Chandranth Rath Murder Case: पश्चिम बंगाल के सीएम शुभेंदु अधिकारी के करीबी चंद्रनाथ रथ की हत्या की जांच अब CBI करेगी। राज्य सरकार की सिफारिश के बाद सीबीआई ने मध्यमग्राम थाने में दर्ज एफआईआर को दोबारा रजिस्टर कर मामले की जांच अपने हाथ में ले ली है।
इस हाई-प्रोफाइल केस की जांच के लिए CBI ने 7 सदस्यीय विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है। टीम का नेतृत्व दिल्ली सीबीआई के DIG पंकज सिंह करेंगे। बताया जा रहा है कि टीम जल्द ही कोलकाता पहुंचकर क्राइम सीन का दौरा करेगी और जांच प्रक्रिया शुरू करेगी।
CBI की इस SIT में अलग-अलग यूनिट्स के अनुभवी अधिकारियों को शामिल किया गया है। टीम में दिल्ली CBI के एसपी सुभाष चंद्र कुंडू और अनिल कुमार यादव, धनबाद CBI के डीएसपी विकास पाठक, पटना CBI के डीएसपी अमित कुमार, रांची एसीबी के डीएसपी कुलदीप और लखनऊ एसीबी के इंस्पेक्टर विवेक श्रीवास्तव शामिल हैं। यह SIT कोलकाता CBI के जॉइंट डायरेक्टर की निगरानी में काम करेगी। जांच में स्थानीय CBI अधिकारियों की भी मदद ली जाएगी ताकि केस के हर पहलू की गहन पड़ताल की जा सके।
इससे पहले पश्चिम बंगाल पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए CBI जांच की सिफारिश की थी। अब केंद्रीय एजेंसी के हाथ में जांच जाने के बाद इस केस में बड़े खुलासों की उम्मीद जताई जा रही है।
घर जाते वक्त चंद्रनाथ रथ की हत्या
आपको बता दें कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दो दिन बाद ही शुभेंदु अधिकारी के पीए और चंद्रनाथ रथ की उत्तर 24 परगना जिले में उस समय हत्या कर दी गई थी जब वह अपने घर मध्यमग्राम की तरफ जा रहे थे। बाइक सवार हमलावरों ने उनकी गाड़ी का पीछा किया, उसे रुकने पर मजबूर किया और फिर रात करीब 10:30 बजे सार्वजनिक रूप से ताबड़तोड़ फायरिंग कर फरार हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोहरिया जंक्शन के पास डोलतला इलाके में पहले एक चारपहिया वाहन ने रथ की कार को रोका। इसके बाद एक मोटरसाइकिल सवार उनकी गाड़ी के पास पहुंचा और गोलियां चलानी शुरू कर दीं।
तीन आरोपी गिरफ्तार
इससे पहले सोमवार को उत्तर प्रदेश और बिहार में कैंप कर रही विशेष जांच टीम (SIT) ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में एक कथित शार्पशूटर भी शामिल है। तीनों आरोपियों को रविवार देर रात कोलकाता लाया गया और बारासात कोर्ट में पेश किया गया। अदालत ने उन्हें 24 मई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
सीआईडी के अनुसार, ”6 मई को मध्यमग्राम में हुई चंद्रनाथ रथ की निर्मम हत्या के मामले में अब तक तीन संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है। विशेष सुरागों के आधार पर बिहार के बक्सर से मयंक राज मिश्रा और विक्की मौर्य को हिरासत में लिया गया जबकि तीसरे आरोपी राज सिंह को रविवार को उत्तर प्रदेश के बलिया से पकड़ा गया। पूछताछ के बाद तीनों को सोमवार सुबह मध्यमग्राम थाने की पुलिस ने औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया।”
