशी प्रवासियों के लिए हिरासत केंद्र ही एकमात्र जगह हैं। भाजपा के घोषणापत्र में भी यही कहा गया था कि भारत में घुसपैठियों के लिए कोई जगह नहीं है। कुछ भाग गए हैं, कुछ को निर्वासित कर दिया गया है और कुछ अभी भी छिपे हुए हैं। हम उन सभी को ढूंढ निकालेंगे। उन सभी को हिरासत केंद्रों में रखा जाएगा और फिर सरकार आगे की कार्रवाई तय करेगी। पार्टी और सरकार एक नहीं हैं। टीएमसी के विपरीत, भाजपा सरकारी कार्यों में बाधा नहीं डालेगी। केंद्र सरकार की प्राथमिकता देश की सुरक्षा सुनिश्चित करना है, इसीलिए बंगाल की सीमाओं पर बाड़ लगाने का काम चल रहा है, जो पिछले 15 वर्षों से रुका हुआ था।”
(यह भी पढ़ें- मनोज कुमार अग्रवाल को बनाया गया बंगाल का मुख्य सचिव तो भड़की TMC)
मनोज कुमार अग्रवाल को राज्य का नया मुख्य सचिव नियुक्त करने के बाद TMC ने बीजेपी पर निशाना साधा। तृणमूल नेता साकेत गोखले ने इस कदम को बेशर्मी की हद करार दिया और पार्टी सांसद डेरेक ओ’ब्रायन ने मजाकिया लहजे में इसे संयोग बताया। पढ़ें पूरी खबर
